बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 3 जून। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की नगर इकाई के अध्यक्ष लक्ष्मी साहू के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जनदर्शन के दौरान कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नगर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बाजारों में आ रही विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं की ओर ध्यानाकर्षण कराते हुए कलेक्टर को एक मांग पत्र सौंपा।
व्यापारियों ने बताया कि हाल ही में नगर के कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आगजनी की घटनाएं हुई हैं। वर्तमान में फायर स्टेशन नगर से लगभग 8 किलोमीटर दूर है और पानी की आपूर्ति की दूरी 15 किलोमीटर है, जिससे समय पर सहायता मिलने में कठिनाई होती है। चेंबर ने मांग की है कि फायर स्टेशन को बलौदाबाजार नगर क्षेत्र के भीतर स्थापित किया जाए और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए नगर पालिका द्वारा तत्काल टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नगर में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए सभी प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं। इसके साथ ही बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और मवेशी बाजार (भैंसा पसरा), पुराना बस स्टैंड व रामसागर तालाब जैसे संवेदनशील इलाकों में पुलिस चौकी या अतिरिक्त बल तैनात करने की मांग की गई है।
बाजार में सुगम आवागमन के लिए तीन प्रमुख सुझाव दिए गए हैं, जिसमें मवेशी बाजार के बाउंड्रीवाल वाले क्षेत्र को पार्किंग जोन के रूप में विकसित किया जाए। सब्जी विक्रेताओं को पूर्व में निर्मित दो शेड वाले चबूतरे पर विधिवत व्यवस्थित किया जाए। मुख्य मार्ग से ठेले और अस्थाई शेड को हटाकर सडक़ के किनारे छोटे वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाए, ताकि ग्राहकों को परेशानी न हो।
चेंबर ऑफ कॉमर्स ने व्यापारियों, ग्राहकों और शासन-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए बाजार के समीप भूमि और भवन उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके अतिरिक्त, शहर के व्यापार विस्तार के लिए थोक व्यापार हेतु पृथक जगह आवंटित करने का भी आग्रह किया गया है।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष लक्ष्मी साहू ने बताया कि इन समस्याओं के संबंध में पूर्व अध्यक्ष जुगल भट्टर एवं सदस्यों द्वारा पूर्व में भी राजस्व मंत्री व स्थानीय विधायक टंकराम वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन और तत्कालीन कलेक्टर दीपक सोनी को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अवगत कराया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन के बाद भी इस विषय में ज्ञापन सौंपकर चर्चा की गई थी, परंतु अब तक प्रशासन से केवल आश्वासन ही प्राप्त हुआ है, कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि व्यापारियों की व्यावहारिक समस्याओं को देखते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाएगा।
कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री शिवप्रकाश तिवारी, उपाध्यक्ष उमेश अग्रवाल, पीयूष मिश्रा, कोषाध्यक्ष लक्ष्मेंद्र अग्रवाल, मुख्य सलाहकार अभिषेक तिवारी और शिवम सतीश साहू सहित संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


