बलौदा बाजार
दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 18 फरवरी। सम्राट फुटबाल क्लब के तत्वावधान में दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का समापन हुआ,जिसमें रायगढ़ की टीम विजेता और भाटापारा की टीम उप विजेता रही। इस समापन अवसर पर विधायक इंद्र साव ने खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया।
नगर के माता देवालय स्थित सर्कस मैदान में दो दिवसीय सेवन ए साइड फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आये टीम ने हिस्सा लिया। रायगढ़ एवं भाटापारा के बीच रोमांचक फाइनल मुकाबला हुआ जिसमें रायगढ़ की टीम पेनाल्टी शूट आउट में तीन- दो से विजेता रहे एवं भाटापारा की टीम उपविजेता रही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक इंद्र साव ने कहा कि नगर में लगभग आठ वर्ष बाद फुटबाल खेल यहां देखने को मिल रहा है। राज्य स्तरीय यह आयोजन युवाओं क़ो खेल के क्षेत्र मे प्रेरणा के साथ खेल प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात भी है। इस आयोजन से भाटापारा गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि यह खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं तथा फुटबॉल का यह खेल अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि आज जब सब तरफ क्रिकेट का बुखार छाया हुआ है तो वही फुटबॉल के इस खेल की दीवानगी भी नगर में कम नहीं है,जिसके लिए आयोजक गण नि: संदेह रूप से बधाई के पात्र है। इस दौरान उन्होंने फाइनल मैच का शुभारंभ फुटबॉल को किक मारकर किया गया। मैच के दौरान खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने तालियों से खूब सराहा। श्री साव ने विजेता एवं उप विजेता टीम को नगद राशि,शील्ड एवं मेडल पहनाकर खिलाडिय़ों क़ो सम्मानित किया। इस अवसर पर मंच पर विधायक श्री साव के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता ईश्वर सिंह ठाकुर, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा, बाबूजी फाउंडेशन के तोरन दास साहू उपस्थित थे।


