बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 4 जनवरी। कांग्रेस विधायक इन्द्र साव ने कहा है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसी भी समाज के प्रति अमर्यादित टिप्पणी नहीं करते और वे सभी समाजों का सम्मान करते हैं। उन्होंने यह बात प्रेस को जारी बयान में कही।
विधायक इन्द्र साव ने कहा कि भूपेश बघेल के बिलासपुर के लिंगियाडीह प्रवास के दौरान दिए गए भाषण में ऐसा कोई शब्द नहीं था, जिससे किसी समाज की भावना आहत हो। उनके अनुसार, पूरा भाषण देखने और सुनने के बाद यह स्पष्ट होता है कि उसमें किसी जाति, धर्म या संप्रदाय का उल्लेख नहीं किया गया।
उन्होंने उप मुख्यमंत्री अरुण साव पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे साहू समाज को लेकर राजनीति कर रहे हैं। विधायक साव के अनुसार, यह विषय राजनीतिक है और इसे सामाजिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री को अपनी पार्टी की राजनीति करनी चाहिए और समाज को राजनीति में नहीं घसीटना चाहिए।
विधायक इन्द्र साव ने यह भी कहा कि लिंगियाडीह में दिए गए भाषण में भूपेश बघेल ने एक जंगल की कहानी का उल्लेख किया था, जिसे लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है।
साहू समाज के कांग्रेस विधायकों का पत्र
इस बीच, कांग्रेस पार्टी से जुड़े साहू समाज के विधायकों ने साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष को एक पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि उप मुख्यमंत्री अरुण साव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़ा मामला पूरी तरह राजनीतिक है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप होते रहते हैं और समाज के लोग विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े होते हैं। विधायकों ने आग्रह किया है कि समाज को राजनीतिक विवादों से दूर रखा जाए और जिला अध्यक्षों को भेजे गए पत्र पर पुनर्विचार किया जाए, ताकि सामाजिक संतुलन बना रहे।


