कारोबार

चार साहिबजादों की शहादत के सप्ताह पर सिख समाज ने लगाया गरम दूध का लंगर
22-Dec-2025 2:17 PM
चार साहिबजादों की शहादत के सप्ताह पर सिख समाज ने लगाया गरम दूध का लंगर

रायपुर, 22 दिसंबर। छत्तीसगढ़ सिख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने बताया कि धर्म, सत्य और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने सर्वस्व का बलिदान देने वाले सिख गुरुओं की अमर परंपरा को स्मरण करते हुए चार साहिबजादों की शहादत सप्ताह के अवसर पर छत्तीसगढ़ सिख समाज द्वारा गरम दूध का लंगर लगाकर मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

श्री सिंघोत्रा ने बताया कि यह लंगर केवल सेवा नहीं, बल्कि उन महान बलिदानों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने भारत की आत्मा को अक्षुण्ण रखने के लिए हँसते-हँसते प्राण न्यौछावर कर दिए। शहादत सप्ताह के अंतर्गत लगाए गए इस गरम दूध के लंगर का लाभ हजारों नागरिकों ने लिया। लंगर वितरण के दौरान समाज के सेवादारों ने उपस्थित लोगों को सिख इतिहास की उस करुण, परंतु गौरवशाली गाथा से अवगत कराया, जब धर्म की रक्षा के लिए नन्हे साहिबजादों ने मृत्यु को भी पराजित कर दिया।

श्री सिंघोत्रा ने बताया कि सेवादारों ने बताया कि दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादे—साहिबजादा जोरावर सिंह जी और साहिबजादा फतेह सिंह जी—जब सरहिंद की ठंडी हवाओं में अपनी दादी माता गुजरी जी के साथ किले में बंद थे, तब मोतीराम मेहरा ने मानवता और देश-प्रेम की अद्वितीय मिसाल प्रस्तुत की। भारी ठंड में तीन दिनों तक पहरेदारों को रिश्वत देकर वह चोरी-छिपे बच्चों को गरम दूध पिलाते रहे। जब यह बात नवाब वजीर खान को ज्ञात हुई, तो मोतीराम मेहरा सहित उनके पूरे परिवार को कोल्हू में पिसवाकर निर्मम मृत्यु दे दी गई। यह इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है।


अन्य पोस्ट