कारोबार
रायपुर, 13 मार्च। केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) ने बताया कि रसायन और पेट्रोरसायन विभाग, रसायन और उर्वरक मंत्रालय, भारत सरकार, एक राष्ट्रीय स्वायत्त संस्था है। सिपेट केंद्र की स्थापना 2015 में रायपुर के भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र में की गई थी, जिसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ में प्लास्टिक उद्योगों को तकनीकी सहायता प्रदान करना, इन उद्योगों के लिए आवश्यक कुशल जनशक्ति विकसित करना और अनुसंधान एवं विकास कार्यों में सहायता करना है। सिपेट आईएसओ 9001: 2015 मानक से प्रमाणित है और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद द्वारा अनुमोदित प्लास्टिक इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम चलाए जाते हैं।
सिपेट ने बताया कि पाठ्यक्रम करने वाले सभी विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के दौरान ही नौकरी मिल जाती है। सिपेट में प्रवेश पाने के लिए हर साल अखिल भारतीय स्तर पर सिपेट प्रवेश परीक्षा (सीएटी) आयोजित की जाती है, जिसमें मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाता है। पाठ्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के उपरांत छात्र विभिन्न नामित कंपनियों में अच्छे वेतन पर कार्य कर रहे हैं जैसे — रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, टाटा ऑटो कंपोनेंट लिमिटेड पुणे, सनराइज टैंक प्राइवेट लिमिटेड रायपुर, वेक्टस पाइप्स एंड टैंक रायपुर, प्रगति पाइप्स इंडस्ट्रीज रायपुर, ओरी प्लास्ट इंडस्ट्रीज लिमिटेड, जिंदल पॉली फिल्म्स लिमिटेड, सुप्रीम पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड मुंबई, फिनोलेक्स इंडस्ट्रीज पुणे, अभिजीत इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड गुजरात, डिक्सकॉन टेक्नोलॉजीज इंडिया लिमिटेड, सिम्प्लेक्स इंजीनियरिंग भिलाई, योकोहामा ऑफ हाइवे टायर्स गुजरात, एवीआई ग्लोबल प्लास्ट प्राइवेट लिमिटेड दमन, सीएएम टूल्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड पुणे आदि।
सिपेट ने बताया कि शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है तथा सिपेट प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण सिपेट की वेबसाइट पर शुरू हो गया है। प्रवेश परीक्षा दिनांक 07 जून 2026 को आयोजित की जाएगी तथा परीक्षा के लिए आवेदन पत्र दिनांक 28.05.2026 तक ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत किए जा सकेंगे। सभी छात्र जो इस वर्ष 10वीं, डिप्लोमा एवं बी.एससी. (अंतिम वर्ष) की परीक्षा में सम्मिलित हुए हैं, वे परीक्षा परिणाम की प्रतीक्षा किए बिना प्रवेश परीक्षा हेतु आवेदन पत्र भर सकते हैं।
सिपेट ने बताया कि सिपेट के प्रधान निदेशक एवं प्रमुख डॉ. आलोक साहू ने आशा व्यक्त की है कि सभी पात्र छात्र इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएंगे।