कारोबार
रायपुर, 13 दिसंबर। युवा कारोबारी को सशक्त बनाने और प्रदेश में उद्यमिता के नए अवसरों को पंख देने के उद्देश्य से युवा टीम पूरे प्रदेश में एक विस्तृत श्रृंखला के रूप में बिजऩेस मीट एवं स्टार्टअप कार्यशालाओं का आयोजन करेगी । इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को बेहतर व्यापारिक ज्ञान, आधुनिक बिजऩेस मॉडल्स, डिजिटल टूल्स, वित्तीय प्रबंधन, ब्रांडिंग, मार्केटिंग एवं स्टार्टअप लॉन्चिंग प्रक्रियाओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान करना है।
युवा कैट के प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल एवं प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह ने बताया कि बदलते आर्थिक परिदृश्य में व्यापार के तौर-तरीके लगातार विकसित हो रहे हैं। ऐसे में युवाओं को सही प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे अपने कौशल और विचारों को सफल उद्यमों में बदल सकें। इसी क्रम में प्रत्येक जि़ले में टार्गेटेड बिजऩेस मीट, मेंटोर सेशन, स्टार्टअप पिचिंग, एवं नेटवर्किंग प्लेटफ़ॉर्म तैयार किए जा रहे हैं।
श्री पटेल एवं श्री सिंह ने बताया कि कार्यक्रमों के माध्यम से: युवा उद्यमियों को अनुभवी व्यापारियों एवं विशेषज्ञों से संवाद करने का अवसर मिलेगा। नए स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन, संसाधन एवं बाज़ार तक पहुँच बनाने में सहायता मिलेगी।