बलौदा बाजार

महिला से रेप, अधेड़ आरोपी गिरफ्तार
27-Feb-2026 4:49 PM
महिला से रेप, अधेड़ आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 27 फरवरी। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी थाना क्षेत्र में रेप का एक गंभीर मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के बाद घर से निकली महिला को मदद का भरोसा देकर सूनसान स्थान पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप एक 53 वर्षीय व्यक्ति पर लगा है। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह घटना 24 फरवरी की रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, पीडि़ता ने 25 फरवरी को थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी की रात महिला का अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई।

बताया जा रहा है कि वह पारसाभदेर की ओर जाना चाहती थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने उसे पहुंचाने का भरोसा दिया और सूनसान जगह का फायदा उठाकर उसके साथ रेप किया। आरोप है कि घटना के बाद उसने किसी को भी इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला की शिकायत पर पलारी थाना में अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2) और 351(2) के अंतर्गत दर्ज किया गया है।

पीडि़ता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। आरोपी का भी मेडिकल परीक्षण किया गया। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पलारी थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने कहा कि महिला की लिखित शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। प्राथमिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि पीडि़ता और आरोपी दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट