कारोबार

बालको उन्नति महोत्सव में विशिष्ट उपलब्धियों पर महिलाएं सम्मानित
17-Mar-2022 1:52 PM
बालको उन्नति महोत्सव में विशिष्ट उपलब्धियों पर महिलाएं सम्मानित

बालकोनगर, 17 मार्च। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने विश्व महिला दिवस-2022 के अवसर पर सामुदायिक विकास कार्यक्रम की उन्नति परियोजना के अंतर्गत उन्नति महोत्सव आयोजित किया। बालको गठित महिला स्वयं सहायता समूहों की लगभग 500 प्रतिभागियों की उपस्थिति में 9 महिलाओं और 4 किशोरी बालिकाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपने योगदान से राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है। बालकोनगर के मितान भवन परिसर में जिला प्रशासन के सहयोग से तथा बालको की सामुदायिक विकास परियोजनाओं के अनेक स्टॉल लगाए गए जिनके माध्यम से महिलाओं को संतुलित खानपान, स्वच्छता, स्वास्थ्य संरक्षण और विधिक अधिकारों से परिचित कराया गया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में महिलाओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।
 
कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा की सुश्री अमिता श्रीवास, कबीरधाम की सुश्री अंकिता गुप्ता और रायपुर की सुश्री तुलिका पांडेय को अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट योगदान के लिए बालको की ओर से सम्मानित किया गया। अमिता और अंकिता अंतरराष्ट्रीय स्तर की पर्वतारोही हैं तथा छत्तीसगढ़ शासन की ओर से छत्तीसगढ़ वीरता पुरस्कार से सम्मानित की जा चुकी हैं। तुलिका को कृषि उपकरणों के निर्माण एवं व्यवसाय के क्षेत्र में अनेक पुरस्कार मिल चुके हैं। इसके साथ ही कोरबा के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों की 10 महिलाओं को उद्यमिता, स्वास्थ्य जागरूकता, कौशल विकास आदि क्षेत्रों में उपलब्धियों के लिए बालको ने सम्मानित किया। पुरस्कृत महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बालको के योगदान को उत्कृष्ट बताया।
 
महिलाओं ने यह भी बताया कि बालको की मदद से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव हुए हैं। खुद आत्मनिर्भर होकर वे परिवार की मदद करने में सक्षम हुई हैं। अनेक सामाजिक मिथकों और कुरीतियों को समाप्त करने में उनकी सक्रिय भागीदारी है।

अन्य पोस्ट