कारोबार
रायपुर, 10 अगस्त। पीवीआर कंप्यूटर शिक्षा के द्वारा महिलाओं के लिए महिला स्वास्थ्य एवं कल्याण सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को उनके शारीरिक, मानसिक और प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था।
इस कार्यक्रम की मुख्य वक्ता रहीं डॉ. विनीता सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ, एम्स रायपुर एवं आरओजीएस कार्यकारी सदस्य, जिन्होंने उपस्थित महिलाओं को प्रजनन स्वास्थ्य, हार्मोनल असंतुलन, पोषण, मासिक धर्म संबंधी समस्याएं आदि विषयों पर वैज्ञानिक तथ्यों और सरल भाषा में उपयोगी जानकारी प्रदान की। उन्होंने यह भी बताया कि स्वस्थ शरीर ही आत्मनिर्भर महिला की पहचान है।
कार्यक्रम में जेसी श्रद्धा नायक (प्रशिक्षक एवं मोटिवेशनल स्पीकर) ने भी अपनी प्रेरणादायक उपस्थिति दर्ज कराई और महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली, आत्म-विश्वास और समय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेरित किया। इस सत्र में 14 से 35 वर्ष की उम्र की 40 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अपने व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी सवाल खुले मन से पूछे और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के बाद प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ अपनी संतुष्टि व्यक्त की और भविष्य में भी इस प्रकार के सत्रों की मांग की।
इस सफल आयोजन के पीछे सबसे बड़ा योगदान रहा पीवीआर कंप्यूटर शिक्षा के डायरेक्टर श्री पी. वेंकट राव जी का, जिनके मार्गदर्शन, सक्रिय सहयोग एवं दूरदर्शिता से यह कार्यक्रम सम्भव हो सका। उन्होंने न केवल इस सत्र की संकल्पना की, बल्कि आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा सुनिश्चित कर यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक महिला तक सही जानकारी पहुंचे। पीवीआर कंप्यूटर शिक्षा सदैव तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और जनहित विषयों पर भी अग्रसर रहा है। यह आयोजन उसी श्रृंखला की एक सशक्त कड़ी था।


