कारोबार
नि:शुल्क जांच, जागरूकता और वॉकाथॉन से रामकृष्ण केयर ने मनाया विश्व कैंसर दिवस
रायपुर, 5 फरवरी। विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल द्वारा 3 और 4 फरवरी को कैंसर जागरूकता और सामुदायिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस क्रम में 3 फरवरी को रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल परिसर में नि:शुल्क ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किया गया, जिसका नेतृत्व डॉ. रवि जायसवाल सिनियर कंसल्टेंट, आंकोलॉजिस्टिक ने किया। इस नि:शुल्क जांच शिविर में कुल 150 मरीजों ने ब्रेस्ट कैंसर जांच की सुविधा का लाभ लिया।
डॉ. जायसवाल ने बताया कि 4 फरवरी को अस्पताल द्वारा कैंसर जागरूकता वॉकाथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें अस्पताल के स्टाफ ,नर्सिंग टीम एवं कैंसर वॉरियर्स को मिलकर लगभग 600-700 लोगों ने भाग लिया। इस वॉकाथॉन का उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना तथा समय पर जांच और इलाज के महत्व को रेखांकित करना था। वॉकाथॉन के बाद कैंसर सर्वाइवर मीट का आयोजन किया गया, जिसमें कैंसर से जंग जीत चुके कैंसर वॉरियर्स ने भाग लिया। सर्वाइवर्स ने डॉक्टरों के साथ संवाद किया और अपने इलाज के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उपचार के बाद वे दोबारा सामान्य जीवन में लौटे और जीवन के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. जायसवाल ने बताया कि इस अवसर पर डॉ.रवी जायसवाल ने कहा, ब्रेस्ट कैंसर आज महिलाओं में तेजी से बढ़ती हुई एक गंभीर बीमारी बनता जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी चुनौती यह है कि शुरुआती लक्षणों को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। यदि समय रहते स्क्रीनिंग और जांच कराई जाए, तो ब्रेस्ट कैंसर का इलाज शुरुआती चरण में संभव है। नियमित जांच न केवल बीमारी की पहचान में मदद करती है, बल्कि मरीजों को बेहतर और प्रभावी उपचार का अवसर भी देती है।


