कारोबार
कलिंगा विवि की पहल
रायपुर, 10 मार्च। कलिंगा विश्वविद्यालय ने बताया कि आईईईई वूमेन इन इंजीनियरिंग (डब्ल्यूआईई) मध्य प्रदेश सेक्शन तथा आईईईई कलिंगा विश्वविद्यालय छात्र शाखा के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को डब्ल्यू ई स्मृति 3.0 पत्रिका का ऑनलाइन शुभारंभ किया गया।
विश्वविद्यालय ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ आईईईई कलिंगा विश्वविद्यालय छात्र शाखा के अध्यक्ष श्री पियूष श्रीवास्तव के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आईईईई तथा आईईईई वूमेन इन इंजीनियरिंग (डब्ल्यूआईई) संगठन महिलाओं को अभियांत्रिकी, विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ नेतृत्व और नवाचार के अवसर भी प्रदान करते हैं।
विश्वविद्यालय ने बताया कि इस अवसर पर आईईईई कलिंगा विश्वविद्यालय छात्र शाखा वूमेन इन इंजीनियरिंग एफिनिटी समूह की अध्यक्ष सुश्री सिम्पी कुमारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे मंच महिलाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उन्हें तकनीकी और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करते हैं।
विश्वविद्यालय ने बताया कि डब्ल्यू ई स्मृति पत्रिका, जिसका अर्थ स्मरण, अनुभव और चिंतन है, एक ऐसा मंच प्रदान करती है जहाँ विभिन्न पृष्ठभूमियों से जुड़े लोग अपने विचार और अनुभव साझा कर सकते हैं। इस संस्करण में स्वस्थ जीवन, तनाव प्रबंधन, सकारात्मकता, रचनात्मक चिंतन तथा मे आवर्स (स्वयं के लिए समय) जैसे विषयों पर लेख शामिल किए गए हैं।