कारोबार

सिपेट के शैक्षणिक भ्रमण में पीएम श्री आत्मानंद स्कूल विद्यार्थी विज्ञान एवं तकनीक से हुए प्रभावित
08-Mar-2026 3:58 PM
सिपेट के शैक्षणिक भ्रमण में पीएम श्री आत्मानंद स्कूल विद्यार्थी विज्ञान एवं तकनीक से हुए प्रभावित

रायपुर,  8 मार्च।  सिपेट ने बताया कि पीएम श्री स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट इंग्लिश मीडियम स्कूल केशकाल, जिला कोंडागांव से 8 शिक्षक और 153 विद्यार्थी 6 मार्च, 2026 को सीपेट रायपुर का एक दिवसीय भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य प्लास्टिक इंजीनियरिंग में कैरियर के बारे में जानकारी प्राप्त करना था।पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय के विद्यार्थियों ने सिपेट, रायपुर का शैक्षणिक भ्रमण के दौरान  प्लास्टिक इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी से जुड़ी आधुनिक मशीनों और प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया तथा उद्योगों में उपयोग होने वाली तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

 सिपेट ने बताया कि सिपेट के विशेषज्ञों ने छात्रों को प्लास्टिक निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं, मोल्डिंग तकनीक, परीक्षण प्रयोगशाला, टूल रूम एवं प्रोसेसिंग विभाग की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों ने इंजेक्शन मोल्डिंग मशीन, ब्लो मोल्डिंग और अन्य आधुनिक उपकरणों को कार्य करते हुए देखा, जिससे उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाई जाने वाली विषय-वस्तु को व्यवहारिक रूप में समझने का अवसर मिलता है और उनके भीतर विज्ञान एवं तकनीकी के प्रति रुचि बढ़ती है।

 सिपेट ने बताया कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और नई तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। अंत में सिपेट प्रबंधन द्वारा छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया और उन्हें मेहनत तथा नवाचार के महत्व के बारे में बताया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सिपेट रायपुर के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम दूर-दराज के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


अन्य पोस्ट