बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 18 मई। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों तथा महंगाई के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक पेट्रोल पंप के पास प्रदर्शन किया। इसके बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर विधायक इंद्र साव ने कहा कि वर्ष 2014 से देश में महंगाई में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढऩे का असर केवल वाहन मालिकों पर नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग, व्यापारियों, महिलाओं और किसानों पर पड़ता है। पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढऩे से मालवाहक वाहनों का किराया बढ़ता है, जिससे वस्तुओं की लागत बढ़ जाती है और आम जनता को अधिक कीमतों पर सामान खरीदना पड़ता है।
विधायक ने आगे कहा कि नीतियों के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि और आपूर्ति में संकट की स्थिति बनी है, जिससे आवश्यक वस्तुओं के दाम भी बढ़ रहे हैं। डीजल की कमी के कारण किसानों को कृषि कार्य में कठिनाई हो रही है। उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया कि वे जनहित और किसानों की समस्या को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम करने तथा पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु राज्य शासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल के संकट और बढ़े हुए मूल्यों को वापस लेने की मांग को लेकर नारेबाजी की और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा, सतीश अग्रवाल,गणेश ध्रुव अजय ठाकुर चन्द्र शेखर चक्रधारी,चंद्रकांत खूंटे, देवनारायण बांधे, सत्यनारायण जोशी,अय्यूब बांठिया,ओमप्रकाश यदु,संजय बघेल शेषनारायण यदु,प्रमेंद्र तिवारी,उमाशंकर गुप्ता लक्ष्मी पांडे,दीपक वर्मा, राजेंद्र शर्मा,मनमोहन कुर्रे मोहन निषाद संतोष अग्रवाल सचिन्द शर्मा, शैलेन्द्र अहिरवार,राजेश जगवानी संजय टंडन विजय महिलांगे, कृष्णा टंडन,गिरीश पारप्याणी,अमर सिंह साहू, दिलीप साहू,कुंजू साहू,निर्मल कुर्रे,धनंजय कुर्रे,किशोर रोहरा,शशांक बंजारे,प्रमोद बागवानी, गिरिराज चावड़ा, सहित काफी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।


