बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 16 सितंबर। शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन नेपाल द्वारा हिंदी दिवस के अवसर पर विश्व हिन्दी कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
बलौदाबाजार -भाटापारा जिले के साहित्यकार, अंतर्राष्ट्रीय कलाकार एवं व्याख्याता डॉ. जगदीश हीरा साहू को शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउंडेशन नेपाल द्वारा देवनागरी लिपि के संरक्षण, हिंदी भाषा साहित्य के प्रचार-प्रसार, नेपाल-भारत बीच सामाजिक-सांस्कृतिक सम्बन्ध विकास तथा साहित्यिक प्रतिभा प्रोत्साहन करने के उद्देश्य से हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित विश्व हिंदी कविता प्रतियोगिता में डॉ. जगदीश साहू की कविता को उत्कृष्ट घोषित करते हुए साहित्य सृजन के प्रति क्रियाशीलता को प्रोत्साहित करने के लिए विश्व हिंदी रत्न मानद सम्मानोपाधि से अलंकृत किया गया।
ग्राम कड़ार निवासी, शा.उ.मा. वि. डमरू (बलौदाबाजार) के व्याख्याता के पद पर कार्य करने वाले जगदीश साहू किसी परिचय के मोहताज नहीं है। उनके खाते में एक और विशिष्ट उपलब्धि जुड़ गई। जगदीश हीरा साहू गत 17 वर्षों से शिक्षा विभाग में शिक्षक के रूप में कार्य कर रहे हैं। जिसके लिए हाल ही में शिक्षक दिवस के दिन राज भवन के दरबार हाल में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के सर्वोच्च शिक्षक पुरस्कार राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान दिया गया। साथ 27 वर्षों से साहित्यिक और सांस्कृतिक विधा की सेवा करते हुए अपनी विशिष्ट पहचान बनाये हुए हैं।


