कारोबार

65 प्रतिष्ठित विधि महाविद्यालयों में प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबला, एचएनएलयू देशभर के शीर्ष 9 में पहुंचा
17-Feb-2026 2:37 PM
65 प्रतिष्ठित विधि महाविद्यालयों में प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबला, एचएनएलयू देशभर के शीर्ष 9 में पहुंचा

अमरीका में विश्व मूट कोर्ट प्रतियोगिता 2026 में करेगा भारत का प्रतिनिधित्व

 

रायपुर, 17 फरवरी। हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), रायपुर ने बताया कि  यह घोषणा करते हुए अत्यंत गर्व हो रहा है कि उसकी मूटिंग टीम ने जिंदल ग्लोबल लॉ स्कूल में आयोजित 67वीं फिलिप सी. जेसप अंतरराष्ट्रीय विधि मूट कोर्ट प्रतियोगिता, 2026 के इंडिया क्वालिफाइंग राउंड्स में चैंपियन का खिताब हासिल किया है।

एचएनएलयू ने बताया कि देशभर के 65 प्रतिष्ठित विधि महाविद्यालयों के बीच अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले में एचएनएलयू ने शीर्ष 9 टीमों में स्थान बनाने के बाद अंतत: चैम्पियनशिप जीतकर विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि अर्जित की। यह ऐतिहासिक विजय मूटिंग और सार्वजनिक अंतरराष्ट्रीय विधि के क्षेत्र में एचएनएलयू की उत्कृष्टता की दीर्घ परंपरा की पुनर्पुष्टि करती है।

एचएनएलयू ने बताया कि विजेता टीम-गुरनिश-पाँचवाँ वर्ष, कुशिका कुमारी -चौथा वर्ष, अनाहिता पांडा-तीसरा वर्ष, कशिश मल्होत्रा- दूसरा वर्ष। इस शानदार सफलता के साथ एचएनएलयू की टीम को वाशिंगटन डी.सी. में आयोजित विश्व राउंड्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त हुआ है, जहाँ वे विश्व की अग्रणी विधि संस्थाओं से प्रतिस्पर्धा करेंगे।

कुलपति प्रो. वी. सी. विवेकानंदन ने बताया कि एचएनएलयू राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मूट प्रतियोगिताओं में अग्रणी टीम के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार दूसरी बार क्वालिफायर जीतना विश्वविद्यालय के युवा मूटर्स के लिए अत्यंत प्रेरणादायक उपलब्धि है।


अन्य पोस्ट