कारोबार

छग सिक्ख समाज ने शहीदों के सम्मान में रायपुर भगत सिंह चौक पर लहराया तिरंगा
16-Aug-2025 3:21 PM
छग सिक्ख समाज ने शहीदों के सम्मान में रायपुर भगत सिंह चौक पर लहराया तिरंगा

रायपुर, 16 अगस्त। छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने बताया कि रायपुर के हृदयस्थल शहीद भगत सिंह चौक ने आज एक ऐतिहासिक क्षण देखा, जब स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पहली बार तिरंगा शान से लहराया गया।

श्री सिंघोत्रा ने बताया कि देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदे-आज़म सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्री सिंघोत्रा ने बताया कि कार्यक्रम में समाज के सभी लोग हाथों में तिरंगा थामे भारत माता की जय, वंदे मातरम, शहीद भगत सिंह अमर रहें, राजगुरु-सुखदेव अमर रहें के गगनभेदी नारे लगाते हुए एकजुट हुए। वातावरण में देशभक्ति का जोश और बलिदान की स्मृति गूंज रही थी। यह पहला अवसर था जब छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज ने शहीदों की इस पावन धरती को राष्ट्रध्वज से अलंकृत कर उनके अमर बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

श्री सिंघोत्रा ने बताया कि इस ऐतिहासिक पल के साक्षी रहे  वरिष्ठ समाजसेवी सुरजीत सिंह छाबड़ा, मनजीत सिंह भाटिया, जागीर सिंह बावा, गुरमीत सिंह टोनी तथा दशमेश सेवा सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ढिल्लन।

श्री सिंघोत्रा ने बताया कि यह आयोजन न केवल शहीदों की स्मृति को अमर करता है, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को उनके त्याग, साहस और देशभक्ति के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित भी करेगा।


अन्य पोस्ट