कारोबार
रायपुर, 21 मार्च। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि ट्रांसपोर्ट व्यवस्था एवं ट्रैफिक समस्या के समाधान को लेकर प्रशासन एवं व्यापारिक संगठनों के बीच संवाद की प्रक्रिया निरंतर जारी है।
श्री पारवानी ने बताया कि इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा व्यापारियों से बेहतर एवं व्यवहारिक सुझाव आमंत्रित किए जाने के परिप्रेक्ष्य में विभिन्न व्यापारी संघों के प्रतिनिधियों ने संबंधित क्षेत्रों का संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण (भ्रमण) किया। इस दौरान व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्टेशन रोड, तेलघानी नाका, भैंसथान, गुढियारी, अग्रसेन चौक, प्रभात टॉकीज, संजय गांधी चौक, नहरपारा सहित प्रमुख ट्रांसपोर्ट एवं बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण कर ट्रैफिक व्यवस्था, माल बुकिंग, लोडिंग-अनलोडिंग एवं आवागमन की वास्तविक स्थिति का गहन अवलोकन किया।
श्री पारवानी ने बताया कि निरीक्षण उपरांत व्यापारी संगठनों द्वारा विस्तृत चर्चा कर सुझाव तैयार किए गए, जिन्हें प्रशासन को प्रस्तुत किया जाएगा। व्यापारी संगठनों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन एवं व्यापारियों के समन्वय से ऐसा संतुलित समाधान अवश्य निकलेगा, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। तथा आम नागरिकों को भी जाम से राहत मिलेगी एवं व्यापारिक गतिविधियाँ भी सुचारू रूप से संचालित होती रहेंगी।


