कारोबार
ब्रह्माकुमारीज द्वारा मोटिवेशनल सेमीनार
रायपुर, 6 मई। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय ने बताया कि चौबे कालोनी में आयोजित प्रेरणा समर कैम्प के दूसरे दिन मोटिवेशनल स्पीकर इन्जीनियर बी. एन. राव ने बच्चों के मन में गणित के प्रति रूचि पैदा करते हुए बहुत ही सरलता के साथ उनकी कठिनाईयों का समाधान किया।
विश्वविद्यालय ने बताया कि इन्जीनियर बी. एन. राव ने कहा कि गणित जैसा आसान कोई दूसरा विषय नहीं है। गणित का भय अपने मन से निकाल दें। गणित के अधिकांश आविष्कार हमारे देश में हुए किन्तु यहाँ पर गणित को उतना महत्व नहीं दिया जाता है जितना कि अमेरिका आदि देशों में दिया जाता है। इन्जीनियरिंग कर लेना महत्वपूर्ण नहीं है लेकिन आप कितने बड़े गणितज्ञ बनकर निकलते हैं यह बात अधिक महत्व रखता है।
विश्वविद्यालय ने बताया कि उन्होंने कहा कि इतिहास को आप रट सकते हो लेकिन गणित को नहीं रट सकते। उसे समझकर हल करना पड़ता है। गणित एकमात्र ऐसा विषय है जिसमें पूरे नम्बर प्राप्त किए जा सकते हैं। हमारे देश में कई महान गणितज्ञ हुए हैं जिन्होंने देश का नाम रोशन किया है। इस देश के महान गणितज्ञों ने वर्षों पहले धरती से सूर्य के बीच की दूरी को गणना करके बतला दिया था। यहाँके बच्चे अन्य देशों की अपेक्षा गणित में होशियार होते हैं। अमेरिका में यह हालत है कि वहाँ के बच्चे बिना केलकुलेटर के छोटी मोटी गणना भी नहीं कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय ने बताया कि उन्होंने राईट ब्रेन को एक्टिवेट करने के लिए बच्चों को अभ्यास बतलाया कि मार्निंग में एक से सौ तक की गिनती गिनना और बाद में उसे उल्टे क्रम में अर्थात सौ से एक तक गिनकर अभ्यास करना। यदि दोनों गणना में एक बराबर समय लगता है तो इसका मतलब है कि आपका राईट ब्रेन जागृत हो चुका है। ब्रेन का यही हिस्सा गणना करने का कार्य करता है। इसलिए गणित में होशियार इन्जीनियर बी. एन. राव ने बतलाया कि पढ़ाई के लिए मानसिक शान्ति जरूरी है।