कारोबार

एकता, संगठन और उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने के उद्देश्य से प्रदेश स्तरीय सिक्ख सम्मेलन
17-Feb-2026 2:36 PM
एकता, संगठन और उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने के उद्देश्य से प्रदेश स्तरीय सिक्ख सम्मेलन

जरूरतमंद सिक्ख परिवारों को मिलेगी नि:शुल्क इलाज

रायपुर, 17 फरवरी। छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेशाध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने बताया कि समाज की एकता, संगठन एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने के उद्देश्य से प्रदेश स्तरीय विशाल सिक्ख सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रदेश भर की गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के प्रधान-सचिव, धार्मिक प्रचार संस्थाओं के पदाधिकारी, महिला विंग, युवा प्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मेलन में समाज के युवाओं की शिक्षा एवं उच्च शिक्षा, नौकरी - रोजगार और व्यापार की संभावनाएँ, शासन-प्रशासन में भागीदारी, समाज की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, विवाह योग्य युवक-युवतियों के रिश्ते एवं उनसे जुड़ी कठिनाइयाँ तथा समाज के सर्वांगीण विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-मंथन किया गया।

श्री सिंघोत्रा ने बताया कि पूर्व विधायक कुलदीप सिंह जुनेजा ने अपने उद्बोधन में समाज के लिए स्कूल, अस्पताल, राजधानी में बाहर से पढऩे आने वाले बच्चों के लिए हॉस्टल, कम्युनिटी हॉल एवं लाइब्रेरी स्थापित करने के सुझाव दिए तथा छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा युवाओं की उच्च शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। समाज के संरक्षक देवेंद्र सिंह सिब्बल ने घोषणा की कि प्रदेश के किसी भी गुरुद्वारे के लेटर पैड पर लिखवाकर लाने वाले जरूरतमंद सिक्ख परिवारों को रायपुर के मेड लाइफ हॉस्पिटल में निशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।

 

श्री सिंघोत्रा ने बताया कि बसना गुरुद्वारा के प्रधान जसवंत सिंह सलूजा ने प्रदेश में सिक्खों की केंद्रीय कमेटी बनाने का सुझाव दिया,  गुरुद्वारों में चुनाव के स्थान पर सर्वसम्मति से अध्यक्ष नियुक्ति की परंपरा विकसित हो। भाटापारा गुरुद्वारा के अध्यक्ष अरुण छाबड़ा ने पिछले छह वर्षों से संचालित निशुल्क एंबुलेंस सेवा का उल्लेख करते हुए सभी गुरुद्वारों में ऐसी व्यवस्था शुरू करने का प्रस्ताव रखा।

श्री सिंघोत्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ सिख संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दलजीत सिंह चावला ने शिक्षा और स्वास्थ्य सहयोग के लिए चलाए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी, उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सिख संगठन द्वारा जरूरतमंदों के लिए शिक्षा एवं दवाई का लंगर कई वर्षों से चलाया जा रहा है और भविष्य में छत्तीसगढ़ सिख समाज की मंशा अनुसार समाज हित में और भी कार्य करेंगे।


अन्य पोस्ट