कारोबार

रायपुर, 28 दिसंबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साहित्य विचार और सम्मान का आयोजन प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरूण साव के मुख्य आतिथ्य में 28 दिसंबर को आयोजित होने जा रहा है। एशियन न्यूज और न्यूज प्लस 21 द्वारा प्रदेश के इतिहास में पहली बार साहित्य जगत को लेकर इस तरह का भव्य और अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
एशियन न्यूज और न्यूज प्लस के इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा सहित रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू शिरकत करेंगे। सिंघानिया सरोवर पोर्टिको में 28 दिसंबर 2024 को दोपहर 3 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के मूर्धन्य साहित्यकारों को आमंत्रित किया गया है। साहित्य की विभिन्न विधाओं में ख्यातिलब्ध विद्वानों की उपस्थिति इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगा।
साहित्य विचार और सम्मान पर आयोजित इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि प्रदेश के जिन मूर्धन्य साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा, उनका चयन निष्पक्ष तौर पर गठित ज्यूरी सदस्यों के माध्यम से किया गया है। आयोजनकर्ता एशियन न्यूज और न्यूज प्लस 21 ने साहित्य की कुल 28 विधाओं में साहित्यकारों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इस कार्यक्रम में बतौर सहयोगी जीविका होम्योपैथ, डॉ. त्रिवेदी होम्योपैथी की भूमिका काफी अहम है। इस आयोजन के लिए प्रदेश के साहित्यकारों ने एशियन न्यूज और न्यूज प्लस 21 की प्रशंसा करते हुए अपनी उपस्थिति सुनिश्चित की है, तो राजधानी पत्रकार जगत ने भी मौजूदगी के लिए सहमति जताई है।