कारोबार
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की आकांक्षा को मुख्यमंत्री ने सौंपी सिएरा
रायपुर, 15 मार्च। टाटा मोटर्स के छत्तीसगढ़ के एक प्रतिष्ठित डीलर नेशनल गैरेज के एमडी शशांक शाह ने बताया कि भारत के सबसे बड़े औद्योगिक समूहों में से एक, टाटा मोटर्स ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप में ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाते हुए टीम के प्रत्येक सदस्य को अपनी प्रतिष्ठित और प्रीमियम एसयूवी टाटा सिएरा भेंट करने की घोषणा की थी। इसी कड़ी में आज नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एक गरिमामयी समारोह आयोजित किया गया।
श्री शाह ने बताया कि खेलों और खिलाडिय़ों को सदैव प्रोत्साहित करने वाले प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी ने आज अपने कर-कमलों से छत्तीसगढ़ की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट सुश्री आकांक्षा सत्यवंशी को 20 लाख से अधिक मूल्य की टाटा सिएरा की चाबियाँ सौंपी। मुख्यमंत्री जी, जिन्होंने पूर्व में ही आकांक्षा को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए 10 लाख की प्रोत्साहन राशि से पुरस्कृत किया था, ने इस अवसर पर आकांक्षा और उनके पति को अपनी शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
श्री शाह ने बताया कि आकांक्षा सत्यवंशी ने अपनी कड़ी मेहनत और विशेषज्ञता के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम में महत्वपूर्ण स्थान बनाया है। विश्व कप के दौरान खिलाडिय़ों की फिटनेस और प्रदर्शन को बनाए रखने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है, जिससे उन्होंने न केवल खेल जगत बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।टाटा मोटर्स ने इस विशेष वितरण के लिए क्षेत्र के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित डीलर नेशनल गैरेज को चुना। नेशनल गैरेज के प्रबंध निदेशक श्री शशांक शाह, जिनका टाटा मोटर्स के साथ 25 वर्षों का गौरवशाली और अटूट संबंध रहा है, इस अवसर पर सपरिवार उपस्थित थे।
श्री शाह ने बताया कि मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस गौरवशाली समारोह में नेशनल गैरेज के ज्वाइंट एमडी श्री तनय शाह, जीएम सुनीता पुरोहित, एजीएम बीरेंद्र सिंह, सुवेश कुमार (एरिया मैनेजर, टाटा मोटर्स), रचना तिवारी, अलका साहू, सुनीता सिंह, हरीश साहू, जीएम सर्विस संतोष सत्पथी और सर्विस कोऑर्डिनेटर कुलवंत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
श्री शाह ने बताया कि मुख्यमंत्री निवास पर आधिकारिक चाबी सौंपने के पश्चात, यह उत्सव टाटीबंध स्थित नेशनल गैरेज शोरूम में और भी भव्य रूप में तब्दील हो गया । यहाँ चेयरमेन श्री हीरालाल शाह एवं शाह परिवार की सभी महिलाओं और नेशनल गैरेज की टीम ने आकांक्षा सत्यवंशी का भव्य स्वागत किया। लेडी ऑफ म्यूजिक की मधुर धुनों, केक कटिंग और आतिशबाजी के बीच आकांक्षा को वाहन की डिलीवरी दी गई।
श्री शाह ने बताया कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम टाटा मोटर्स के इस सम्मान को प्रदेश की बेटी तक पहुँचाने का माध्यम बने।