मनोरंजन
मुंबई, 16 नवंबर । अभिनेत्री साई पल्लवी बहुप्रतीक्षित एक्शन-ड्रामा फिल्म 'ओम: चैप्टर 1-उधिराम : द ब्लड वुड' में आईपीएस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगी। अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म में नित्या रेड्डी के किरदार के लिए बाल कटवाने के फैसले से उनकी मां नाराज हो गई थीं। हाल ही में एक पॉडकास्ट में साई पल्लवी और डायरेक्टर राजकुमार पेरियासामी ने खुलासा किया कि फिल्म 'ओम: चैप्टर 1 - उधिराम : द ब्लड वुड' में आईपीएस अधिकारी का किरदार निभाने के लिए जब उन्होंने अपने लंबे बाल कटवाए, तो इसकी जानकारी उनकी मां को पहले से नहीं थी। अभिनेत्री ने कहा, " बाल कटवाने के बाद सबसे पहले मैंने अपनी मां को वीडियो कॉल करके अपना नया लुक दिखाया था। छोटे बालों में मुझे देखकर मेरी मां बिल्कुल हैरान रह गईं और अचानक फोन (वीडियो कॉल) काट दिया। मां के कॉल काटने के कुछ देर बाद मेरे पिताजी का फोन आया। उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैंने कोई विग पहनी है। तब मैंने उन्हें समझाया कि यह फिल्म के किरदार की जरूरत के लिए ऐसा किया है। साई पल्लवी ने अपने किरदार को निभाने के पीछे की कहानी के बारे में बताते हुए कहा, "जब निर्देशक ने मुझे स्क्रिप्ट दी थी, तभी मैं सोच रही थी कि मैं इसे कैसे निभा पाऊंगी। डायरेक्टर राजकुमार ने मुझे आईपीएस ऑफिसर मेरिन जोसेफ की एक तस्वीर दिखाई और कहा कि मुझे वैसा ही लुक चाहिए। मैंने बताया कि उनके बाल छोटे हैं, तो निर्देशक ने मुझसे कहा कि अगर तुम अपने बाल कटवा लोगी, तो अच्छा लुक आ जाएगा।" अभिनेत्री ने आगे बताया कि निर्देशक ने उन्हें इस किरदार के बारे में इस तरह से समझाया कि उन्हें अपने बाल कटवाने में कोई मुश्किल नहीं आई। उन्होंने कहा, "वैसे तो मैं अपने बाल नहीं काटती लेकिन हमारे डायरेक्टर को इस तरह का लुक चाहिए था, तो मैंने बाल कटवा लिए।" आईपीएस अधिकारी नित्या रेड्डी की भूमिक असल में चर्चित आईपीएस अफसर मेरिन जोसेफ से प्रेरित है। राजकुमार पेरियासामी द्वारा निर्देशित यह एक्शन थ्रिलर फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है, जिसमें अभिनेत्री के साथ धनुष, ममूटी और श्रीलीला भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। --(आईएएनएस)
-उपाला केबीआर
बॉक्स ऑफ़िस पर फ्लॉप होती फ़िल्में, दर्शकों का फॉर्मूला फ़िल्मों को नकार देना, दक्षिण भारतीय फ़िल्मों के रीमेक से जुड़ाव न बन पाना और फ़िल्मों के पटकथा लेखन में स्टार्स मैनेजर की दखलअंदाजी, ये सारी कुछ वो वजहें हैं जिनके बारे में कहा जाता है कि ये सिनेमाघर तक दर्शकों के आने के रास्ते में बाधा बन रही हैं.
इस कड़ी के तीसरे और अंतिम भाग में हम जानेंगे कि कई हिंदी फ़िल्में क्यों सफल नहीं हो पा रही हैं, कोरोना महामारी के बाद दर्शक अब किस तरह की फ़िल्में देखना चाहते हैं और उन्हें दोबारा सिनेमाघरों तक लाने के लिए क्या किया जा सकता है.
हमने इस बारे में ट्रेड विश्लेषक तरण आदर्श, निर्माता फिरोज़ ए नाडियाडवाला, फ़िल्म निर्माता अहमद ख़ान और मार्केटिंग विशेषज्ञ वरुण गुप्ता से बात की.
इसके अलावा हमने मल्टीप्लेक्स उद्योग से जुड़े नितिन गुप्ता और गौरव मिश्रा से भी इस बारे में राय ली.
कोरोना के बाद बदली दर्शकों की पसंद : तरण आदर्श
ट्रेड विश्लेषक तरण आदर्श ने कहा कि बॉलीवुड का फ़िल्म मॉडल बेहद जोखिम भरा है, क्योंकि हर शुक्रवार को हमारी सफलता या असफलता पूरी तरह दर्शकों की पसंद पर निर्भर करती है.
उन्होंने कहा, "कई बार सबसे बड़े सितारों की फ़िल्में भी नहीं चल पातीं, वहीं दूसरी ओर अचानक किसी नए कलाकार को सफलता मिल जाती है. आज के दौर में कोई भी निश्चित रूप से यह नहीं कह सकता कि कोई फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करेगी या कौन सी फ़िल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरेगी."
वो कहते हैं, "हिंदी सिनेमा के कारोबार में अनिश्चितता बढ़ने की एक बड़ी वजह कोरोना महामारी भी है. उस दौरान लोगों के पास मनोरंजन के सीमित साधन थे, इसलिए वे टीवी, ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म और दक्षिण भारतीय फ़िल्मों के हिंदी डब संस्करण ज़्यादा देखने लगे. महामारी के दौरान लोगों ने जिस तरह का कंटेंट देखा, उसने उनकी पसंद और सोच को बदल दिया. उन्हें पहले से अलग, ज़्यादा आधुनिक और बेबाक कहानियां देखने को मिलीं."
"वहीं, जो लोग दक्षिण भारतीय फ़िल्मों के हिंदी डब संस्करण देख रहे थे, उन्हें लगा कि बॉलीवुड की मसाला फ़िल्मों में अब वह मज़ा नहीं रहा. दूसरी तरफ़, मल्टीप्लेक्सों में शहरी दर्शकों को ध्यान में रखकर बनने वाली और सामाजिक मुद्दों पर आधारित फ़िल्मों का चलन बढ़ा. ऐसे माहौल में मसाला फ़िल्मों का मज़ाक उड़ाया जाने लगा. इसका नतीजा यह हुआ कि बॉलीवुड अपने एक बड़े दर्शक वर्ग से दूर होता चला गया."
तरण बताते हैं, "महामारी के बाद दर्शक पहले की तुलना में अधिक सोच-समझकर फिल्मों का चयन करने लगे हैं. यही वजह है कि आज कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत नहीं कर पातीं, जबकि पुष्पा, जवान और एनिमल जैसी फिल्में जबरदस्त ओपनिंग हासिल करती हैं. इन फिल्मों ने सिनेमा की उस ताकत को साबित किया है, जो शहरी, शिक्षित और मध्यमवर्गीय दर्शकों के साथ-साथ आम जनमानस तक भी अपनी पहुंच बना सकता है."
तरण आदर्श ने कहा कि यही वजह है कि महामारी के बाद मसाला फिल्मों की दोबारा वापसी हुई है, क्योंकि ये फिल्में दर्शकों के एक बड़े वर्ग को आकर्षित करती हैं.
"महानगरों से बाहर रहने वाले दर्शकों को भी सिनेमा की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है, इसमें सिंगल स्क्रीन थिएटरों की भी अहम भूमिका है. कुछ चुनिंदा महानगरों में ही दर्शक शहरी परिवेश पर आधारित फिल्में देखना पसंद करते हैं. यह उन फ़िल्म निर्माताओं के लिए एक आईना है, जो एक ख़ास तरह की ही फ़िल्म बनाना चाहते हैं और मसाला सिनेमा को घटिया या निम्नस्तरीय मानते हैं."
तरण आदर्श ने कहा, "सच्चाई यह है कि फिल्म इंडस्ट्री का अस्तित्व पूरी तरह से मास सिनेमा पर निर्भर है. वेलकम टू द जंगल, धमाल 4, आवारापन 2, धुरंधर, धुरंधर 2, भूत बंगला और हनुमान अंश जैसी फिल्मों ने महानगरों से बाहर जिस तरह का कारोबार किया है, वह शानदार है."
"हिंदी सिनेमा के अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने की एक और वजह सितारों के इर्द-गिर्द विकसित होती मैनेजर संस्कृति है. इन लोगों का फ़िल्म इंडस्ट्री से न तो कोई जुड़ाव है और न ही उन्हें इसकी नब्ज की समझ है. वे उन अनुभवी फिल्मनिर्माताओं की अनदेखी करते हैं, जिनके पास वर्षों का अनुभव है. वहीं, स्टार मैनेजर इन फिल्मकारों को बीते ज़माने का मानते हैं. लेकिन सच्चाई यह है कि फिल्में बोर्डरूम में नहीं, बल्कि प्यार, जुनून और लगन के साथ बनाई जाती हैं."
उनका कहना है, "दर्शकों को अपनी तरफ खींचने में संगीत का हमेशा से बड़ा हाथ रहा है. पहले फिल्मों के गाने उनकी रिलीज से काफी पहले जारी कर दिए जाते थे. ये गाने उस फिल्म के ब्रांड एंबेसडर की तरह काम करते थे और दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचकर लाते थे. लेकिन आज के दौर में हम संगीत और लेखन को उतना समय नहीं देते."
"कई बार फिल्म की कहानी सुनाए जाने के समय कुछ और होती है और पर्दे पर आने तक उसमें इतना बदलाव हो जाता है कि दोनों बिल्कुल अलग फिल्में लगती हैं. कलाकारों को स्क्रिप्ट राइटिंग (पटकथा लेखन) और फिल्म निर्माण के दूसरे विभागों में दखल देना बंद करना चाहिए."
फिल्म की कामयाबी के लिए दमदार कंटेंट ज़रूरी: फिरोज़ नाडियाडवाला
निर्माता फिरोज ए. नाडियाडवाला का कहना है कि बॉलीवुड में फ़िल्म की सफलता काफी हद तक उसकी कहानी, विषय और सही कलाकारों के चयन पर निर्भर करती है. अगर कहानी अच्छी हो और उसके मुताबिक सही कलाकार चुने जाएं, तो फ़िल्म के फ्लॉप होने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है.
नाडियावाला ने इस साल वेलकम 4 बनाई ,जिसने दुनियाभर में करीब 200 करोड़ रुपये का कारोबार किया.
उनके मुताबिक, "जब कहानी सही हो और उसके अनुरूप कलाकारों का चयन किया जाए, तो जोखिम की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है. बड़े बजट की फिल्म और बड़े बजट में होने वाली फिजूलखर्ची वाली फिल्म के बीच अंतर होता है. एक ऐसी बड़ी बजट की फिल्म भी होती है, जिसमें हर एक पैसा सोच-समझकर खर्च किया जाता है और जिसका असर पर्दे पर साफ दिखाई देता है. ऐसी फिल्म का जोखिम काफी हद तक कम हो जाता है."
उन्होंने कहा कि जोखिम तब बढ़ता है, जब फिल्म की दोबारा शूटिंग लगातार चलती रहती है या बजट तय सीमा से बाहर चला जाता है.
उन्होंने कहा, "हमारा प्रयास होना चाहिए कि परिवार के साथ देखी जा सकने वाली एक अच्छी फिल्म बनाई जाए और उसका बजट भी नियंत्रण में रखा जाए. फिल्म बनाने से पहले यह भी ध्यान रखना ज़रूरी है कि रिलीज से पहले कितनी कमाई होने की उम्मीद है. फिल्म तय समय में पूरी होनी चाहिए और इस दौरान उसकी गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए. साथ ही, बजट भी नहीं बढ़ना चाहिए. फिल्म रिलीज होने के बाद बॉक्स ऑफिस के अलावा डिजिटल, सैटेलाइट और म्यूजिक राइट्स से होने वाली कमाई को भी ध्यान में रखना चाहिए."
"अगर आपका प्रोडक्ट लोगों का मनोरंजन करने वाला है, तो आपको दर्शकों की नब्ज समझनी होगी. आप किसी को डराकर, रुलाकर, हंसाकर या रोमांचित करके उसका मनोरंजन कर सकते हैं. इसी सोच के साथ हमने अपनी कंपनी के लिए 'फैमिली यूनिवर्स' शब्द गढ़ा है. यानी ऐसा मनोरंजन, जिसे पूरा परिवार एक साथ देख सके और किसी को असहज महसूस न हो."
"सिर्फ स्टार पावर किसी फिल्म को सिनेमाघरों तक दर्शक पहुंचाने के लिए पर्याप्त नहीं है. स्टार की लोकप्रियता आपको एक निश्चित संख्या में दर्शक जरूर दिला सकती है, लेकिन अगर फिल्म में दमदार कंटेंट नहीं है, तो आप दर्शकों को क्या दिखाएंगे? अगर कंटेंट मजबूत है, तो स्टार पावर उसके प्रभाव को कई गुना बढ़ा सकती है."
"कंटेंट, संवाद, पटकथा और किरदार, ये सभी एक बढ़िया सी फ़िल्म फ्रेंचाइजी बनाने के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं. हमारी वेलकम, हेरा फेरी और आवारा पागल दीवाना जैसी फ्रेंचाइजी इसका उदाहरण हैं."
सनी देओल, संजय दत्त, जैकी श्रॉफ और मिथुन चक्रवर्ती जैसे सितारों को लेकर मल्टी स्टारर फ़िल्म 'बाप' बनाने वाले निर्देशक-निर्माता अहमद खान कहते हैं, "फ़िल्म निर्माताओं के लिए जोखिम बहुत बड़ा होता है. अगर फिल्म अच्छा प्रदर्शन नहीं करती, तो निर्माता की छवि भी प्रभावित होती है. मेरे हिसाब से किसी फिल्म की कमाई और लागत की भरपाई का मॉडल पांच चरणों में बंटा होता है- बॉक्स ऑफिस, डिजिटल, सैटेलाइट, म्यूजिक और ओवरसीज यानी विदेशी बाजार."
अहमद ख़ान ने बताया, "फिल्म बनाना एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, जिसमें निर्देशक और निर्माता से लेकर कलाकार, टेक्नीशियन और स्टूडियो तक सभी की भूमिका होती है."
"आज सिनेमाघरों में जाने वाले दर्शकों की संख्या सीमित ज़रूर है, लेकिन वे ऐसी वजह चाहते हैं, जिसके लिए वे फिल्म देखने जाएं. फिर चाहे नई कलाकारों वाली प्रेम कहानी हो या युद्ध पर आधारित ड्रामा. अगर फ़िल्म दिलचस्प है, तो दर्शक उसे देखने जरूर जाएंगे."
"हर फिल्मकार दर्शकों को आकर्षित करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन फ़िल्म का पहला चरण यानी ट्रेलर और टीजर ही यह तय करता है कि दर्शकों के मन में फिल्म देखने की कितनी उत्सुकता पैदा होगी. हमें दर्शकों की पसंद समझकर सही ट्रेलर जारी करना चाहिए."
"महामारी से पहले फिल्म इंडस्ट्री ने कभी 1,000 करोड़ रुपये के कारोबार का स्तर नहीं देखा था. इसका मतलब है कि लोग बड़ी संख्या में सिनेमाघरों में जा रहे हैं. इसलिए मैं नहीं मानता कि दर्शकों की संख्या कम हुई है. बल्कि अब ओटीटी पर फिल्में देखने वाले दर्शक भी सिनेमाघरों की ओर लौट रहे हैं."
"फिल्म बनाने की मूल रणनीति न तो बड़ा बजट है और न ही बड़े सितारे. मेरे लिए वेलकम टू द जंगल जैसी फिल्म बनाना इवेंट सिनेमा है, जिसमें इतने सारे कलाकार एक ही फ्रेम में हों और हर दृश्य में ऐसी हास्यास्पद हरकतें करते नजर आएं, जिन्हें दर्शक देखना पसंद करते हैं."
"नई जोड़ी के साथ बनी प्रेम कहानी भी इवेंट सिनेमा हो सकती है, अगर दर्शकों को उसमें अपनी जवानी और पुरानी यादों की झलक मिले. तीसरी तरह की इवेंट फिल्म वह होती है, जिसमें शानदार एक्शन, कार चेज, धमाके, घोड़े, कई हीरो और उनके दमदार संवाद हों. इवेंट सिनेमा हमेशा से काम करता आया है. ''
दर्शक अब स्टारडम से ज़्यादा कंटेंट को दे रहे हैं महत्व: वरुण गुप्ता
मैक्स मार्केटिंग के फ़ाउंडर-डायरेक्टर वरुण गुप्ता का कहना है कि बॉलीवुड में किसी फ़िल्म को बनाने का फ़ैसला काफ़ी हद तक उसके कारोबार की संभावनाओं को ध्यान में रखकर लिया जाता है. फ़िल्म पर काम शुरू करने से पहले उसकी कहानी, शैली, निर्देशक का पिछला रिकॉर्ड और कलाकारों की पिछली फ़िल्मों के प्रदर्शन का आकलन किया जाता है.
उनके मुताबिक़, शिक्षित वर्ग, उच्च मध्यमवर्ग और जेन ज़ी के दर्शकों की पसंद पिछले एक दशक में काफ़ी बदली है. ये दर्शक अब स्टारडम से ज़्यादा फ़िल्म के कंटेंट को महत्व देते हैं. वरुण गुप्ता इसे उन फ़िल्मकारों के लिए अच्छी बात मानते हैं, जो अलग और दिलचस्प विषयों पर फ़िल्में बनाना चाहते हैं.
उन्होंने कहा, "आज के दर्शक समझदार, जागरूक और दुनिया भर के सिनेमा से परिचित हैं. वे आसानी से समझ जाते हैं कि पर्दे पर क्या महज़ दिखावा है और क्या वास्तविक एवं प्रामाणिक कंटेंट है, जो उनसे जुड़ता है."
वरुण गुप्ता के मुताबिक़, पहले दर्शक किसी फ़िल्म में बड़े सितारे को देखकर सिनेमाघरों तक पहुंच जाते थे, लेकिन अब हालात बदल गए हैं. दर्शकों को दोबारा सिनेमाघरों तक लाने के लिए कंटेंट, स्टार पावर और फ़िल्म के स्तर के मुताबिक़ भव्यता का सही मेल ज़रूरी है.
उन्होंने इसका उदाहरण देते हुए कहा कि 'रामायण' में अलग-अलग फ़िल्म इंडस्ट्री के बड़े सितारे, भारतीय संस्कृति से जुड़ी कहानी और भव्यता का मेल देखने को मिलता है.
वरुण गुप्ता का मानना है कि क्राइम थ्रिलर जैसी फ़िल्मों के लिए दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाना मुश्किल हो गया है, क्योंकि इस तरह की फ़िल्मों के लिए ओटीटी को ज़्यादा उपयुक्त माना जाने लगा है. हालांकि, 'लापता लेडीज़', 'मुंज्या', '12वीं फेल' और 'हनुमान अंश' जैसी फ़िल्मों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अच्छी फ़िल्में दर्शकों को अब भी सिनेमाघरों तक खींच सकती हैं.
उन्होंने कहा, "महामारी के दौरान घर बैठे ओटीटी पर दुनिया भर की सामग्री देखने के कारण दर्शक पहले से ज़्यादा समझदार हो गए हैं. जब तक कहानी कहने में दृढ़ विश्वास और निर्माता की सही योजना रहेगी, दर्शक सिनेमाघरों तक आते रहेंगे."
उन्होंने यह भी कहा कि दर्शकों को यह महसूस होना चाहिए कि उनके पैसे और समय का सही इस्तेमाल हुआ है. इसमें सिनेमाघर मालिकों और फ़िल्म वितरकों की भी अहम भूमिका है. टिकट की क़ीमतों से लेकर सिनेमाघरों में मिलने वाले अनुभव तक, कई चीज़ें दर्शकों के फ़ैसले को प्रभावित करती हैं.
वरुण गुप्ता के मुताबिक़, फ़िल्म निर्माण में रचनात्मकता और कारोबार के बीच संतुलन बनाए रखना भी ज़रूरी है. निर्देशकों को अपनी रचनात्मक सोच और सहज समझ के आधार पर काम करना चाहिए, जबकि निर्माताओं को इसके साथ व्यावसायिक रणनीति का ध्यान रखना चाहिए.
उन्होंने कहा, "निर्माता और निर्देशक को अपने-अपने काम यानी रचनात्मक स्वतंत्रता और व्यावसायिक व्यवहार्यता को आपस में नहीं मिलाना चाहिए. ऐसा होने पर ही प्रोजेक्ट अपने रास्ते से भटकने लगता है."
दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने के लिए क्या ज़रूरी?
एनएक्सटी सिनेमा के हेड ऑफ़ ऑपरेशन्स नितिन गुप्ता का कहना है कि एक दर्शक के तौर पर उन्हें हिंदी फ़िल्म देखने के लिए उसका विषय, निर्देशक, कलाकार और ट्रेलर आकर्षित करना चाहिए.
उनके मुताबिक़, "हर शहर और अलग-अलग सामाजिक वर्गों के दर्शकों की पसंद अलग हो सकती है, लेकिन हर वर्ग के लिए कंटेंट ही सबसे महत्वपूर्ण है."
उन्होंने गुजराती फ़िल्म 'लालो' और हिंदी फ़िल्म 'हनुमान अंश' की कामयाबी का उदाहरण देते हुए कहा कि इन फ़िल्मों ने शानदार कारोबार किया है और सभी वर्गों के दर्शकों के बीच लोकप्रियता हासिल की है.
नितिन गुप्ता का मानना है कि दर्शकों को दोबारा सिनेमाघरों तक लाने के लिए अच्छा कंटेंट सबसे ज़रूरी है. उनके मुताबिक़, बड़े सितारों की मौजूदगी से किसी फ़िल्म को वीकेंड पर अच्छी शुरुआत मिल सकती है, लेकिन अगर उसकी कहानी और कंटेंट मज़बूत नहीं है, तो वह लंबे समय तक बॉक्स ऑफ़िस पर टिक नहीं पाती.
वहीं, एक मल्टीप्लेक्स चेन में कार्यकारी गौरव मिश्रा कहते हैं कि आज के दर्शक, चाहे वे किसी भी उम्र या सामाजिक वर्ग के हों, ऐसी कहानियां देखना चाहते हैं, जो उनका मनोरंजन करें, उन्हें बांधे रखें और उनके मन पर छाप छोड़ें.
उन्होंने बताया कि कामकाजी वर्ग ऐसा मनोरंजन चाहता है, जिसमें खर्च किए गए पैसे की पूरी कीमत मिले. मध्यमवर्गीय दर्शक परिवार के साथ एक संपूर्ण मनोरंजक सिनेमाई अनुभव चाहता है. वहीं, शिक्षित दर्शक मज़बूत कहानी और मौलिकता को पसंद करते हैं, जबकि जेन ज़ी नएपन, अपनी ज़िंदगी से जुड़ाव और भव्य सिनेमाई अनुभव की तलाश में रहती है.
गौरव मिश्रा के मुताबिक़, "आख़िरकार हर दर्शक ऐसी फ़िल्म देखना चाहता है, जो उसके समय के लायक हो."
उन्होंने कहा कि दर्शकों को दोबारा सिनेमाघरों तक लाने के लिए लगातार अच्छी गुणवत्ता वाली फ़िल्में, अलग-अलग विधाओं का सिनेमा, किफ़ायती टिकट दरें और बेहतर थिएटर अनुभव उपलब्ध कराना ज़रूरी है.
गौरव मिश्रा का मानना है कि भारत में थिएटर सिनेमा का भविष्य बेहद उज्ज्वल है. उन्होंने कहा, "जब तक ऐसी कहानियां बनती रहेंगी, जिन्हें बड़े पर्दे पर देखने का अनुभव ख़ास हो और दर्शक उन्हें एक साथ मिलकर सेलिब्रेट करने के लिए तैयार रहेंगे, तब तक बड़े पर्दे का जादू क़ायम रहेगा."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. (bbc.com/hindi)
मुंबई, 15 नवंबर । रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म 'रामायण' के दोनों पार्ट के 4,000 करोड़ रुपए के भारी-भरकम बजट को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। अब फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने इस बजट को लेकर एक नया दावा किया है। उनका कहना है कि फिल्म के पहले पार्ट को 800 करोड़ रुपए से भी कम बजट में बनाया गया है। राम गोपाल वर्मा ने रविवार को एक पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा, “फिल्म बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़ रही है और भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी हिट बनने की ओर बढ़ रही है। इसके बावजूद कुछ लोग इस बात को लेकर चर्चा कर रहे हैं कि फिल्म की कमाई काफी नहीं है, क्योंकि दोनों पार्ट का बजट 2,000-2,000 करोड़ रुपए यानी कुल 4,000 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।” उन्होंने आगे लिखा, “‘रामायण’ के पहले पार्ट की असल लागत 800 करोड़ रुपए से थोड़ी कम है। इसमें आपसी फायदे वाले समझौते, ग्लोबल टैक्स बेनिफिट और सब्सिडी जैसे कई पहलू भी शामिल हैं, जिनकी वजह से आखिरकार फिल्म की लागत और कम हो सकती है। फिल्म देखकर कोई भी अनुभवी फिल्ममेकर अंदाजा लगा सकता है कि इसे बनाने में 800 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च नहीं हुए होंगे।” फिल्ममेकर ने दोनों पार्ट के बजट को बराबर मानने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “यह मान लेना वैसा ही है जैसे किसी फिल्म के इंटरवल से पहले और बाद के हिस्सों पर बराबर खर्च होने की उम्मीद करना। कुछ फिल्मों में सिर्फ क्लाइमैक्स पर ही कुल बजट का 50 प्रतिशत तक खर्च हो जाता है।” राम गोपाल वर्मा ने कहा, “‘रामायण’ की दुनिया तैयार करने में होने वाला खर्च सिर्फ पहली फिल्म तक सीमित नहीं है। इस फिल्म के लिए बनाए जा रहे कई सेट, किरदारों और दूसरी चीजों को भविष्य में गेमिंग और अन्य प्रोजेक्ट्स में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। यही नहीं, इनका फायदा दूसरे पार्ट को बनाने में भी मिलेगा।” गौरतलब है कि 'रामायण: पार्ट वन' 5 नवंबर 2026 को रिलीज हुई थी। फिल्म ने दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। -(आईएएनएस)
-ज़ोया मतीन
भारत की सबसे महंगी फ़िल्म कही जा रही 'रामायण' दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई है.
रामायण की इस भव्य कहानी को दो हिस्सों में बनाया गया है. इसे भारतीय फ़िल्मी इतिहास की सबसे महंगी फ़िल्मों में से एक बताया जा रहा है.
फ़िल्म से उम्मीदें बहुत बड़ी हैं, लेकिन शुरुआती समीक्षाओं में इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है.
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण: राइज़ ऑफ़ ए लीजेंड' दो फ़िल्मों की सिरीज़ का पहला हिस्सा है. इस बड़े प्रोजेक्ट में बॉलीवुड के कुछ बहुत बड़े नाम शामिल हैं.
फ़िल्म में हॉलीवुड के विज़ुअल इफ़ेक्ट्स विशेषज्ञों ने काम किया है. इसके संगीत की ज़िम्मेदारी दो ऑस्कर विजेता संगीतकारों ने संभाली है.
इस फ़िल्म का मक़सद भारत की सबसे सम्मानित कहानियों में से एक को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाना है.
हिंदू धर्म के प्रमुख महाकाव्यों में शामिल रामायण की कहानी सदियों से और कई देशों में सुनाई जाती रही है.
रामायण ने कई राजवंशों और साम्राज्यों का उतार-चढ़ाव देखा है. इसने धार्मिक आस्था और राजनीतिक आंदोलनों को भी प्रेरित किया है.
समय-समय पर टीवी और सिनेमा ने भी इस कहानी को नए रूप में पेश किया है.
नितेश तिवारी की फ़िल्म प्रेम, कर्तव्य, वनवास और युद्ध की जानी-पहचानी कहानी को फिर से सामने लाती है.
इस फ़िल्म की दुनिया में देवता और राक्षस हैं. दिव्य अस्त्र हैं और शक्तिशाली साम्राज्य भी.
रणबीर कपूर ने अयोध्या के आदर्श राजकुमार भगवान राम की भूमिका निभाई है.
उन्हें 14 साल के लिए अपने राज्य से वनवास भेज दिया जाता है. वह अपनी पत्नी सीता के साथ जंगल चले जाते हैं.
सीता की भूमिका साई पल्लवी ने निभाई है. रावण उनका अपहरण कर लेता है.
राम-रावण का महायुद्ध फ़िल्म के दूसरे भाग में दिखाया जाएगा. इसे अगले साल रिलीज़ करने की योजना है.
फ़िल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा विज़ुअल इफ़ेक्ट्स कंपनी डीएनईजी के प्रमुख हैं.
डीएनईजी ने 'ड्यून' और 'इंटरस्टेलर' जैसी हॉलीवुड की बड़ी फ़िल्मों पर काम किया है.
फ़िल्म का संगीत एआर रहमान और हैंस ज़िमर ने मिलकर तैयार किया है.
एआर रहमान 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के लिए ऑस्कर जीत चुके हैं.
वहीं, हैंस ज़िमर ने 'ग्लैडिएटर', 'द डार्क नाइट' और 'ड्यून' जैसी फ़िल्मों के लिए संगीत दिया है. उनके संगीत ने आधुनिक हॉलीवुड की एक ख़ास पहचान बनाई है.
फ़िल्म दिवाली से कुछ दिन पहले रिलीज़ हुई है.
दिवाली रोशनी का त्योहार है. यह भगवान राम के वनवास के बाद अयोध्या लौटने का उत्सव भी है.
लेकिन अब तक फ़िल्म को मिली प्रतिक्रिया मिली-जुली रही है.
समीक्षकों की प्रतिक्रिया
एनडीटीवी के सैबल चटर्जी ने फ़िल्म को पांच में से तीन स्टार दिए.
उनका कहना है कि फ़िल्म की विज़ुअल चकाचौंध कई बार कहानी पर भारी पड़ जाती है.
उन्होंने लिखा कि ज़्यादातर समय फ़िल्म का विशाल पैमाना ही सबसे ज़्यादा ध्यान खींचता है.
उनके मुताबिक़, कलाकारों का अभिनय भी काफ़ी असमान है.
'हिंदुस्तान टाइम्स' के ऋषभ सूरी फ़िल्म को लेकर ज़्यादा उत्साहित दिखे. उन्होंने इसे चार स्टार दिए.
उन्होंने लिखा, "यह देखकर खुशी हुई कि इतना पैसा पर्दे पर दिखता है."
उन्होंने कलाकारों के अभिनय और विज़ुअल इफेक्ट्स की तारीफ़ की.
हालांकि, उन्हें फ़िल्म का पहला हिस्सा धीमा लगा. संगीत भी उन्हें उम्मीद के मुताबिक़ प्रभावशाली नहीं लगा.
'इंडियन एक्सप्रेस' की शुभ्रा गुप्ता ने फ़िल्म को तीन स्टार दिए.
उन्होंने माना कि शुरुआत में फ़िल्म के इतने बड़े पैमाने को लेकर उन्हें संदेह था.
लेकिन धीरे-धीरे वह फ़िल्म से प्रभावित होती गईं.
उन्होंने इसे "बढ़िया महाकाव्य" कहा.
उनके मुताबिक़, फ़िल्म में जादू, रोमांच और साहसिक घटनाओं की भरमार है.
उन्होंने लिखा कि फ़िल्म निर्माता इतनी विशाल कहानी को संभालने में सफल रहे हैं और वे कहानी के बोझ तले दबे नहीं हैं.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी फ़िल्म को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं.
'द गार्जियन' में पीटर ब्रैडशॉ ने इसे "बेहद दिलचस्प, जोश से भरपूर और शानदार भारतीय महाकाव्यात्मक मेलोड्रामा" कहा.
उन्हें राम के वनवास की वजह बनने वाले राजपरिवार के षड्यंत्र में शेक्सपियर की झलक दिखी.
सीता को बचाने के लिए राम की यात्रा ने उन्हें होमर के महाकाव्यों की याद दिलाई.
फ़िल्म के विशाल दृश्य और काल्पनिक दुनिया ने उन्हें 'द लॉर्ड ऑफ़ द रिंग्स' और 'द लायन किंग' की भी याद दिलाई.
उन्होंने लिखा, "यह एक बेहद अद्भुत रोमांचक सफ़र है."
ब्रैडशॉ ने फ़िल्म को चार स्टार दिए.
हालांकि, कुछ समीक्षक इससे कम प्रभावित हुए.
आईजीएन के सिद्धांत अदलखा ने फ़िल्म को 10 में से चार अंक दिए.
उन्होंने एक्शन दृश्यों को ख़राब बताया. कंप्यूटर से बनाए गए दृश्यों को भी उन्होंने आंखों को खटकने वाला कहा.
'नेक्स्ट बेस्ट पिक्चर' के जियोवानी लागो ने फ़िल्म को 10 में से पांच अंक दिए.
उन्होंने रावण के रूप में यश की दमदार मौजूदगी की तारीफ़ की.
एआर रहमान और हैंस ज़िमर के संगीत को भी सराहा.
लेकिन उनका मानना था कि इतनी विशाल कहानी को 'गेम ऑफ़ थ्रोन्स' जैसी टीवी सीरीज़ के रूप में कहीं बेहतर तरीके से पेश किया जा सकता था.
अंग्रेज़ी संस्करण में कलाकारों के होंठों की हरकत बदलने के लिए एआई के इस्तेमाल की भी आलोचना हुई.
नितेश तिवारी ने कहा कि इसका मक़सद अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए फ़िल्म को ज़्यादा आसानी से समझने लायक़ बनाना था.
लेकिन सिद्धांत अदलखा ने इसकी तुलना कॉमेडी स्केच के लिए स्थिर तस्वीरों पर मुंह के हाव-भाव को ज़रूरत से ज़्यादा बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने से की.
भारत में इस फ़िल्म की तुलना रामायण की पुरानी प्रस्तुतियों से भी हो रही है.
ख़ास तौर पर रामानंद सागर की 'रामायण' से.
'जब सड़कें खाली और दुकानें बंद हो जाती थीं'
करीब चार दशक पहले इस टीवी सिरीज़ ने पूरे देश को अपने प्रभाव में ले लिया था.
उसके सेट और स्पेशल इफेक्ट्स आज भले ही साधारण लगते हों, लेकिन उस समय उसका असर बहुत बड़ा था.
1987 में जब यह सीरीज़ पहली बार प्रसारित हुई, तो रविवार की सुबह भारत में लगभग भक्तिमय सन्नाटा छा जाता था.
सड़कें खाली हो जाती थीं. दुकानों के शटर बंद हो जाते थे.
पड़ोसी एक साथ टीवी के सामने जमा हो जाते थे.
कुछ दर्शक प्रसारण से पहले नहाते थे, अगरबत्ती जलाते थे और टीवी स्क्रीन पर माला चढ़ाते थे.
वे कार्यक्रम देखने की तैयारी लगभग उसी तरह करते थे, जैसे पूजा की तैयारी की जाती है.
न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के मीडिया विशेषज्ञ अरविंद राजगोपाल ने 2019 में बीबीसी को बताया था कि कई बार ट्रेनें और बसें तक रुक जाती थीं.
यात्री उतरकर सड़क किनारे लगे टीवी पर यह कार्यक्रम देखते थे.
सरकारी दूरदर्शन नेटवर्क पर प्रसारित इस सीरीज़ के 78 एपिसोड थे. इसके सबसे लोकप्रिय हिस्सों को करीब आठ से 10 करोड़ दर्शकों ने देखा था.
उस दौर में इतने दर्शकों का होना बहुत बड़ी बात थी.
तब भारत में टीवी होना भी एक तरह की विलासिता माना जाता था.
इस सीरीज़ के कलाकार भी लोगों के लिए श्रद्धा का विषय बन गए थे.
राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल ने बताया है कि उन्हें देखकर कई लोग रोने लगते थे और उनके पैर छूते थे.
अब नितेश तिवारी की फ़िल्म में अरुण गोविल भी नज़र आए हैं.
उन्होंने राम के पिता दशरथ की भूमिका निभाई है.
इस कास्टिंग में पुरानी यादों की झलक भी मिलती है.
रामायण के दूसरे रूपांतरणों ने भी इस महाकाव्य को अपने-अपने तरीक़े से पेश किया.
1992 की भारत-जापान की एनिमेटेड फ़िल्म 'रामायण: द लीजेंड ऑफ़ प्रिंस रामा' ने हाथ से बनाए गए बारीक एनिमेशन के ज़रिए इस कहानी को जीवंत किया था.
नितेश तिवारी की 'रामायण' के पास ऐसी तकनीकी सुविधाएं हैं, जिनकी कल्पना इसके पुराने रूपांतरणों में शायद ही की जा सकती थी.
लेकिन इस फ़िल्म पर उन पीढ़ियों की उम्मीदों का भी बड़ा दबाव है, जो रामायण और उसके पात्रों के साथ बड़ी हुई हैं.
यह फ़िल्म भारत के ऐसे दौर में भी आई है, जब राम हिंदू पहचान के एक शक्तिशाली प्रतीक बन गए हैं.
पिछले डेढ़ दशक में रामायण की लोकप्रिय व्याख्याएं और नए रूपांतरण भी विवादों में घिरते रहे हैं.
2023 में आई बड़े बजट की फ़िल्म 'आदिपुरुष' भी रामायण की कहानी पर आधारित थी.
इसे कई मोर्चों पर विरोध का सामना करना पड़ा.
हिंदू संगठनों ने धार्मिक पात्रों के अपमान का आरोप लगाते हुए फ़िल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की.
रावण के किरदार में कौन?
कुछ आलोचकों ने उस फ़िल्म में रावण के चित्रण पर भी सवाल उठाए.
उनका कहना था कि इसमें मुग़लकालीन छवियों का इस्तेमाल किया गया और मुसलमानों को लेकर बनी रूढ़ धारणाओं को मज़बूती दी गई.
फ़िल्म के संवादों और विज़ुअल इफेक्ट्स की भी आलोचना हुई.
नई फ़िल्म में इन किरदारों को निभाने वाले कलाकारों ने इस ज़िम्मेदारी के दबाव को गहराई से महसूस किया.
रणबीर कपूर ने बीबीसी एशियन नेटवर्क के हारून रशीद से कहा, "मैं डर से भरा हुआ था."
उन्होंने कहा, "मुझे लगा कि शायद मैं इस भूमिका के लिए ज़्यादा उम्र का हूं. मैं इसके साथ न्याय नहीं कर पाऊंगा."
रणबीर कपूर ने इस भूमिका को अपने जीवन का एक बड़ा अवसर बताया.
लेकिन उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों के पूजनीय किरदार को निभाने में वैसी रचनात्मक आज़ादी नहीं मिलती, जैसी उन्हें दूसरी फ़िल्मों में मिली है.
सीता की भूमिका निभाने वाली साई पल्लवी ने कहा कि यह अनुभव कलात्मक होने के साथ-साथ आध्यात्मिक भी था.
वह एक धार्मिक परिवार में पली-बढ़ी हैं.
उन्होंने कहा कि उन्होंने इस भूमिका को सिर्फ़ अभिनय के तौर पर नहीं देखा.
उनके लिए यह व्यक्तिगत विकास का भी एक अवसर था.
दर्शक इस फ़िल्म को कितना पसंद करते हैं, यह जल्द ही साफ़ हो जाएगा.
जैसे-जैसे ज़्यादा दर्शक सिनेमाघरों में पहुंचेंगे, इसकी लोकप्रियता की तस्वीर भी स्पष्ट होती जाएगी.
लेकिन नतीजा चाहे जो भी हो, यह फ़िल्म भारत के लिए एक बड़ा सांस्कृतिक क्षण है.
यह पीढ़ियों से लोकप्रिय रही कहानी को अभूतपूर्व पैमाने पर बड़े पर्दे पर लेकर आई है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. (bbc.com/hindi)
नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर। अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अपनी सेहत के बारे में जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्हें काम से कुछ दिन की छुट्टी लेने की सलाह दी गई है तथा अभी और आराम करने की जरूरत है।
बच्चन ने शुक्रवार को अपने निजी ब्लॉग पर लिखा, ‘‘अभी और आराम की जरूरत है... तालमेल बिठा रहा हूं... सोच-विचार कर रहा हूं... मानव शरीर और इसकी अनोखी खूबियों के बारे में।’’
इसी महीने की शुरुआत में 84 वर्ष के हुए बच्चन ने बुधवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा कर अपने प्रशंसकों और फॉलोअर्स को बताया था कि उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है, जिस कारण से वह उनसे संवाद नहीं कर पा रहे हैं।
अभिनेता ने इससे पहले पोस्ट में लिखा था, ‘‘माफ कीजिए...मैं आपसे माफी मांगता हूं। मुझे कुछ दिनों तक आराम करने और स्वास्थ्य लाभ के लिए काम से छुट्टी लेने की सलाह दी गई है, इसलिए मैं कुछ भी नहीं लिख पा रहा हूं।’’
बच्चन के प्रशंसकों ने टिप्पणी खंड में उनके जल्द ठीक होने की कामना की।
वह आगामी दिनों में फिल्म ‘सेक्शन 84’ में नजर आएंगे। ऋभु दासगुप्ता के निर्देशन वाली इस फिल्म में निमरत कौर और अन्य कलाकार भी हैं। बच्चन ‘कल्कि 2898 एडी’ की अगली कड़ी ‘कल्कि 2’ में भी दिखाई देंगे। इस फिल्म में वह अश्वत्थामा की भूमिका फिर से निभाएंगे। (भाषा)
उपाला केबीआर
साल 2025 में भारतीय सिनेमाघरों की कमाई ने नया रिकॉर्ड बनाया. देशभर के बॉक्स ऑफ़िस का कुल कारोबार 13,395 करोड़ रुपये से अधिक रहा. साल 2026 के अंत तक इसके 15 हज़ार करोड़ रुपये के पार पहुंचने का अनुमान है.
लेकिन हिंदी सिनेमा में फ़िल्में बनाने और उनकी मार्केटिंग का मॉडल कैसे काम करता है? फ़िल्म उद्योग के सामने आज क्या मुश्किलें हैं?
साल 2025 और साल 2026 में अक्तूबर तक बॉक्स ऑफ़िस पर हुई ज़बरदस्त कमाई को देखें, तो कोविड-19 महामारी के बाद आई सुस्ती से हिंदी फ़िल्म उद्योग काफ़ी हद तक बाहर निकल चुका है.
लेकिन कोई फ़िल्म बनती कैसे है? उसका बजट किन-किन हिस्सों में बंटा होता है? हर फ़िल्म की कमाई का गणित क्या होता है? कोई फ़िल्म हिट या फ़्लॉप कैसे तय होती है? क्या सोशल मीडिया प्रोमोशन और समीक्षाएं बॉक्स ऑफ़िस पर फ़िल्म की कमाई बढ़ाने में मदद करती हैं?
पूरा साल धुरंधर के नाम रहा
इन सवालों के जवाब जानने के लिए हमने ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श, सिनेमाघर संचालक राज बंसल और अक्षय राठी, निर्माता कुमार मंगत पाठक और अनुप्रिया नागर से बात की.
साल 2025 और 2026 की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली हिंदी फ़िल्मों में बड़े सीक्वल और सितारों से सजी एक्शन फ़िल्मों का दबदबा रहा.
इनमें 'धुरंधर: द रिवेंज' ने 1,848 करोड़ रुपये, 'धुरंधर' ने 1,350 करोड़ रुपये, 'छावा' ने 809 करोड़ रुपये, 'सैयारा' ने दुनियाभर में 579 करोड़ रुपये और 'बॉर्डर 2' ने 464 करोड़ रुपये की कमाई की.
इस साल रिलीज़ हुई 'दृश्यम 3' अब तक 490 करोड़ रुपये और 'हनुमान अंश' 435 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी हैं.
वहीं, 'वॉर 2', 'सिकंदर', 'सन ऑफ़ सरदार 2', 'टॉक्सिक' और 'बंटवारा' जैसी फ़िल्मों ने काफ़ी निराश किया.
किसी फ़िल्म की कमाई का हिसाब कैसे होता है?
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श कहते हैं, "अगर किसी डिस्ट्रीब्यूटर ने कोई फ़िल्म 10 रुपये में ख़रीदी है और सरकारी टैक्स, सिनेमाघर का किराया और दूसरे ख़र्च चुकाने के बाद उसके हाथ में 10 रुपये आ जाते हैं, तो उसकी लागत निकल जाती है."
"इसके बाद मिलने वाले 10 या 11 रुपये से ऊपर की रकम में कमीशन आता है. यह 15 या 20 प्रतिशत हो सकता है और निर्माता के साथ हुए समझौते की शर्तों पर निर्भर करता है."
वह कहते हैं, "अगर कोई फ़िल्म 10 रुपये में ख़रीदी गई और उसने साढ़े 12 रुपये का कारोबार किया, तो इसका मतलब है कि आपका कमीशन निकल गया. इसके बाद मुनाफ़ा शुरू होता है."
"कुछ समझौतों में यह मुनाफ़ा निर्माता और वितरक के बीच आधा-आधा बांटा जाता है. यह उनके बीच हुए समझौते पर निर्भर करता है."
तरण आदर्श के मुताबिक़, विदेशों में फ़िल्म दिखाने के अधिकार शुरुआत में ही बेच दिए जाते हैं या फिर फ़िल्म को कमीशन के आधार पर रिलीज़ किया जाता है. विदेशों में कुल कमाई का 40 प्रतिशत हिस्सा मिलता है.
अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच रिलीज़ हुई फ़िल्मों के बारे में तरण आदर्श कहते हैं कि 'छावा', 'सैयारा', 'बॉर्डर 2', 'धुरंधर' और 'धुरंधर: द रिवेंज' "वास्तविक ब्लॉकबस्टर" हैं.
वह कहते हैं, "दुर्भाग्य से हमें 'वास्तविक' शब्द का इस्तेमाल करना पड़ता है, क्योंकि कई बार निर्माता अपनी फ़िल्मों की बॉक्स ऑफ़िस कमाई को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करते हैं."
"फ़िल्म 'धुरंधर' ने अपने सीक्वल के साथ जिस तरह का कारोबार किया, उसने खेल बदल दिया. 'छावा' को शानदार शुरुआत मिली. 'सैयारा' ऐसे समय में आई, जब लोगों को इस बात पर बहुत संदेह था कि प्रेम कहानियां अब चल भी सकती हैं या नहीं."
तरण आदर्श कहते हैं कि नए चेहरों वाली प्रेम कहानियां पहले भी सुपरहिट रही हैं. इनमें ऋषि कपूर की 'बॉबी' और कुमार गौरव की 'लव स्टोरी' जैसी फ़िल्में शामिल हैं.
उनके मुताबिक़, 'बॉर्डर 2' को इसकी ब्रांड वैल्यू, सनी देओल और फ़्रैंचाइज़ की लोकप्रियता का फ़ायदा मिला.
न गाने, न एक्शन, न रोमांस; मगर फ़िल्म हिट
तरण आदर्श कहते हैं, "आज दर्शक कोई फ़िल्म देखने जाता है, तो उसके लिए मनोरंजन सबसे महत्वपूर्ण है. दर्शक ऐसा पूरा पैकेज चाहता है, जिसमें ड्रामा, संगीत, एक्शन और भावनाएं हों."
"सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि लोग ऐसी फ़िल्म चाहते हैं, जिसे वे अपने परिवार के साथ देख सकें. लेकिन जब हमने केवल बड़े शहरों के दर्शकों को ध्यान में रखकर फ़िल्में बनानी शुरू कीं, तो हमने बड़ी संख्या में दर्शक खो दिए."
तरण आदर्श कहते हैं, " लेकिन दृश्यम 3 जैसी फ़िल्म भी है, जिसमें न गाने हैं, न एक्शन और न ही रोमांस. फ़िल्म के मुख्य अभिनेता अजय देवगन के संवाद भी बहुत कम हैं. वह अपनी आंखों, चेहरे के भाव और हावभाव से अभिनय करते हैं."
उनके मुताबिक़, 'हनुमान अंश' अचानक सामने आई एक ब्लॉकबस्टर फ़िल्म है, जिसे दो करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था.
वह कहते हैं, "धुरंधर, हनुमान अंश और दृश्यम 3 जैसी कई फ़िल्मों ने पुरानी धारणाएं तोड़ी हैं. फ़िल्म उद्योग जिन बातों को किसी फ़िल्म की सफलता के लिए ज़रूरी मानता है, दर्शक उन्हें ग़लत साबित कर रहे हैं."
वह कहते हैं कि "फ़िल्म 'टॉक्सिक' ने भी एक और धारणा तोड़ी. फ़िल्म ने 50 करोड़ रुपये की शानदार शुरुआत की, लेकिन इसकी रिपोर्ट इतनी ख़राब थी कि अगले ही दिन इसकी कमाई गिर गई. इसकी कहानी भी कमज़ोर थी."
तरण आदर्श के मुताबिक़, दर्शकों की स्वाभाविक तारीफ़ ने 'हनुमान अंश' जैसी फ़िल्म को आगे बढ़ाया.
इस फ़िल्म की निर्माता पहली बार कोई फ़िल्म बना रही थीं. मुख्य भूमिका में नया कलाकार था. फ़िल्म में न चकाचौंध थी और न ही प्रचार, क्योंकि इसके निर्माताओं के पास इसके लिए पैसे नहीं थे.
' फ़िल्मों की मार्केटिंग का तरीक़ा ग़लत है'
सिनेमाघर संचालक राज बंसल मानते हैं कि आज निर्माता जिस तरह की मार्केटिंग कर रहे हैं, वह ग़लत है.
वह कहते हैं, "आप मॉल और रेस्टोरेंट में जाकर अपनी फ़िल्म का प्रचार करते हैं. फ़िल्म के प्रचार के लिए निजी विमानों में सफ़र करते हैं, लेकिन इससे कोई फ़ायदा नहीं होता."
"आपको प्रिंट मीडिया और टेलीविज़न पर इंटरव्यू देकर अपनी फ़िल्म के बारे में बात करनी चाहिए. आप कपिल शर्मा के शो या किसी दूसरे कार्यक्रम में जाते हैं, लेकिन इससे बॉक्स ऑफ़िस पर कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता."
राज बंसल कहते हैं, "टेलीविज़न चैनल आपके ट्रेलर को कई मिनट तक मुफ़्त में दिखाता है. इसलिए आपने अपनी फ़िल्म के प्रचार का बजट बचाने के लिए व्यावसायिक रूप से एक अलग रास्ता अपना लिया है. लेकिन आप जिन रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं, वे फ़िल्म उद्योग को नुक़सान पहुंचा रहे हैं."
उनके मुताबिक़, सोशल मीडिया आज फ़िल्मों की मार्केटिंग का एक नया साधन बन गया है.
वह कहते हैं, "सोशल मीडिया पर अपनी फ़िल्म का प्रचार कीजिए, लेकिन पैसे देकर कराई जाने वाली समीक्षाएं फ़िल्मों के कारोबार को नुक़सान पहुंचा रही हैं."
राज बंसल का आरोप है कि अभिनेता अपनी पीआर एजेंसियों, इन्फ़्लुएंसर्स और पैसे लेकर काम करने वाले प्रशंसकों के ज़रिए दूसरे अभिनेताओं को नीचा दिखा रहे हैं.
वह कहते हैं, "जब किसी अभिनेता की फ़िल्म रिलीज़ होती है, तो उसकी फ़िल्म की आलोचना शुरू कर दी जाती है या उसके पुराने वीडियो निकालकर सामने लाए जाते हैं. इससे फ़िल्म के ख़िलाफ़ नकारात्मक प्रचार होता है."
राज बंसल के मुताबिक़, हिंदी सिनेमा तीन मोर्चों पर नाकाम हो रहा है.
वह कहते हैं, "हमारे पास अच्छी पटकथाएं और अच्छा संगीत नहीं हैं, क्योंकि हम इन पर पैसे ख़र्च नहीं करना चाहते."
"एक और बात कि निर्देशक पूरी फ़िल्म का कप्तान होता है, लेकिन हम उसका सम्मान नहीं करते. जबकि दक्षिण भारतीय सिनेमा में ऐसा नहीं है और उनकी सफलता की यही वजह है."
वह कहते हैं, "मेरे दोस्त का कहना है कि आज सिनेमाघर में फ़िल्म देखना महंगा हो गया है. इसलिए लोग फ़िल्म के ओटीटी पर आने का इंतज़ार करते हैं या मंगलवार को फ़िल्म देखते हैं, जब टिकटों की क़ीमत बहुत कम होती है."
'बंटवारा' और 'सन ऑफ़ सरदार 2' क्यों नहीं चलीं?
इस साल बड़े बजट की नाकाम फ़िल्मों के बारे में राज बंसल कहते हैं कि 'बंटवारा' अपनी कास्टिंग की वजह से नहीं चली.
वह कहते हैं, "फ़िल्म का मुख्य किरदार सनी देओल ने निभाया था. उन्होंने अपनी पूरी ज़िंदगी अपनी फ़िल्मों में पाकिस्तान को निशाना बनाया है. यही उनकी सफलता का फ़ॉर्मूला रहा है. लेकिन इस फ़िल्म में कहानी इसके उलट थी."
राज बंसल कहते हैं कि फ़िल्म में शबाना आज़मी को एक हिंदू महिला की भूमिका दी गई, जबकि उनकी छवि एक कट्टर मुस्लिम की मानी जाती है.
उनके मुताबिक़, सनी देओल ने अपने बेटे को आगे बढ़ाया और प्रीति ज़िंटा को इसलिए लिया गया क्योंकि उनकी तारीख़ें आसानी से मिल सकती थीं और उन्होंने शीर्ष अभिनेत्रियों के मुक़ाबले कम फ़ीस ली.
वह कहते हैं, "लेकिन सच्चाई यह है कि आज उनके नाम पर फ़िल्म नहीं बिकती. इसलिए यह कास्टिंग की नाकामी थी."
राज बंसल 'सन ऑफ़ सरदार 2' को भी बड़े बजट वाली ऐसी फ़िल्म मानते हैं, जिसमें कलाकारों का चुनाव ग़लत था.
वह कहते हैं, "आप संजय दत्त की जगह रवि किशन को लेने के बारे में सोच भी कैसे सकते हैं? इसी वजह से फ़िल्म फ़्लॉप हुई."
वह कहते हैं कि 'दृश्यम 3' के निर्देशक को अपनी कहानी और किरदारों पर पूरा भरोसा था.
इसलिए उन्होंने अक्षय खन्ना को उनकी मांगी हुई फ़ीस नहीं दी और उनकी जगह जयदीप अहलावत को चुना, जो पहले के किरदारों के मुक़ाबले उनकी कहानी में बेहतर बैठते थे.
वह कहते हैं, "फ़िल्म बनी और सुपरहिट हो गई. यह अजय देवगन और निर्देशक के करियर की सबसे बड़ी फ़िल्म है."
"अगर इस फ़िल्म में अक्षय खन्ना होते, तो इसकी सफलता का आधा श्रेय उन्हें मिल जाता."
उनके मुताबिक़, आज हिंदी सिनेमा में पुरुष अभिनेताओं की बहुत अधिक फ़ीस फ़िल्मों के बॉक्स ऑफ़िस पर नाकाम होने की एक बड़ी वजह है.
कोई फ़िल्म हिट या फ़्लॉप कैसे तय होती है?
"साल 2026 में 'धुरंधर 2' के रूप में हमें पहली बार एक हज़ार करोड़ रुपये कमाने वाली फ़िल्म मिली."
सिनेमाघर संचालक अक्षय राठी मानते हैं कि पिछले कुछ वर्षों में हिंदी सिनेमा का कारोबार बहुत तेज़ी से बढ़ा है. भारत के साथ विदेशों में भी इसका बाज़ार फैला है.
वह कहते हैं, "100 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली पहली फ़िल्म 'गजनी' थी. उसने रिकॉर्ड तोड़े और कमाई का एक नया पैमाना तय किया."
"साल 2026 में 'धुरंधर 2' के रूप में हमें पहली बार एक हज़ार करोड़ रुपये कमाने वाली फ़िल्म मिली."
अक्षय राठी कहते हैं कि किसी फ़िल्म के हिट या फ़्लॉप होने का फ़ैसला उसकी बॉक्स ऑफ़िस कमाई से अधिक निवेश पर मिलने वाले फ़ायदे के आधार पर किया जाता है.
वह कहते हैं, "'12वीं फ़ेल' जैसी फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर 50 करोड़ रुपये कमाकर हिट हो सकती है. वहीं कोई फ़िल्म 100 करोड़ रुपये कमाने के बावजूद अपने बहुत बड़े बजट के कारण फ़्लॉप हो सकती है."
उनके मुताबिक़, निवेश पर मिले फ़ायदे के लिहाज़ से 'हनुमान अंश' हिंदी सिनेमा के इतिहास की सबसे अधिक मुनाफ़ा कमाने वाली फ़िल्मों में से एक हो सकती है.
वह कहते हैं, "फ़िल्म उद्योग को चलते रहने के लिए हर तरह की फ़िल्म बननी चाहिए. हर फ़िल्म का अपना असर और अपना दर्शक वर्ग होता है."
"यह बहुत ज़रूरी है कि सभी तरह की फ़िल्में लगभग बराबर संख्या में बनें, ताकि भारत में बॉक्स ऑफ़िस का कारोबार लंबे समय तक मज़बूत और बेहतर बना रहे."
'दर्शकों को हल्के में नहीं लिया जा सकता'
हिंदी सिनेमा के कारोबार, मार्केटिंग के तरीक़ों और मौजूदा परेशानियों पर 'दृश्यम 3' के निर्माता कुमार मंगत पाठक कहते हैं कि दर्शक अब पहले के मुक़ाबले बहुत सोच-समझकर फ़िल्म चुनते हैं.
वह कहते हैं, "आज आप दर्शकों को हल्के में नहीं ले सकते. उनके पास बहुत सारे विकल्प हैं. वे सिनेमाघर तभी आएंगे, जब उन्हें लगेगा कि कोई फ़िल्म देखने लायक है."
"निर्माता के तौर पर हमें अच्छी कहानियों, समझदारी से तय किए गए बजट और दर्शकों की पसंद को समझने पर ध्यान देना चाहिए."
कुमार मंगत पाठक कहते हैं कि उनके लिए हर फ़िल्म की शुरुआत कहानी से होती है.
वह कहते हैं, "जब हमने 'ओमकारा' बनाई, तो शेक्सपियर के 'ऑथेलो' का हिंदी रूपांतरण बनाने का जोखिम उठाया था."
"यह आम विषय नहीं था, लेकिन हमें फ़िल्म और उसकी संभावनाओं पर भरोसा था. उस अनुभव ने मुझे सिखाया कि कई बार आपको अपने विश्वास पर भरोसा करना पड़ता है."
"निर्देशक, कलाकारों के चुनाव और बजट पर भी ध्यान देना पड़ता है, लेकिन मेरे लिए कहानी हमेशा पहला क़दम होती है."
फ़िल्म का बजट किन हिस्सों में बंटता है?
फ़िल्म के बजट के बारे में कुमार मंगत पाठक कहते हैं, "इसमें अभिनेताओं की फ़ीस, निर्देशक और तकनीकी कर्मचारियों का मेहनताना, शूटिंग, निर्माण और शूटिंग के बाद होने वाले काम का ख़र्च शामिल होता है."
"इसके बाद मार्केटिंग और प्रचार का ख़र्च आता है. बजट इस पर निर्भर करता है कि आप किस तरह की फ़िल्म बना रहे हैं."
उनके मुताबिक़, 'स्पेशल 26' और 'रेड' जैसी फ़िल्में बनाते समय कहानी के स्तर को समझना और उसी के मुताबिक़ ख़र्च की योजना बनाना ज़रूरी है.
वह कहते हैं, "मेरा मानना है कि आपको फ़िल्म की कमाई की क्षमता के मुताबिक़ पैसा ख़र्च करना चाहिए, क्योंकि फ़िल्म बनाना जितना महत्वपूर्ण है, निवेश की रकम वापस निकालना भी उतना ही ज़रूरी है."
किसी फ़िल्म की पूरी आर्थिक स्थिति समझने के लिए उसके बजट, प्रिंट और प्रचार के ख़र्च, पहले तीन दिनों की कमाई और कुल कमाई को देखा जाता है.
कुमार मंगत पाठक कहते हैं कि निर्माता सबसे पहले फ़िल्म में किए गए कुल निवेश को देखते हैं. इसमें फ़िल्म बनाने और उसके प्रचार पर हुआ ख़र्च शामिल होता है.
वह कहते हैं, "पहले सप्ताहांत की कमाई से इस बात का संकेत मिलता है कि फ़िल्म कैसा प्रदर्शन कर रही है, लेकिन इससे पूरी कहानी पता नहीं चलती."
"आख़िर में आपको यह देखना पड़ता है कि फ़िल्म ने पूरे समय में कितना कारोबार किया और वास्तव में कितनी रकम वापस आई."
उनका कहना है कि बड़े, मध्यम या छोटे बजट की फ़िल्म की कोई एक तय परिभाषा नहीं है. यह फ़िल्म के स्तर, कलाकारों और विषय पर निर्भर करता है.
वह कहते हैं, "फ़िल्म 'प्यार का पंचनामा' इस बात का अच्छा उदाहरण है कि दर्शकों से जुड़ने के लिए किसी फ़िल्म का बजट हमेशा बहुत बड़ा होना ज़रूरी नहीं है."
"दूसरी ओर, बड़े स्तर पर बनाई गई फ़िल्म को अपने स्तर के मुताबिक़ कारोबार भी करना पड़ता है. फ़िल्म को उतनी लागत में बनाना ज़रूरी है, जितनी कमाई करने की उसमें क्षमता हो."
क्या बड़े बजट की फ़िल्मों का दौर ख़त्म हो रहा है?
क्या बड़े सितारों वाली महंगी फ़िल्मों का दौर ख़त्म हो रहा है, क्योंकि वे अपनी लागत नहीं निकाल पा रही हैं?
इस सवाल पर कुमार मंगत पाठक कहते हैं, "नहीं, मुझे नहीं लगता कि बड़े बजट की फ़िल्में कहीं जा रही हैं. दर्शक अब भी बड़े पर्दे पर बड़ी फ़िल्में देखना पसंद करते हैं."
"लेकिन बड़ा सितारा या बड़ा बजट किसी फ़िल्म की सफलता की गारंटी नहीं है. 'शैतान' ने दिखाया कि एक मज़बूत विचार भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक ला सकता है. फ़िल्म को लोगों से जुड़ना चाहिए और उसकी लागत कारोबार के लिहाज़ से उचित होनी चाहिए."
कुमार मंगत पाठक कहते हैं कि पिछले कुछ वर्षों में मार्केटिंग और प्रचार का ख़र्च बढ़ा है, क्योंकि फ़िल्मों के प्रचार का तरीक़ा पूरी तरह बदल गया है.
वह कहते हैं, "आज हम डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म, सोशल मीडिया, आउटडोर विज्ञापन, कार्यक्रमों और कई दूसरे माध्यमों का इस्तेमाल करते हैं."
"दर्शकों का ध्यान खींचने की होड़ भी पहले से बहुत अधिक है. लेकिन मेरा मानना है कि अधिक पैसा ख़र्च करने का मतलब हमेशा बेहतर मार्केटिंग नहीं होता."
उनके मुताबिक़, हिंदी फ़िल्म उद्योग की मौजूदा परेशानी यह है कि लागत बढ़ गई है और दर्शक पहले से अधिक सोच-समझकर फ़िल्में चुन रहे हैं.
वह कहते हैं, "कई बार किसी फ़िल्म का बजट इतना अधिक होता है कि उसे केवल अपनी लागत निकालने के लिए भी असाधारण कारोबार करना पड़ता है."
"हमने 'दृश्यम' जैसी फ़िल्मों के साथ देखा है कि एक मज़बूत कहानी और दिलचस्प पटकथा दर्शकों के साथ लंबे समय तक रिश्ता बना सकती है. हमें अच्छी सामग्री पर ध्यान देना और लागत को लेकर व्यावहारिक होना होगा."
हिंदी फ़िल्म उद्योग की मुश्किलें कैसे दूर हो सकती हैं?
कुमार मंगत पाठक कहते हैं कि फ़िल्म उद्योग को बजट तय करते समय अधिक अनुशासित होना होगा और हर फ़िल्म की कमाई की संभावना को ईमानदारी से देखना होगा.
वह कहते हैं, "हर फ़िल्म को बड़े स्तर पर बनाने की ज़रूरत नहीं है."
"हमने 'ओमकारा' और 'स्पेशल 26' से लेकर 'प्यार का पंचनामा' और 'दृश्यम' तक अलग-अलग तरह की फ़िल्में बनाई हैं."
"अलग-अलग विषयों के लिए अलग तरीक़े अपनाने पड़ते हैं. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमारे पास अच्छी सामग्री और समझदारी से बनाई गई योजना हो."
उनका कहना है कि फ़िल्म बनाने की लागत अधिक वास्तविक होनी चाहिए.
वह कहते हैं, "किसी अभिनेता की फ़ीस का फ़िल्म की कमाई की क्षमता के हिसाब से उचित होना ज़रूरी है. इसका मतलब यह नहीं है कि सितारों को अच्छी फ़ीस नहीं मिलनी चाहिए. बात केवल यह सुनिश्चित करने की है कि फ़िल्म की पूरी आर्थिक योजना सही तरीक़े से काम करे."
"फ़िल्म को आर्थिक रूप से चलने लायक बनाने में सभी लोगों को योगदान देना होगा, क्योंकि निवेश की आख़िरी ज़िम्मेदारी निर्माता की होती है."
कुमार मंगत पाठक कहते हैं, "मेरे लिए हिट वह फ़िल्म है, जो अपनी लागत निकालने के बाद मुनाफ़ा कमाती है. फ़्लॉप वह फ़िल्म है, जो अपनी लागत भी वापस नहीं निकाल पाती."
"किसी फ़िल्म की केवल कुल कमाई देखकर उसका फ़ैसला नहीं किया जा सकता. फ़िल्म का बजट और वास्तव में वापस आई रकम सबसे ज़्यादा मायने रखती है."
वह कहते हैं, "पैनोरमा में 'ओमकारा' से लेकर 'दृश्यम', 'रेड' और 'शैतान' तक हमारा सफ़र अलग-अलग तरह की कहानियों का समर्थन करने और उनके लिए सही दर्शक तलाशने का रहा है."
"हमारी फ़िल्मों को 50 से अधिक प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले हैं. यह उत्साह बढ़ाने वाली बात है, लेकिन आख़िर में हर फ़िल्म को व्यावसायिक रूप से अपने पैरों पर खड़ा होना पड़ता है."
टिकटों की कुल बिक्री निर्माता की कमाई नहीं होती
सफल फ़िल्म 'हनुमान अंश' की निर्माता अनुप्रिया नागर कहती हैं कि किसी फ़िल्म की लागत और बॉक्स ऑफ़िस पर बताई जाने वाली कुल कमाई की तुलना करके ही उसकी आर्थिक स्थिति नहीं समझी जा सकती.
वह कहती हैं, "सबसे पहले फ़िल्म बनाने का ख़र्च आता है. इसमें शूटिंग, कलाकार, फ़िल्म से जुड़े कर्मचारी, जगह, उपकरण और शूटिंग के बाद होने वाले काम का ख़र्च शामिल होता है."
"इसके बाद प्रिंट और प्रचार का ख़र्च आता है, जिसे आम तौर पर पीएंडए कहा जाता है."
"इसमें ट्रेलर, पोस्टर, डिजिटल मार्केटिंग, मीडिया में प्रचार, प्रचार सामग्री और फ़िल्म को सिनेमाघरों तक पहुंचाने का ख़र्च शामिल होता है."
"पीएंडए अपने आप में एक बड़ा अतिरिक्त ख़र्च हो सकता है. इसलिए फ़िल्म की कुल लागत निकालते समय इसे भी शामिल करना ज़रूरी है."
अनुप्रिया नागर कहती हैं कि सार्वजनिक रूप से बताई जाने वाली बॉक्स ऑफ़िस की कुल कमाई निर्माता की आमदनी नहीं होती.
वह कहती हैं, "इसमें से सबसे पहले टैक्स काटा जाता है. फिर सिनेमाघर या प्रदर्शक समझौते के मुताबिक़ अपना हिस्सा रखता है."
"फ़िल्म के वितरण का ख़र्च और कमीशन भी काटा जा सकता है. इन सभी कटौतियों के बाद बची रकम अलग-अलग समझौतों के मुताबिक़ निर्माता या अधिकार रखने वाले व्यक्ति तक पहुंचती है."
उनके मुताबिक़, फ़िल्म की रिलीज़ के पहले तीन दिनों की कमाई से लोगों में उसके बारे में जानकारी और उसे देखने की शुरुआती मांग का पता चलता है.
वहीं, पूरी अवधि की कमाई से पता चलता है कि दर्शकों ने फ़िल्म के बारे में दूसरों से क्या कहा और फ़िल्म कितने समय तक सिनेमाघरों में टिकी रही.
वह कहती हैं, "अच्छी शुरुआती कमाई से अपने आप मुनाफ़े की गारंटी नहीं मिलती. इसी तरह मामूली शुरुआत का मतलब यह नहीं है कि फ़िल्म का सफ़र ख़त्म हो गया."
'हनुमान अंश' की कमाई कैसे बढ़ी?
अनुप्रिया नागर कहती हैं कि 'हनुमान अंश' इसका एक उदाहरण है.
वह कहती हैं, "हमने फ़िल्म की शुरुआत सीमित स्तर पर की थी. लेकिन जैसे-जैसे दर्शकों ने फ़िल्म देखी और दूसरों से इसकी सिफ़ारिश की, इसका कारोबार बढ़ता गया."
"मैं समझौतों से जुड़ी या गोपनीय आर्थिक जानकारियां सार्वजनिक नहीं करना चाहूंगी. लेकिन सुर्ख़ियों में दिखाई जाने वाली बॉक्स ऑफ़िस कमाई और निर्माता को वास्तव में वापस मिलने वाली रकम दो बहुत अलग बातें हैं."
उनके मुताबिक़, फ़िल्म की लागत विदेशों से होने वाली कमाई, डिजिटल, सैटेलाइट, संगीत और दूसरे अधिकारों को बेचकर भी निकाली जा सकती है.
इसलिए फ़िल्म की पूरी आर्थिक स्थिति समझने के लिए कुल लागत, सिनेमाघरों से मिलने वाला हिस्सा और कमाई के दूसरे सभी साधनों को ध्यान में रखना पड़ता है.
'हिंदी फ़िल्म उद्योग बीमार नहीं, बदलाव के दौर में है'
हिंदी फ़िल्म उद्योग की मौजूदा स्थिति के बारे में अनुप्रिया नागर कहती हैं, "मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि हिंदी फ़िल्म उद्योग बीमार है."
"मेरा मानना है कि यह एक बड़े बदलाव के दौर से गुज़र रहा है."
"अब दर्शकों के पास दुनियाभर की फ़िल्में और दूसरी सामग्री उपलब्ध है. वे किसी बड़े सितारे या बड़े प्रचार अभियान के कारण ही सिनेमाघर नहीं जाते."
"वे अपने समय और पैसे के बदले एक मज़बूत कहानी, भावनात्मक जुड़ाव और सचमुच बड़े पर्दे पर देखने लायक अनुभव चाहते हैं."
अनुप्रिया नागर कहती हैं कि समस्या तब शुरू होती है, जब दर्शकों की पसंद को समझने के बजाय फ़िल्म उद्योग के भीतर चल रहे रुझानों के आधार पर फ़िल्में बनाई जाती हैं.
वह कहती हैं, "कई बार पटकथा पूरी तरह तैयार होने से पहले ही फ़िल्म का स्तर और सितारा तय कर लिया जाता है."
"लागत बढ़ जाती है, लेकिन कहानी उतनी मज़बूत नहीं हो पाती."
"दर्शकों को दोष देने के बजाय फ़िल्म उद्योग को उन्हें फिर से समझने की ज़रूरत है."
उनका कहना है कि छोटे और मध्यम बजट की फ़िल्मों को भी पर्याप्त सिनेमाघर और अपने दर्शक तलाशने का समय मिलना चाहिए.
वह कहती हैं, "हर फ़िल्म को पहले सप्ताहांत में ही हिट या फ़्लॉप घोषित कर देना भी नुक़सान पहुंचाता है."
"दर्शकों ने सिनेमा देखना नहीं छोड़ा है. वे केवल फ़िल्म चुनने में अधिक सावधान हो गए हैं."
पैसे देकर प्रचार और पैसे देकर समीक्षा कराने में क्या अंतर है?
अनुप्रिया नागर कहती हैं कि पैसे देकर सोशल मीडिया पर प्रचार करना और पैसे देकर किसी फ़िल्म की समीक्षा कराना दो बिल्कुल अलग बातें हैं.
वह कहती हैं, "पैसे देकर किया गया प्रचार किसी फ़िल्म को लोगों की नज़र में ला सकता है."
"डिजिटल विज्ञापनों के ज़रिए किसी फ़िल्म के ट्रेलर, संगीत, इंटरव्यू और जानकारी को सही दर्शकों तक पहुंचाना मार्केटिंग का सही तरीक़ा है."
"लेकिन पैसे देकर बढ़ाई गई पहुंच किसी व्यक्ति को टिकट ख़रीदने या फ़िल्म को सच में पसंद करने के लिए मजबूर नहीं कर सकती."
उनके मुताबिक़, पैसे देकर कराई गई समीक्षाएं या जानबूझकर तैयार की गई झूठी तारीफ़ कुछ समय के लिए चर्चा पैदा कर सकती हैं, लेकिन इससे दर्शकों का भरोसा टूट सकता है.
वह कहती हैं, "अगर इंटरनेट पर बनाई गई फ़िल्म की छवि और उसे देखने का असली अनुभव बहुत अलग हो, तो नकारात्मक बातें और भी तेज़ी से फैलती हैं."
"आप पैसे देकर लोगों की नज़र में आ सकते हैं, लेकिन दर्शकों का प्यार नहीं ख़रीद सकते."
अनुप्रिया नागर कहती हैं कि 'हनुमान अंश' के सफ़र में उन्होंने देखा कि दर्शकों की सच्ची सिफ़ारिश ही फ़िल्म के प्रचार का सबसे ताक़तवर ज़रिया बनी.
वह कहती हैं, "असल बदलाव तब शुरू हुआ, जब दर्शकों ने अपनी इच्छा से फ़िल्म के बारे में बात करना और दूसरों को इसे देखने के लिए कहना शुरू किया."
"सोशल मीडिया किसी फ़िल्म के लिए पहला दरवाज़ा खोल सकता है. लेकिन केवल उसकी कहानी और सामग्री ही दर्शकों को सिनेमाघर के भीतर ले जा सकती है और फ़िल्म देखकर संतुष्ट होकर घर भेज सकती है."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
मुंबई, 18 अक्टूबर । 'सास बिना ससुराल', 'मैं ना भूलूंगी', 'त्रिदेवियां' और 'रिश्ता डॉट कॉम' जैसे शो में नजर आ चुकीं टीवी एक्ट्रेस ऐश्वर्या सखुजा पिछले 10 साल से टाइप-1 डायबिटीज से जूझ रही है। इस बीमारी को लेकर उन्होंने बताया कि उन्हें शुरुआत में गलत बीमारी बताई गई थी। बाद में पता चला कि वह टाइप-1 डायबिटीज से जूझ रही हैं। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि पिछले 10 साल उनके लिए इंसुलिन लेने, अपनी बॉडी को समझने और लाइफस्टाइल में बदलाव करने का सफर रहा है। डायबिटीज को मैनेज करना कई बार थका देने वाला रहता है। ऐश्वर्या ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''10 साल पहले मेरी बीमारी का गलत पता लगाया गया था। जब तक मुझे समझ आया कि मेरी बॉडी के साथ क्या हो रहा है, तब तक मुझे अंदाजा भी नहीं था कि मेरी जिंदगी इस तरह बदलने वाली है और मुझे हर दिन इसके साथ तालमेल बिठाना पड़ेगा। आज टाइप-1 डायबिटीज के साथ जीते हुए मुझे 10 साल पूरे हो गए हैं।'' उन्होंने आगे लिखा, ''10 साल से इंसुलिन ले रही हूं। 10 साल से अपनी बॉडी को समझ रही हूं। इस दौरान कई उतार-चढ़ाव आए, बहुत कुछ सीखा, कई बार निराशा हुई और धीरे-धीरे चीजों को समझना पड़ा। इन 10 सालों में मैंने अपना ख्याल रखने की कोशिश की है। उन दिनों में भी जब खुद की देखभाल करना किसी फुल-टाइम जॉब जैसा लगता है।'' एक्ट्रेस ने लिखा, ''मैंने एक्सरसाइज की है और अपने खाने को लेकर भी ध्यान रखा है। मैंने सीखा है कि अपना ख्याल रखने का मतलब परफेक्ट होना नहीं है। इसका मतलब है बार-बार कोशिश करते रहना। इस सफर में मुझे अपनी बॉडी के प्रति थोड़ा और नरम होना भी सीखना पड़ा है। उस बॉडी के प्रति, जिसे इंसुलिन की जरूरत होती है।'' उन्होंने लिखा, ''मैं डायबिटीज को खूबसूरत बनाकर पेश नहीं करूंगी। यह थका देने वाली, कई बार नाइंसाफी जैसी लगने वाली और बहुत मेहनत मांगने वाली बीमारी हो सकती है। लेकिन यह मेरी जिंदगी का एक हिस्सा है, लेकिन मेरी पूरी पहचान नहीं।'' अपनी पोस्ट के आखिर में ऐश्वर्या ने टाइप-1 डायबिटीज के साथ जी रहे लोगों को भी हिम्मत दी। उन्होंने लिखा, ''अपनी सेहत का ध्यान रखने के लिए हर समय परफेक्ट होना जरूरी नहीं है। जरूरी यह है कि इंसान अपनी क्षमता के मुताबिक लगातार कोशिश करता रहे। ब्लड ग्लूकोज मॉनिटर पर दिखने वाले नंबरों से कहीं ज्यादा चीजें डायबिटीज से जुड़ी होती हैं। मुझे उम्मीद है कि आने वाले सालों में मैं खुद के प्रति और ज्यादा धैर्य और नरमी रख पाऊंगी।'' (आईएएनएस)
मुंबई, 17 अक्टूबर । 'थेनिसाई थेंड्रल' के नाम से मशहूर दिग्गज तमिल संगीत निर्देशक देवा ने शनिवार को 75 साल की उम्र में एक प्राइवेट अस्पताल में अंतिम सांस ली। दिग्गज संगीतकार के निधन की खबर से पूरी तमिल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई और हर कोई गम में डूबा हुआ है। इंडस्ट्री के सूत्रों ने बताया कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें तमिलनाडु के कोडंबक्कम स्थित सूर्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। देवा ने कई सुपरहिट फिल्मों में संगीत दिया है, जिनमें सुपरस्टार रजनीकांत की 'अण्णामलाई', 'अरुणाचलम' और 'बाशा' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं। उन्होंने साल 1986 में तमिल फिल्म 'माटुकारा मन्नारु' से सिनेमा में डेब्यू किया था। सिनेमा में गाना संगीत शैली को लाने का श्रेय भी देवा को ही दिया जाता है। उन्होंने कई गाना शैली के गीतों को कंपोज किया और कई गाने खुद गाए भी हैं। कुछ हफ्ते पहले ही संगीत निर्देशक देवा ने तमिल फिल्म 'मिसाया मुरुक्कु 2' के सक्सेस मीट में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने बताया था कि वह तमिल सिनेमा में गाना शैली लेकर क्यों आए। उन्होंने कहा था, "मैं 28वां संगीत निर्देशक था जिसने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था, उस समय इलैयाराजा का राज चलता था। मेरे से पहले 27 संगीत निर्देशकों ने डेब्यू किया था और टिक नहीं पाए। ऐसे समय में जब दो दिग्गज संगीतकारों का दबदबा था, मेरा बने रहना छोटी बात नहीं है। एक तरफ इलैयाराजा जैसे महान संगीतकार थे और दूसरी तरफ एआर रहमान। मैं जो भी गाना बनाता, वो या तो इलैयाराजा के गाने जैसा लगता या अगर वेस्टर्न नंबर बनाता तो रहमान जैसा लगता। ऐसे हालात में मैं अपनी एक अलग पहचान चाहता था, इसलिए मैं गाना शैली लेकर आया।" देवा तमिलनाडु सरकार के प्रतिष्ठित कलैमामणि पुरस्कार के विजेता थे और उन्होंने पहली बार 1990 में तमिलनाडु सरकार का स्टेट फिल्म अवॉर्ड जीता था। देवा के बेटे श्रीकांत देवा भी एक जाने-माने संगीत निर्देशक हैं और उनके भतीजे जय तमिल सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता हैं। दिवंगत संगीत निर्देशक के करीबी सूत्रों का कहना है कि शनिवार दोपहर 2 बजे उनका पार्थिव शरीर वडापलानी स्थित उनके आवास पर ले जाया जाएगा, जहां आम लोग और इंडस्ट्री के लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकेंगे। --(आईएएनएस)
नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर। तमिल फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन ही 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है।
रजनीकांत की 2023 में आई फिल्म ‘जेलर’ की अगली कड़ी ‘जेलर 2’ बृहस्पतिवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म का निर्माण सन पिक्चर्स के बैनर तले कलानिधि ने किया है। इसका निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है, जिन्होंने पहली फिल्म का भी निर्देशन किया था।
फिल्मों के कारोबार पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ के अनुसार, फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 125.25 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसमें घरेलू बॉक्स ऑफिस से 70.25 करोड़ रुपये और विदेशों से 55 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है।
फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है। इसमें मोहनलाल अतिथि भूमिका में और विद्या बालन ‘कांथा’ के किरदार में नजर आएंगी। फिल्म में अन्य कलाकार भी हैं।
‘जेलर’ में रजनीकांत ने सेवानिवृत्त जेलर मुथुवेल पांडियन की भूमिका निभाई थी, जो सेवानिवृत्त होने के बाद अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन बिताता है।
बाद में मूर्ति तस्करी गिरोह की जांच कर रहा उसका ईमानदार पुलिस अधिकारी बेटा लापता हो जाता है और उसे मृत मान लिया जाता है।
फिल्म में राम्या कृष्णन, वसंत रवि, योगी बाबू, मिर्ना मेनन, सुनील और खलनायक की भूमिका निभाने वाले विनायकन भी थे। फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 600 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। (भाषा)
मुंबई, 15 अक्टूबर । बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भांजे इमरान खान की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मुंबई पुलिस ने अभिनेता को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है। इमरान खान पर इमिग्रेशन एंड फॉरेन एक्ट 7 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। इमरान ने इस नोटिस की कॉपी रिसीव कर ली है। यह कार्रवाई मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में शामिल होने के बाद की गई है। पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया था। अब इमिग्रेशन एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई के बाद मामला फिर से चर्चा में आ गया है। दरअसल, 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था। यह प्रदर्शन दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से किए जा रहे आंदोलन के समर्थन में था। प्रदर्शनकारी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) से जुड़े विवाद को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसी प्रदर्शन में इमरान खान भी शामिल हुए थे। प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने इमरान खान समेत बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया था। पुलिस ने अगस्त क्रांति मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग भी की गई थी।
इस दौरान इमरान को पुलिस वाहन में ले जाते हुए वीडियो भी सामने आए थे, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे। हालांकि बाद में अभिनेता को रिहा कर दिया गया था। इसके बाद मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन से जुड़े मामले में इमरान खान और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की थी। अब अभिनेता को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिए जाने से यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। पुलिस की यह कार्रवाई इमरान के भारतीय नागरिक नहीं होने और भारत में रहते हुए राजनीतिक प्रदर्शन में हिस्सा लेने से जुड़ी है। इस पूरे मामले में भारतीय जनता पार्टी के नेता किरीट सोमैया ने भी इमरान खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने मुंबई पुलिस को पत्र लिखकर सवाल उठाया था कि क्या कोई विदेशी नागरिक भारत में राजनीतिक प्रदर्शन में हिस्सा ले सकता है। सोमैया ने अभिनेता को भारत से बाहर भेजने की मांग भी की थी। उनके मुताबिक, इमरान विदेशी नागरिक हैं, और ऐसे में उनके प्रदर्शन में शामिल होने के मामले की जांच होनी चाहिए। इमरान खान के मामले में ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड का मुद्दा भी चर्चा में रहा है। बता दें कि ओसीआई कार्ड भारतीय मूल के विदेशी नागरिकों को भारत में रहने और कई तरह की सुविधाओं का लाभ उठाने की अनुमति देता है, लेकिन यह भारत की पूर्ण नागरिकता नहीं है। फिलहाल, इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिए जाने और उनके इसकी कॉपी रिसीव करने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि इमरान खान इस नोटिस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और पुलिस की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है। --(आईएएनएस)
मुंबई, 15 अक्टूबर । सिंगर अभिजीत सावंत एक बार फिर 'इंडियन आइडल' के मंच पर लौटने के लिए तैयार हैं। रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' के पहले सीजन के विनर बने अभिजीत ने करीब 20 साल पहले इसी मंच से अपनी पहचान बनाई थी। अब वह 'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' में नजर आएंगे। शो में वापसी को लेकर वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इस मंच पर लौटना उनके लिए घर वापस आने जैसा है। 'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' में अपनी वापसी को लेकर अभिजीत ने कहा, ''इस मंच पर खड़े होने का एक अलग ही जोश और उत्साह है। यह वही मंच है, जिसने मुझे मेरी पहचान दी। अपने पुराने साथी कंटेस्टेंट्स के साथ यहां लौटकर और इस अनुभव को साझा करके मैं बहुत खुश हूं। 'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' में वापस आना ऐसा है, जैसे मैं अपने घर लौट आया हूं।'' उन्होंने कहा, ''मुझे पूरा भरोसा है कि इस बार दर्शक मुझे 20 साल पहले से भी ज्यादा प्यार देंगे।'' अभिजीत की इस वापसी को लेकर शो के फैंस भी उत्साहित हैं। शो का एक नया प्रोमो भी सामने आया है, जिसमें अभिजीत के सफर की झलक दिखाई गई है। प्रोमो में उनकी पहली परफॉर्मेंस से शुरू हुई कहानी को दिखाया गया है। इसमें सिंगर और म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया भी नजर आ रहे हैं। हिमेश ने अभिजीत की तारीफ करते हुए कहा, ''उनकी वापसी से शो ब्लॉकबस्टर साबित होगा। उन्होंने 'इंडियन आइडल' से अपने जुड़ाव को हमेशा सम्मान दिया है।
इसके साथ ही म्यूजिक की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।'' अभिजीत सावंत ने 'इंडियन आइडल' के पहले सीजन में जीत हासिल करने के बाद म्यूजिक की दुनिया में अपनी अलग जगह बनाई। साल 2005 में उनका पहला सोलो एल्बम 'आपका अभिजीत सावंत' रिलीज हुआ। इसी साल उन्होंने फिल्म 'आशिक बनाया आपने' के लिए प्लेबैक सिंगिंग भी की। इस फिल्म में उन्होंने 'मर जावां मिट जावां' गाना गाया था, जिसे दर्शकों ने पसंद किया। इसके बाद साल 2007 में उनका दूसरा एल्बम 'जुनून' रिलीज हुआ। वहीं, 2013 में उन्होंने अपना तीसरा स्टूडियो एल्बम 'फरीदा' रिलीज किया। सिंगिंग के अलावा अभिजीत ने एक्टिंग में भी हाथ आजमाया। उन्होंने साल 2009 में फिल्म 'लॉटरी' से एक्टिंग की शुरुआत की थी। इसके अलावा वह फिल्म 'तीस मार खान' के आखिर में भी छोटी-सी भूमिका में नजर आए। उन्होंने रोमांटिक ड्रामा सीरीज 'कैसा ये प्यार है' और क्राइम थ्रिलर सीरीज 'सीआईडी' में भी स्पेशल अपीयरेंस दिया। अब अभिजीत एक बार फिर उसी मंच पर लौट रहे हैं, जहां से उनके करियर की शुरुआत हुई थी। 'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' का प्रीमियर 17 अक्टूबर को सोनी टीवी पर होगा। -(आईएएनएस)
मुंबई, 6 अक्टूबर । भारतीय मनोरंजन जगत में शरद केलकर एक ऐसा नाम है जो दमदार आवाज और बहुमुखी अभिनय के लिए जाने जाते हैं। 7 अक्टूबर 1976 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जन्मे शरद ने धारावाहिक से अपने करियर की शुरुआत की थी। शरद केलकर का नाम एक्टिंग की दुनिया में तो है ही लेकिन उनकी आवाज आज देश की नंबर 1 फिल्म 'बाहुबली 2' के नाम है। आपको जानकर हैरानी होगी कि एक ऐसा भी समय था जब वो काफी हकलाते थे। केलकर का जन्म एक मराठी परिवार में हुआ और उनका पालन-पोषण ग्वालियर में हुआ। उनके पिता मध्य प्रदेश सरकार में पीडब्ल्यूडी इंजीनियर थे। केलकर ने एमबीए के बाद शरद ने मुंबई की चकाचौंध वाली दुनिया में कदम रखा। 2004 में केलकर ने दूरदर्शन पर प्रसारित शो आक्रोश से टेलीविजन में पदार्पण किया, जिसमें उन्होंने इंस्पेक्टर सचिन कुलकर्णी की भूमिका निभाई। हालांकि केलकर को 'सिंदूर तेरे नाम का' और 'सात फेरे' जैसे धारावाहिक से असली पहचान मिली। 2009 में 'बैरी पिया' में ठाकुर दिग्विजय सिंह भदौरिया का किरदार निभाकर वह प्रसिद्ध हुए। इस किरदार के लिए केलकर को 2010 के गोल्ड अवॉर्ड्स में बेस्ट निगेटिव एक्टर का खिताब मिला। शरद केलकर ने 'रॉक-एन-रोल फैमिली' और 'पति पत्नी और वो' जैसे कई शो भी होस्ट कर चुके हैं। 2011 में 'उतरन' में सात्या का ग्रे शेड वाला रोल निभाकर उन्होंने साबित किया कि वह हर रोल में फिट हो सकते हैं। शरद केलकर की फिल्मी दुनिया में एंट्री 2013 में हुई।
केलकर को संजय लीला भंसाली की फिल्म 'गोलियों की रासलीला रामलीला' में एक भूमिका की पेशकश की गई, जहां उन्होंने एक अधिकार जताने वाले बड़े भाई का किरदार निभाया। इसके बाद 2014 की मराठी ब्लॉकबस्टर 'लई भारी' में खलनायक संगम के रोल निभाकर मराठी सिनेमा के चहेते बन गए। बॉलीवुड में 'हाउसफुल 4' के सूर्यभान माइकल भाई ने कॉमेडी का जलवा बिखेरा, तो 'तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर' में छत्रपति शिवाजी महाराज का दमदार रोल निभाया। इसके अलावा, अक्षय कुमार की फिल्म 'लक्ष्मी' में लक्ष्मी के रोल में अद्भुत क्षमता दिखाई। केलकर ने हिंदी, मराठी के अलावा तमिल और तेलगु फिल्मों में भी अपने अभिनय की छाप छोड़ी है। कभी हकलाने वाले शरद केलकर एक बेहतरीन वॉयसओवर आर्टिस्ट भी हैं। उनके वॉयसओवर का मैजिक 'बाहुबली' सीरीज, हॉलीवुड और साउथ की कई फिल्मों में दिखाई देता है। एक इंटरव्यू में शरद केलकर ने बताया था कि "बचपन में हकलाने की वजह से उन्हें बेरहमी से तंग किया जाता था। अब, मैं एक ऐसे पेशे में हूं जिसमें मुझे अपनी बोलने की कला का इस्तेमाल करना पड़ता है। मैं हकलाता था, इसलिए अभिनय मेरे लिए एक दूर की बात थी। मैं बहुत हकलाता था, इसलिए अस्वीकृतियां मुझे निराश करती थीं। हालांकि इसने मुझे मजबूत बनाया, इसने मुझे अपनी कमियों को सुधारने की ताकत दी। हकलाना एक समस्या थी, इसलिए मैंने इससे छुटकारा पाया। हकलाने से छुटकारा पाने में मुझे दो साल लगे।" एक अलग इंटरव्यू में केलकर ने बताया था कि एक आर्टिस्ट अपनी डबिंग से अपनी परफॉर्मेंस अच्छी भी कर सकता है और बुरी भी। जब मैं टीवी किया करता था, तब तो डबिंग करने का वक्त ही नहीं मिलता था। जब मैंने आवाज और डबिंग की अहमियत को जाना, तो मुझे लगा कि ये मेरे लिए जरूरी है। इसके बाद मैंने बाकायदा डबिंग की ट्रेनिंग ली। दिलचस्प बात यह है कि 'तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर' में छत्रपति शिवाजी महाराज के किरदार को पर्दे पर उतारने के लिए शरद केलकर को सिर्फ चार दिनों का समय मिला था। इतने कम समय में उन्होंने महाराज की गरिमा, शौर्य और शालीनता को आत्मसात किया, जो फिल्म में दिखाई दिया। (आईएएनएस)
मुंबई, 28 सितंबर । सिनेमाघरों में इन दिनों अलग-अलग जॉनर की फिल्में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। बीते हफ्ते साउथ सुपरस्टार नानी की एक्शन-ड्रामा फिल्म 'द पैराडाइज' ने सिनेमाघरों में दस्तक दी, वहीं इसके बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फैंटेसी फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' रिलीज हुई। दोनों फिल्मों की कहानी एक-दूसरे से काफी अलग है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर दोनों ही शानदार कमाई कर रही है। वीकेंड पर 'द वन' की कमाई में जबरदस्त बढ़त देखने को मिली, जबकि 'द पैराडाइज' घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपए के आंकड़े के करीब पहुंच गई। सबसे पहले बात सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' की करते हैं। दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को रिलीज हुए तीन दिन हो गए है। फिल्म ने पहले दिन 8 करोड़ रुपए की नेट कमाई की थी। इसके बाद शनिवार को कमाई बढ़कर 11.25 करोड़ रुपए पहुंच गई। रविवार को फिल्म ने और तेजी पकड़ी और 14 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। इस तरह तीन दिनों में 'द वन' का कुल कलेक्शन 33.25 करोड़ रुपए हो गया है। वीकेंड पर इसे दर्शकों का बेहतर रिस्पॉन्स मिला।
'द वन' की कहानी बिहार के एक गांव और वहां के जंगल से जुड़ी लोककथा पर आधारित है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने ऋषि का किरदार निभाया है, जो अपनी पत्नी ममता के साथ शहर में रहता है। ममता का किरदार तमन्ना भाटिया ने निभाया है। दोनों लंबे समय से माता-पिता बनने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कामयाब नहीं हो पाते। छठ पूजा के मौके पर दोनों अपने पुश्तैनी गांव पहुंचते हैं। यहां ऋषि का सामना ऐसी मान्यताओं से होता है, जिन्हें वह शुरुआत में अंधविश्वास मानता है। गांव के पास मौजूद जंगल में सूर्यास्त के बाद जाना मना है। स्थानीय लोगों का मानना है कि जंगल में वन देवी का वास है और इस जगह के साथ छेड़छाड़ करना भारी पड़ सकता है। कहानी में विकास और प्रकृति का टकराव भी देखने को मिलता है। जब जंगल का कुछ हिस्सा काटकर रास्ता बनाने की कोशिश होती है और ऋषि भी जंगल में प्रवेश करता है, तो उसके सामने ऐसे रहस्य खुलने लगते हैं, जिन पर वह पहले विश्वास नहीं करता था। फिल्म में सिद्धार्थ और तमन्ना के साथ सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, अनूप सोनी और श्वेता तिवारी भी अहम भूमिकाओं में हैं। अब बात नानी की फिल्म 'द पैराडाइज' की करें तो, 24 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआती दिनों में अच्छी कमाई की है। सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने चौथे दिन यानी रविवार को 15.70 करोड़ रुपए की नेट कमाई की। इसके साथ भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 92.10 करोड़ रुपए हो गया है। यानी फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपए के करीब पहुंच गया है। फिल्म के पहले चार दिनों के कलेक्शन पर नजर डालें तो 'द पैराडाइज' ने पहले दिन 34.65 करोड़ रुपए की नेट कमाई की थी। दूसरे दिन फिल्म ने 14.90 करोड़ रुपए कमाए। तीसरे दिन इसकी कमाई 15.25 करोड़ रुपए रही। चौथे दिन यानी रविवार को फिल्म ने 15.70 करोड़ रुपए का बिजनेस किया। इस तरह चार दिनों में भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 92.10 करोड़ रुपए पहुंच गया। फिल्म का दुनिया भर में कुल ग्रॉस कलेक्शन 138.25 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी 'द पैराडाइज' की कहानी 1980 के दशक के सिकंदराबाद की पृष्ठभूमि में है। यहां 'पैराडाइज' नाम की एक बस्ती में सावरी कम्युनिटी बेहद मुश्किल हालात में रहती है। नानी ने जदल का किरदार निभाया है, जो लंबे समय बाद जेल से लौटता है। उसकी मां शमक्का का किरदार सोनाली कुलकर्णी ने निभाया है। मां के साथ हुए अपमान को देखने के बाद जदल के अंदर सालों से दबा गुस्सा बाहर आता है और उसकी निजी बदले की लड़ाई धीरे-धीरे पूरे समुदाय के हक, पहचान और सम्मान की लड़ाई बन जाती है। - (आईएएनएस)
नयी दिल्ली, 27 सितंबर। अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने कहा कि गर्भावस्था के बाद वजन बढ़ने को लेकर ऑनलाइन कुछ उपयोगकर्ताओं ने उनका ‘मजाक' बनाया।
स्वरा भास्कर और फहाद अहमद के यहां 23 सितंबर, 2023 को बेटी राबिया का जन्म हुआ। गर्भावस्था के बाद वजन बढ़ने के कारण अभिनेत्री पिछले तीन वर्षों से नकारात्मक आलोचनाओं का शिकार हो रही हैं।
स्वरा शनिवार को 'राइज एंड फॉल' शो में आई थीं। वह आलोचना करने वालों को करारा जवाब देने के लिए एक ऐसी साड़ी और ब्लाउज पहनकर आईं थी जिस पर "मोटी" लिखा हुआ था।
'तनु वेड्स मनु', 'रांझणा' और 'अनारकली ऑफ आरा' जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुकीं अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें उन सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं द्वारा निशाना बनाया गया है जिन्हें वह जानती भी नहीं हैं।
उन्होंने कहा, "मेरी बेटी तीन साल की है। तीन साल से मुझे इतना लोगों ने...अजनबियों ने, जिनको मैं बिल्कुल नहीं जानती.... सोशल मीडिया पर, यहां वहां मुझे निशाना बनाया।"
उन्होंने आक्रोश जाहिर करते हुए कहा, "मोटी हो गई है, भैंस हो गई है, गाय हो गई है, हिप्पो हो गई है, हाथी हो गई है। मैंने कहा मैं सब हो गई हूं। अब मैं आपकी सारी शब्दावली स्वीकार करती हूं।'' (भाषा)
नयी दिल्ली, 26 सितंबर। तेलुगु सुपरस्टार नानी अभिनीत फिल्म "द पैराडाइज" ने रिलीज के दो दिनों में दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर 114 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है।
फिल्म के प्रोडक्शन बैनर ने शनिवार को 'इंस्टाग्राम' पर फिल्म के पोस्टर के साथ बॉक्स ऑफिस का आंकड़ा साझा किया। पोस्ट के कैप्शन में लिखा 'द पैराडाइज' ने दो दिनों में दुनियाभर में 114 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। अपनी टिकट अभी बुक करें।
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 88 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी।
यह फिल्म एक ऐसे वंचित जनजातीय समुदाय की कहानी है, जिसे उसके बुनियादी अधिकारों से वंचित कर दिया गया है और जो सामाजिक भेदभाव का सामना करता है।
फिल्म में मोहन बाबू, कायाडू लोहार, सोनाली कुलकर्णी और राघव जुयाल भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्माण 'एसएलवी सिनेमाज' ने किया है।
'द पैराडाइज' फिल्म "दसारा" के बाद नानी और निर्देशक ओडेला को फिर से एक साथ लाती है। फिल्म ‘दसारा’ 2023 में रिलीज हुई थी। (भाषा)
एकता नगर (गुजरात), 22 सितंबर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को भारतीय सिनेमा की शीर्ष हस्तियों को वर्ष 2024 के लिए 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से सम्मानित किया और इस दौरान दिग्गज कन्नड़ अभिनेता अनंत नाग को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार दिया गया, जबकि यामी गौतम, ममूटी और कार्तिक आर्यन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला।
आदित्य सुहास जांभले द्वारा निर्देशित फिल्म ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला।
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा पहले ही की जा चुकी थी और मंगलवार को गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ की भव्य पृष्ठभूमि में आयोजित इस समारोह ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।
अभिनेता से निर्देशक बने रणदीप हुड्डा को ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार मिला, जबकि राजकुमार पेरियासामी को तमिल फिल्म ‘अमरन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार मिला।
यामी गौतम को फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में अपने दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। वहीं, ममूटी और कार्तिक आर्यन ने क्रमशः ‘ब्रह्मयुगम’ और ‘चंदू चैंपियन’ में अपने अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार साझा किया।
सुमिरा रॉय द्वारा निर्देशित एवं निर्मित ‘भंगार’ को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला, जिसे रॉय ने प्राप्त किया।
संजीव श्रीवास्तव ने राष्ट्रपति से हिंदी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक का पुरस्कार प्राप्त किया।
सच्चाना नामीदास को तमिल फिल्म ‘महाराजा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला, जबकि रोपाश्री वर्काडी को कन्नड़ फिल्म ‘मिथ्या’ के लिए दूसरी सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।
अभिषेक जैन द्वारा निर्देशित ‘मारण’ को सर्वश्रेष्ठ गुजराती फिल्म का पुरस्कार प्रदान किया गया।
तेलुगु फिल्म ‘पुष्पा: द रूल पार्ट-02’ को सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिजाइन का पुरस्कार मिला, जबकि बंडरेड्डी सुकुमार को इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ पटकथा का पुरस्कार दिया गया।
आर कलाईवन्नन को तमिल फिल्म ‘अमरन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ संपादन का पुरस्कार मिला।
मनोज मुंतशिर को फिल्म ‘मैदान’ के गीत ‘जाने दो’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार मिला।
बॉलीवुड अभिनेता संजय मिश्रा को ‘भक्षक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला।
अभय जोधपूरकर को मराठी फीचर फिल्म ‘घरत गणपति’ के ‘नवसाची गौरी माझी’ गीत के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक का पुरस्कार मिला, जबकि वैकोम विजयलक्ष्मी को मलयालम फिल्म ‘एआरएम’ के ‘अंगू वाना कोनिलु’ गीत के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका का पुरस्कार दिया गया।
शाश्वत सचदेव को ‘आर्टिकल 370’ के गानों के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का पुरस्कार मिला, जबकि जी वी प्रकाश कुमार को ‘अमरन’ के ‘बैकग्राउंड म्यूजिक’ के लिए सम्मानित किया गया।
‘आर्टिकल 370’ को कुल तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले, जिनमें सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन शामिल हैं।
विजय गांगुली को ‘स्त्री 2’ के ‘आज की रात’ गाने के लिए सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का पुरस्कार मिला।
इन पुरस्कारों के जरिए भारतीय सिनेमा में फीचर फिल्मों, गैर-फीचर फिल्मों और सिनेमा पर लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों को सम्मानित किया जाता है। (भाषा)
मराठी फिल्म 'गोंधल' को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है. फिल्म फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडिया (एफ़एफ़आई) ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ एफ़एफ़आई की चयन समिति के अध्यक्ष पी शेषाद्री ने कहा, "हमने पिछले 10 दिनों में अलग-अलग भाषाओं की 33 फ़िल्में देखीं. कई दूसरी अच्छी फ़िल्में भी थीं, जिन पर हम चर्चा कर रहे थे. 'गोंधल' के अलावा 'अंघ' और 'इक्कीस' शीर्ष तीन फ़िल्मों की सूची में थीं."
पीटीआई के मुताबिक़, संतोष दावखर के लेखन और निर्देशन में बनी यह फ़िल्म ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है. यह ग्रामीण महाराष्ट्र में आधी रात को होने वाले पारंपरिक गोंधल नृत्य के उत्सव की पृष्ठभूमि पर बनी सुमन की कहानी है.
वह एक दमनकारी शादीशुदा जिंदगी में फंसी है और अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचती है और भागने की योजना बनाती है.
फिल्म में अभिनेत्री इशिता देशमुख मुख्य भूमिका में हैं.
फ़िल्म फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडिया को भेजी गई 33 फ़िल्मों की सूची में यामी गौतम की हक़', आदित्य धर की 'धुरंधर' और 'धुरंधर: द रिवेंज', 'हनुमान अंश',और फ़रहान अख़्तर की "120 बहादुर" भी शामिल थीं.
बेस्ट इंटरनेशनल फ़ीचर फिल्म कैटेगरी में अब तक किसी भारतीय फ़िल्म को अवार्ड नहीं मिला है. इस कैटेगरी को पहले बेस्ट फॉरेन फिल्म कहा जाता था.
इस कैटेगरी में अब तक सिर्फ तीन भारतीय फिल्मों को नामांकन मिला है. इनमें महबूब खान की 'मदर इंडिया', मीरा नायर की 'सलाम बॉम्बे' और आशुतोष गोवारिकर की 'लगान' शामिल हैं.
जॉन अब्राहम और लिसा रे अभिनीत दीपा मेहता की 'वॉटर' को भी इस कैटेगरी में नामांकन मिला था, लेकिन इसे कनाडा की ओर से भेजा गया था.
99वें ऑस्कर पुरस्कार समारोह का आयोजन रविवार, 14 मार्च 2027 को होगा. (bbc.com/hindi)
नयी दिल्ली, 14 सितंबर। अली फजल, दिव्येंदु एवं पंकज त्रिपाठी अभिनीत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने देशभर के सिनेमा घरों से 220 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है।
शुक्रवार को रिलीज हुई यह फिल्म ‘मिर्जापुर सीरीज’ को पहली बार बड़े पर्दे पर लेकर आई है। मिर्जापुर का पहला सीजन 2018 में ओटीटी (ओवर-द-टॉप) मंच पर जारी हुआ था और बाद में इसके दो और सीजन जारी हुए तथा यह भारत की सबसे सफल ओटीटी सीरीज में शामिल हो गई।
फिल्म कारोबार पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ के अनुसार, फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 220.10 करोड़ रुपये की सकल कमाई की है, जबकि इसकी शुद्ध कमाई 184.79 करोड़ रुपये रही है।
फिल्म में रसिका दुग्गल, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी और अभिषेक बनर्जी भी अपनी पुरानी भूमिकाओं में लौटे हैं। जितेंद्र कुमार, रवि किशन और सोनल चौहान को फिल्म में नए कलाकारों के रूप में शामिल किया गया है।
फिल्म को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रस्तुत किया है। (भाषा)
मुंबई, 7 सितंबर । बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का कैसा हाल रहेगा, ये जानने के लिए अक्सर पहले दिन या पहले वीकेंड के आंकड़े देखे जाते हैं। लेकिन हर फिल्म की कहानी इतनी सीधी नहीं होती। कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिनकी शुरुआत देखकर लगता है कि शायद ये ज्यादा दूर तक नहीं जा पाएंगी। स्क्रीन कम मिलती हैं, दर्शक भी शुरुआत में बहुत ज्यादा नहीं होते और कमाई भी उम्मीद के मुताबिक नहीं होती। लेकिन धीरे-धीरे लोगों के बीच फिल्म की चर्चा शुरू होने लगती है और कहानी एकदम बदल जाती है। पिछले कुछ सालों में ऐसी कई फिल्में आई हैं, जिन्होंने शुरुआती रफ्तार धीमी रही, लेकिन बाद बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई हुई। इस लिस्ट में 'हनुमान अंश' से लेकर '12वीं फेल' जैसी फिल्मों के नाम शामिल है। 'हनुमान अंश'- 7 अगस्त को रिलीज हुई 'हनुमान अंश' ने महज 25 स्क्रीन से शुरुआत की थी। पहले दिन फिल्म की नेट ओपनिंग 10 लाख रुपए थी और पहले हफ्ते का कलेक्शन करीब 1.08 करोड़ रुपए रहा। दूसरे हफ्ते में तो कमाई और नीचे चली गई और यह करीब 40 लाख रुपए पर सिमट गई लेकिन तीसरे हफ्ते से तस्वीर बदलनी शुरू हुई। तीसरे हफ्ते में फिल्म ने 10.40 करोड़ रुपए और चौथे हफ्ते में 61 करोड़ रुपए कमाए।
पांचवें हफ्ते के सिर्फ पहले तीन दिनों में ही 49 करोड़ रुपए से ज्यादा आ गए। 31वें दिन तक नेट कलेक्शन 122.13 करोड़ रुपए हो गया। इसकी एक बड़ी वजह माउथ पब्लिसिटी है। दरअसल, धीरे-धीरे दर्शकों के बीच इसकी चर्चा बढ़ी। जिन लोगों ने इसे देखा, उनकी प्रतिक्रिया ने दूसरे दर्शकों को सिनेमाघरों तक पहुंचाया। यही वजह है कि फिल्म की स्क्रीन और शो बढ़ते गए और कमाई भी उसी हिसाब से बढ़ती चली गई। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी 'हनुमान अंश' की कहानी नीम करौली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक सफर से जुड़ी है। फिल्म में शोभिनव सत्य ने नीम करौली बाबा की भूमिका निभाई है। फिल्म के लेखक, निर्देशक और निर्माता विशाल चतुर्वेदी हैं। 'द कश्मीर फाइल्स'- 2022 की 'द कश्मीर फाइल्स' की शुरुआत भी बड़ी नहीं थी लेकिन फिल्म के साथ कुछ ही दिनों में ऐसा माहौल बन गया कि सिनेमाघरों को शो और स्क्रीन बढ़ाने पड़े। फिल्म ने पहले दिन करीब 3.55 करोड़ रुपए कमाए थे। लेकिन दूसरे और तीसरे दिन कमाई में बड़ा उछाल आया। दर्शकों की प्रतिक्रिया देखकर स्क्रीन की संख्या बढ़ाई गई और फिल्म की डिमांड लगातार बढ़ती गई। जानकारी के मुताबिक, शुरुआत में फिल्म करीब 400 स्क्रीन पर थी लेकिन दर्शकों की डिमांड के बाद इसकी पहुंच हजारों स्क्रीन तक पहुंच गई। इस फिल्म के कलेक्शन बढ़ने की वजह फिल्म का विषय था, जो बेहद संवेदनशील था। 1990 के दशक में कश्मीरी पंडितों के पलायन और उनके साथ हुई हिंसा को फिल्म में दिखाया गया था। फिल्म को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी काफी बहस हुई। सोशल मीडिया पर लगातार विवाद बढ़ता दया और फिल्म से जुड़े बयान भी सुर्खियों का हिस्सा बनने लगे थे। बढ़ता विवाद और लगातार चर्चा दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में मददगार साबित हुई। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, दर्शन कुमार, पल्लवी जोशी और चिन्मय मंडलेकर जैसे कलाकार थे। 'कांतारा'- ऋषभ शेट्टी की इस कन्नड़ फिल्म ने भी पहले दिन कोई बहुत बड़ा नंबर हासिल नहीं किया था। इस फिल्म ने 30 सितंबर 2022 को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। भारत में इसकी शुरुआती कमाई करीब 1.95 करोड़ रुपए थी लेकिन फिल्म देखने वालों की प्रतिक्रिया शानदार रही। असली बदलाव तब आया जब लोगों ने इसकी कहानी, स्थानीय संस्कृति और क्लाइमेक्स की चर्चा शुरू की। इसके बाद फिल्म का हिंदी वर्जन आया, जिसकी शुरुआत करीब 1.5 करोड़ रुपए से हुई लेकिन चौथे वीकेंड को हिंदी वर्जन ने 4.5 करोड़ रुपए कमाए, जो उसकी अब तक की सबसे बड़ी एक दिन की कमाई थी। रिलीज के लगभग एक महीने बाद फिल्म अपनी सबसे मजबूत स्थिति में पहुंच गई। 'कांतारा' में स्थानीय संस्कृति और लोक परंपराओं को कहानी का हिस्सा बनाया गया। फिल्म में ऋषभ शेट्टी ने मुख्य भूमिका निभाने के साथ इसका निर्देशन भी किया। उनके साथ सप्तमी गौड़ा, किशोर और अच्युत कुमार जैसे कलाकार नजर आए। इसकी वर्ल्डवाइड कमाई 400 करोड़ रुपए से ज्यादा रही।
'12वीं फेल'- विक्रांत मैसी और मेधा शंकर की इस फिल्म ने 27 अक्टूबर 2023 को रिलीज के दिन सिर्फ 1.10 करोड़ रुपए कमाए थे लेकिन फिल्म को आलोचकों और दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। लोगों ने इसकी कहानी को अपने संघर्ष से जोड़ा और सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा बढ़ी। नतीजा यह हुआ कि सिनेमाघरों ने इसके शो बढ़ाने शुरू किए। पहले हफ्ते में फिल्म ने 13 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। विदु विनोद चोपड़ा की यह फिल्म आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा की जिंदगी से प्रेरित थी। फिल्म में दिखाया गया कि गांव का एक लड़का किस तरह यूपीएससी पास करने का सपना देखता है और बार-बार असफल होने के बावजूद कोशिश जारी रखता है। फिल्म की कहानी ने लोगों को काफी प्रभावित किया। 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक'- 2019 में आई 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' का सफर भी थोड़ा अलग रहा। इसकी ओपनिंग इन फिल्मों के मुकाबले बेहतर थी, पहले दिन करीब 8.20 करोड़ रुपए और पहले वीकेंड में 35.73 करोड़ रुपए। फिल्म की कमाई रिलीज के बाद लगातार बनी रही। इसका कारण था फिल्म का विषय और दर्शकों की प्रतिक्रिया। कहानी 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित थी। फिल्म में विकी कौशल ने मेजर विहान सिंह शेरगिल का किरदार निभाया था। एक्शन के साथ देशभक्ति का भाव फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बना। 'हाउ इज द जोश?' जैसे डायलॉग लोगों के बीच लोकप्रिय हो गए। इसमें उरी आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई दिखाई गई, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। -(आईएएनएस)
मुंबई, 7 सितंबर। अभिनेता अर्जुन रामपाल एक्शन-ड्रामा फिल्म 'ऑपरेशन गंगा' में अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। अभिनेता ने बताया कि वे फिल्म की शूटिंग को लेकर बहुत उत्साहित हैं। अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर जॉर्जिया में लंबी वॉक का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्हें शूटिंग के लिए अपने उत्साह के बारे में बात करते हुए सुना जा सकता है। अभिनेता ने बताया कि 'ऑपरेशन गंगा' पर काम शुरू करने से एक दिन पहले वह जॉर्जिया में हैं और फिल्म की स्क्रिप्ट को 'काफी क्रेजी' बताया। अपनी उत्सुकता को जाहिर करते हुए अभिनेता ने कहा, "'ऑपरेशन गंगा' की शूटिंग शुरू करने से एक दिन पहले मैं जॉर्जिया में हूं, फिल्म की स्क्रिप्ट काफी मजेदार है। मैं इसे शुरू करने के लिए बहुत उत्सुक हूं, लेकिन इस बीच मुझे ये दिन बहुत पसंद है। यहां बाहर बहुत खूबसूरत दिन है। क्या आकर्षक, सुंदर, ऐतिहासिक, साफ-सुथरा और समृद्ध शहर है ये। तो मैंने सोचा, इसे आप लोगों के साथ शेयर करूं।" अभिनेता ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "त्बिलिसी में लंबी सैर की। अपने सभी चाहने वालों को बहुत मिस किया, तो ये लंबा वीडियो बनता है। प्यारा, छोटा सा शहर। एन्जॉय कीजिए। कल से मैं 'ऑपरेशन गंगा' की शूटिंग शुरू कर रहा हूं, और भी बातें बाद में।"
इस फिल्म को नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले फिल्ममेकर विष्णु मोहन ने डायरेक्ट किया है, जो ब्लॉकबस्टर 'मेप्पाडियन' को डायरेक्ट करने के लिए जाने जाते हैं। 'ऑपरेशन गंगा' एक हाई-ऑक्टेन सरवाइवल थ्रिलर ड्रामा होगी, जिसमें मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल के अलावा बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल, एक्ट्रेस भाग्यश्री बोरसे और एक्टर पार्थिबन और आदिल हुसैन भी होंगे। फिल्म की शूटिंग इस समय जॉर्जिया में चल रही है और यह मोहनलाल के करियर की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। फिल्म का निर्माण 'श्री गोकुलम मूवीज' के बैनर तले किया जा रहा है। एक्शन डायरेक्टर सी यंग ओह फिल्म के एक्शन सीन कोरियोग्राफ करेंगे, जिन्होंने 'धुरंधर' और 'किल' में काम किया है। म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेव हैं, जो पैन-इंडिया फिल्म 'धुरंधर' की सफलता के बाद अब 'ऑपरेशन गंगा' का म्यूजिक दे रहे हैं। -- (आईएएनएस)
मुंबई, 6 सितंबर । बाबा नीम करौली के जीवन पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' को लेकर अब उनके गांव अकबरपुर में भी खुशी का माहौल है। फिल्म को लेकर बाबा के परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी है। आईएएनएस से बातचीत में बाबा के परिजनों और भक्तों ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि बाबा पर हनुमान जी की विशेष कृपा थी और फिल्म में उनके जीवन से जुड़ी जिन घटनाओं और लीलाओं को दिखाया गया है, वे पूरी तरह सत्य हैं। बाबा नीम करौली के दामाद जगदीश प्रसाद भटेले ने फिल्म को लेकर अपनी बात रखते हुए कहा, ''मैंने बाबा के चमत्कार अपनी आंखों से नहीं देखे, लेकिन बाबा हनुमान जी के बहुत बड़े भक्त थे और उन पर हनुमान जी की कृपा थी। उन पर बनाई गई फिल्म 'हनुमान अंश' शानदार है।'' वहीं, बाबा के एक भक्त ने कहा, ''मेरी बाबा नीम करौली में गहरी आस्था है और मैं पिछले चार साल से लगातार यहां मंदिर आ रहा हूं। मैंने अपनी बेटी के साथ 'हनुमान अंश' फिल्म देखी, जो हम दोनों को बेहद पसंद आई। मैं मानता हूं कि फिल्म में बाबा के जीवन से जुड़ी जो घटनाएं दिखाई गई हैं, वह वास्तविक हैं। मुझे नहीं लगता कि फिल्म में कुछ भी मनगढ़ंत दिखाया होगा।''
बाबा के एक भतीजे ने भी फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ''बाबा रिश्ते में मेरे ताऊ लगते थे और हम दोनों एक ही खानदान से थे। बाबा पर हनुमान जी की सिद्धि थी और फिल्म में दिखाई गई उनकी लीलाएं सत्य पर आधारित हैं। उन्होंने गांव में प्रधान की जिम्मेदारी भी संभाली थी। बाबा पर फिल्म बनने के बाद गांव के मंदिर में आने वाले भक्तों की संख्या बढ़ी है। आसपास के लोगों में बाबा को लेकर पहले से ही गहरी श्रद्धा रही है और अब फिल्म के बाद उनके बारे में जानने वालों की संख्या भी बढ़ रही है। बाबा ने अपने गांव का नाम रोशन किया है।'' बाबा के परिवार से जुड़े एक अन्य सदस्य ने कहा, ''मैं बचपन में बाबा के साथ पढ़ता था। उस समय हमारी उम्र काफी कम थी, इसलिए मुझे बाबा से जुड़ी बातें साफ-साफ याद नहीं हैं। मैं फिल्म 'हनुमान अंश' का हिस्सा बना हूं, हालांकि फिल्म में मेरी झलक बहुत छोटी है। बाबा पर हनुमान जी की विशेष सिद्धि थी। हमारे यह फिल्म एक खास अनुभव है।'' अकबरपुर के एक ग्रामीण युवक ने बताया, ''बाबा हमारे गांव के प्रधान रह चुके हैं और उनका बचपन भी इसी गांव में बीता था। फिल्म में बाबा के जीवन से जुड़ी कई कहानियों और लीलाओं को दिखाया गया है।
यह फिल्म बेहतरीन है।'' वहीं, एक अन्य ग्रामीण ने कहा, ''मैंने बाबा को बचपन में देखा था। उस समय मेरी उम्र करीब छह या सात साल रही होगी। उन्होंने गांव की प्रधानी की जिम्मेदारी संभाली थी और पूजा-पाठ भी किया करते थे।'' बता दें कि 'हनुमान अंश' बाबा नीम करौली के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म है। कहानी में दिखाया जाता है कि 12 साल के लक्ष्मी नारायण (नीम करौली बाबा) की मां की अचानक मौत हो जाती है, जिससे वह पूरी तरह टूट जाता है। इसके बाद लक्ष्मी नारायण इस उम्मीद में अपना घर छोड़ देता है कि अगर वह भगवान को खोज लेगा तो शायद अपनी मां से दोबारा मिल सकेगा। इसके बाद उसकी तलाश उसे मंदिरों, जंगलों, नदियों और गांवों तक ले जाती है। धीरे-धीरे उसकी यह तलाश जीवन आध्यात्मिक रास्ते की ओर बढ़ने लगती है। आगे चलकर लक्ष्मी नारायण मोह-माया त्यागकर देते है। भूखों को खाना खिलाना, जरूरतमंदों की मदद करना, बिना किसी भेदभाव के लोगों से प्रेम करना और दूसरों के प्रति करुणा रखना उनके जीवन का हिस्सा बन जाता है। फिल्म में बाबा से जुड़े कई चर्चित प्रसंगों और आध्यात्मिक अनुभवों को भी कहानी में शामिल किया गया है। 'हनुमान अंश' का लेखन, निर्देशन और निर्माण विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में बाबा की भूमिका शोभिनव सत्या ने निभाई है। 'हनुमान अंश' 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। - (आईएएनएस)
मुंबई, 5 सितंबर । मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की आगामी अनटाइटल (एल367) फिल्म का टाइटल मेकर्स ने अनाउंस कर दिया है। फिल्म के मेकर्स और निर्देशक विष्णु मोहन ने शनिवार को इसका आधिकारिक टाइटल और फर्स्ट लुक जारी किया है। मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का ऑफिशियल टाइटल शेयर किया, "ऑपरेशन गंगा।" नेशनल अवॉर्ड जीत चुके डायरेक्टर विष्णु मोहन की इस फिल्म का नाम 'ऑपरेशन गंगा' रखा गया है। 'ऑपरेशन गंगा' भारत के उस रेस्क्यू मिशन का नाम है, जो रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद शुरू किया गया था। इस मिशन के तहत यूक्रेन में फंसे हजारों भारतीयों, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र भी शामिल थे, को वापस देश लाया गया था। इस फिल्म को नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले फिल्ममेकर विष्णु मोहन ने डायरेक्ट किया है, जो भक्ति ब्लॉकबस्टर 'मेप्पाडियन' को डायरेक्ट करने के लिए जाने जाते हैं। '
ऑपरेशन गंगा' पर आधारित एक हाई-ऑक्टेन सरवाइवल थ्रिलर ड्रामा होगी, जिसमें मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल के अलावा बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल, एक्ट्रेस भाग्यश्री बोरसे और एक्टर पार्थिबन और आदिल हुसैन भी होंगे। फिल्म की शूटिंग इस समय जॉर्जिया में चल रही है और यह मोहनलाल के करियर की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। फिल्म का निर्माण 'श्री गोकुलम मूवीज' के बैनर तले किया जा रहा है। एक्शन डायरेक्टर सी यंग ओह फिल्म के एक्शन सीन कोरियोग्राफ करेंगे, जिन्होंने 'धुरंधर' और 'किल' में काम किया है। म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेव हैं, जो पैन-इंडिया फिल्म 'धुरंधर' की सफलता के बाद अब 'ऑपरेशन गंगा' का म्यूजिक दे रहे हैं। 'ऑपरेशन गंगा' की टेक्निकल टीम में भी बड़े-बड़े नाम शामिल हैं। फिल्म के सिनेमैटोग्राफर मिरोस्लाव कुबा ब्रोजेक हैं, जिन्होंने 'पुष्पा 1' और 'पुष्पा 2' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की शूटिंग की है। फिल्म के प्रोड्यूसर गोकुलम गोपालन हैं, जबकि बैजू गोपालन और वी. सी. प्रवीण को-प्रोड्यूसर हैं और कृष्णमूर्ति एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। --(आईएएनएस)
नयी दिल्ली, 1 सितंबर। प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के बीच भारत की सांस्कृतिक विरासत, संगीत और विलुप्त हो रही भाषाओं को बचाने व सुरक्षित रखने को लेकर मंगलवार को गहरी चिंता जताई।
जोशी ने संगीत ऐप ‘स्पॉटिफाई’ की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, "हमारी सभ्यता से जुड़ी कुछ भाषाओं, कुछ रचनाओं को बचाने व सुरक्षित रखने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे। एआई की दुनिया में हमें यह भी नहीं भूलना चाहिए कि कला नहीं बच पाएगी, हालांकि कलाकारों को कुछ अवसर जरूर मिलेंगे।"
जोशी ने कहा कि मनुष्य एआई के साथ मिलकर काम करेंगे और दोनों के बीच कोई ऊंच-नीच या श्रेष्ठता का संबंध नहीं होगा।
जोशी ने कहा, "मैं एआई को कृत्रिम बुद्धिमत्ता नहीं मानता। इसमें कुछ भी कृत्रिम नहीं है। यह पूरी तरह मनुष्यों से मिली सूचनाओं और उनके अनुभवों से जुड़ा है।”
कार्यक्रम से इतर जोशी ने कहा कि वह संगीत समेत भारत की सांस्कृतिक विरासत को बचाने व सुरक्षित रखने को लेकर चिंतित हैं।
उन्होंने कहा, "सिनेमा और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े एक समूह का मैं नेतृत्व कर रहा हूं। एआई, रचनात्मक क्षेत्र से जुड़ी अर्थव्यवस्था, भविष्य में रचनात्मकता किस दिशा में जाएगी और इसमें सरकार तथा निजी कंपनियां किस तरह मिलकर काम कर सकती हैं, इन सभी मुद्दों पर चर्चा जारी है।" (भाषा)
मुंबई, 22 अगस्त । दक्षिण भारतीय सिनेमा के निर्देशक रमेश वर्मा की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'महावीर कर्ण' के मेकर्स ने शनिवार को इसका टीजर रिलीज कर दिया है। यह महाभारत के प्रसिद्ध पात्र कर्ण के जीवन पर आधारित एक बड़ी ऐतिहासिक और पौराणिक फिल्म है। प्रोडक्शन हाउस पेन मूवीज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म का पोस्टर शेयर कर लिखा, "भारतीय सिनेमा में पहली बार, एक एपिक हाइब्रिड लाइव -एक्शन फिल्म प्रतिष्ठित पेन मूवीज, श्री नीलाद्री प्रोडक्शन हाउस और आर.वी फिल्म्स हाउस के साथ मिलकर गर्व के साथ फिल्म 'महावीरकर्ण' पेश कर रहे हैं।" उन्होंने आगे लिखा, "हमारे निर्देशक रमेश वर्मा की ओर से अब तक की सबसे महान कहानी, बड़े पर्दे पर 4 दिसंबर से दर्शकों को शानदार सिनेमाई अनुभव देगी। फिल्म को वर्ल्डवाइड ग्रैंड रिलीज किया जाएगी।" फिल्म महाभारत के योद्धा कर्ण के नजरिए, उनके संघर्ष, मित्रता, वफादारी और उनके दानवीर स्वभाव की गाथा को बड़े पर्दे पर पेश करती है।
टीजर देखकर लगता है कि मेकर्स कर्ण को सिर्फ एक पौराणिक कहानी की तरह नहीं दिखा रहे, बल्कि इसे इज्जत, वफादारी, दोस्ती, धोखा, किस्मत और वादा निभाने की कीमत की एक इंसानी कहानी के तौर पर दिखा रहे हैं। हाइब्रिड लाइव-एक्शन तकनीक से इस कहानी को और भी बड़ा बनाया गया है, जिससे डायरेक्टर रमेश वर्मा को बड़े लेवल पर सीन और एक नई दुनिया बनाने का मौका मिला है, जो इंडियन सिनेमा में बहुत कम देखा गया है। फिल्म की टेक्निकल टीम में डीओपी के तौर पर रामजी डॉट, एडिटर के तौर पर प्रवीण पुडी, डायलॉग राइटर के तौर पर श्रीमणि और म्यूजिक डायरेक्टर के तौर पर ज्ञानी शामिल हैं। बता दें कि फिल्म को रमेश वर्मा निर्देशित करेंगे, जिन्होंने 'राक्षसुडू' और 'खिलाड़ी' जैसी कमर्शियली सक्सेसफुल और अलग-अलग जॉनर की फिल्में दी है। एक्शन, थ्रिलर और कमर्शियल सिनेमा में काम करने के बाद, रमेश वर्मा अब महाभारत की कालजयी कहानी कर्ण के साथ एक बिल्कुल नए अंदाज में आए हैं। फिल्म को पेन मूवीज, नीलाद्री प्रोडक्शनंस और आरवी स्टूडियोज के साथ मिलकर पैन-इंडिया फिल्म के स्तर पर पेश किया जाएगा। इस फिल्म को मशहूर मशहूर प्रोड्यूसर जयंतीलाल गड़ा पेश कर रहे हैं। -(आईएएनएस)
"ज़िंदगी जीने के दो ही तरीक़े होते हैं. एक, जो हो रहा है उसे होने दो और सब कुछ बर्दाश्त करते जाओ. दूसरा, ज़िम्मेदारी उठाओ और उसे बदलने की कोशिश करो." - रंग दे बसंती (2006)
प्रसून जोशी ने 'रंग दे बसंती' फ़िल्म के डायलॉग और गीत लिखे थे.
विद्यार्थी आंदोलनों में जब इस फ़िल्म के गीत फिर से लोकप्रिय हो रहे थे, उसी दौरान जोशी की अध्यक्षता वाले सेंसर बोर्ड पर सवाल उठे, क्योंकि ओटीटी पर रिलीज़ हुई सतलुज फ़िल्म को हटा दिया गया था.
2010 के दशक के फ़िल्मी सितारे इमरान ख़ान ने विद्यार्थियों का समर्थन किया. इसके बाद उन्हें इंस्टाग्राम पर लोगों का काफ़ी प्यार मिला.
फ़िल्मों में अक्सर ख़लनायक की भूमिकाएँ निभाने वाले प्रकाश राज के समर्थन में भी लोगों ने खुलकर अपनी भावनाएँ ज़ाहिर कीं. यह अपने आप में एक दिलचस्प विरोधाभास था.
कॉलेज परिसरों में गूंजते नारे, हाथों में तख़्तियाँ, मोमबत्तियाँ जलाते लोग और इन दृश्यों को क़ैद करता कैमरा. पिछले दो दशकों में भारतीय सार्वजनिक जीवन में यह तस्वीर कई बार दिखाई दी है.
लेकिन इस तरह की छवि को आकार किसने दिया?
इस सवाल का एक जवाब सिनेमा है.
आंदोलन और सिनेमा का रिश्ता कभी एकतरफ़ा नहीं रहा. सिनेमा आंदोलनों को दिखाता भी है और कई बार उन्हें आकार भी देता है.
आंदोलनों की भाषा, उनकी दृश्य शैली, उनके नायक और उनके विरोधियों की छवि गढ़ने में सिनेमा की बड़ी भूमिका रही है.
लेकिन यह रिश्ता जितना सीधा दिखाई देता है, वास्तव में उतना सरल नहीं है.
फ़िल्म और आंदोलन का रिश्ता
हर फ़िल्म, आंदोलन की अपनी अलग व्याख्या पेश करती है.
इन अलग-अलग व्याख्याओं के बीच मौजूद विरोधाभासों को समझने पर ही आंदोलन और सिनेमा के रिश्ते की असली जटिलता सामने आती है.
इस समय देश के कई हिस्सों में विद्यार्थी सड़कों पर उतरते दिखाई दे रहे हैं. ऐसे में इस रिश्ते को एक बार फिर समझने की ज़रूरत महसूस होती है.
इन व्याख्याओं के बीच सबसे बुनियादी फ़र्क़ यह है कि आंदोलन को किस रूप में देखा जाता है. क्या आंदोलन नैतिक चेतना से पैदा होने वाली एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया है?
या फिर वह एक सुनियोजित और संगठित राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा है?
राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फ़िल्म रंग दे बसंती (2006) में भगत सिंह और उनके साथियों की कहानी एक डॉक्यूमेंट्री के ज़रिए आज के युवाओं के सामने आती है.
धीरे-धीरे अतीत और वर्तमान के बीच की दूरी मिटने लगती है. एक दोस्त की मौत के बाद ये युवा एक भ्रष्ट रक्षा मंत्री की हत्या कर देते हैं.
यह कहानी निजी दुख और क्षति से पैदा हुए अचानक फूट पड़े ग़ुस्से की है. यह किसी संगठित राजनीतिक विचारधारा या लंबी राजनीतिक प्रक्रिया का नतीजा नहीं है.
रंग दे बसंती में संसद के सामने निकाला गया कैंडल मार्च का दृश्य बाद के वर्षों में कई बार वास्तविक आंदोलनों में दिखाई दिया.
कई आलोचकों का मानना है कि इस फ़िल्म ने आंदोलन को एक मज़बूत दृश्य पहचान दी. लेकिन उसने आंदोलन का गहरा राजनीतिक विश्लेषण नहीं किया.
फ़िल्म यह सवाल भी गहराई से नहीं उठाती कि क्या हत्या किसी समस्या का समाधान हो सकती है.
यह भी नहीं पूछा जाता कि संस्थागत प्रक्रियाओं को दरकिनार कर नैतिक ग़ुस्से को सीधे कार्रवाई में बदलना कितना ख़तरनाक हो सकता है.
इसके बिल्कुल उलट जिलो पोंतेकोर्वो की फ़िल्म द बैटल ऑफ़ अल्जीयर्स (1966) है.
यह फ़िल्म फ़्रांसीसी उपनिवेशवाद के ख़िलाफ़ अल्जीरिया के स्वतंत्रता संघर्ष को दिखाती है.
इसमें आंदोलन को एक संगठित और अनुशासित राजनीतिक ढाँचे के रूप में पेश किया गया है. फ़िल्म में गुप्त संपर्क तंत्र, छोटे-छोटे संगठनात्मक समूह और रणनीतिक फ़ैसले अहम भूमिका निभाते हैं.
न्यूज़रील या वार्तापट जैसी शैली में फ़िल्माई गई यह फ़िल्म अपेक्षाकृत निष्पक्ष नज़रिए से कहानी दिखाती है. यह आतंकवाद और आतंकवाद-विरोधी कार्रवाई के बीच धुंधली होती रेखा को भी सामने लाती है.
फ़िल्म किसी एक पक्ष को नायक बनाने से बचती है. फ़्रांसीसी सैन्य अधिकारी कर्नल मैथ्यू को क्रूर दिखाया गया है. लेकिन उसकी सोच और तर्क एक व्यवस्थित ढाँचे में पेश किए गए हैं.
वहीं, अल्जीरियाई प्रतिरोध लड़ाकों को बहादुर दिखाया गया है. फिर भी उनके हाथों निर्दोष लोगों की मौत भी होती है. यह अंतर सिर्फ़ फ़िल्म बनाने की शैली का नहीं है.
यह आंदोलन की राजनीति को समझने के दो अलग-अलग नज़रियों को भी दिखाता है. एक नज़रिया आंदोलन को भावनाओं के अचानक उभार से पैदा हुई घटना मानता है.
दूसरा नज़रिया उसे सत्ता और व्यवस्था के विश्लेषण से जन्मी लंबी राजनीतिक लड़ाई के रूप में देखता है. दिलचस्प बात यह है कि इन दोनों फ़िल्मों का असर भी अलग रहा.
इनमें से एक फ़िल्म कई आंदोलनों के दौरान प्रेरणा का स्रोत बनी. उसके गीत सड़कों और विरोध प्रदर्शनों में गाए गए.
वहीं दूसरी फ़िल्म अमेरिका के पेंटागन में दिखाई गई. वहाँ इसका इस्तेमाल विद्रोह को कुचलने की रणनीतियों को समझने के अध्ययन के तौर पर किया गया.
सिनेमा की छवियाँ और हक़ीक़त
सिनेमा और हक़ीक़त के रिश्ते को समझने के लिए सिर्फ़ यह मान लेना काफ़ी नहीं है कि सिनेमा जीवन की नकल करता है. यह विचार बहुत सीमित है.
अमेरिकी दार्शनिक जूडिथ बटलर ने लैंगिक पहचान और अस्मिता पर एक अहम बात कही है. उनके मुताबिक़ कोई भी सार्वजनिक कार्रवाई पूरी तरह नई या अचानक पैदा नहीं होती.
चाहे वह कोई व्यवहार हो या राजनीतिक विरोध प्रदर्शन. हम जो भी करते हैं, वह किसी न किसी रूप में पहले भी कई बार किया जा चुका होता है.
हम अक्सर अनजाने में उन्हीं चीज़ों को दोहराते रहते हैं. बटलर ने इसे 'उद्धरणीयता' या साइटेशनैलिटी कहा है.
सरल शब्दों में कहें तो हमारी हर कार्रवाई किसी पुरानी कार्रवाई की प्रतिध्वनि होती है. ऐसा तब भी होता है, जब हमें उसका मूल स्रोत याद न हो.
यही बात आंदोलनों पर भी लागू होती है.
मुट्ठी भींचकर नारे लगाना. हाथ में मोमबत्ती लेकर चलना. तख़्तियों पर एक ख़ास अंदाज़ में संदेश लिखना. ये सब हमें बहुत स्वाभाविक और सहज लगते हैं. लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं है.
इन अभिव्यक्तियों का एक बड़ा स्रोत सिनेमा भी रहा है.
हालाँकि यह असर सिर्फ़ एक दिशा में नहीं चलता. फ़िल्मकार भी इन्हीं सामाजिक और सार्वजनिक यादों से प्रेरणा लेते हैं.
आख़िर फ़िल्म बनने से पहले भी आंदोलन होते रहे हैं. यानी सिनेमा हक़ीक़त से सीखता है. और वास्तविक आंदोलन भी सिनेमा से सीखते हैं.
इस मायने में सिनेमा और जीवन का रिश्ता एक चक्र की तरह है. दोनों लगातार एक-दूसरे को प्रभावित करते रहते हैं. दोनों एक-दूसरे की छवियों और प्रतीकों को बार-बार दोहराते हैं.
इस रिश्ते का दूसरा और ज़्यादा राजनीतिक पहलू कथाओं की लड़ाई से जुड़ा है. किसी भी घटना का कोई एक तय मतलब नहीं होता.
उसका अर्थ इस बात से तय होता है कि उसे किस तरह बताया जाता है. उसे किस कहानी के ढाँचे में रखा जाता है.
एक ही घटना को प्रेम कथा, त्रासदी, हास्य या व्यंग्य के रूप में पेश किया जा सकता है.
हर शैली उस घटना को अलग अर्थ देती है. उसे अलग नैतिक दिशा देती है. इसी वजह से आंदोलन और सत्ता के बीच संघर्ष हमेशा दो स्तरों पर चलता है. एक संघर्ष सड़कों पर दिखाई देता है.
उसमें नारे होते हैं. पुलिस होती है. लाठीचार्ज होता है. लेकिन इसके साथ-साथ एक और संघर्ष भी चलता है.
यह संघर्ष उस घटना की व्याख्या को लेकर होता है.
सवाल यह होता है कि उस घटना को किस रूप में पेश किया जाए. क्या उसे वीरता की कहानी कहा जाए.
क्या उसे अराजकता बताया जाए. या फिर उसका मज़ाक बनाया जाए.
इतालवी चिंतक एंतोनियो ग्राम्शी के 'वर्चस्व' या हेजेमनी के सिद्धांत से इसे और बेहतर ढंग से समझा जा सकता है.
ग्राम्शी का कहना था कि सत्ता सिर्फ़ पुलिस और क़ानून के दम पर कायम नहीं रहती. वह इस बात पर भी निर्भर करती है कि समाज किन विचारों और कथाओं को स्वीकार करता है.
इसे एक उदाहरण से समझा जा सकता है.
रंग दे बसंती क्रांति को एक रोमांटिक शैली में पेश करती है. फ़िल्म में कहानी भावनात्मक ग़ुस्से से शुरू होती है. और आत्मबलिदान पर जाकर पूरी होती है.
इसके उलट पीपली लाइव (2010) और फिर भी दिल है हिंदुस्तानी (2000) ऐसी स्थितियों को व्यंग्य के नज़रिए से दिखाती हैं.
इन फ़िल्मों में नायक का दुख भी कई बार एक तमाशे या विडंबना में बदल जाता है. यह फ़र्क़ सिर्फ़ शैली का नहीं है.
यह आंदोलन के राजनीतिक अर्थ को लेकर बुनियादी असहमति को भी दिखाता है. समाज में कौन-सी कहानी ज़्यादा प्रभावशाली बनती है, इसका असर भी दूर तक जाता है.
इसी से तय होता है कि किन आंदोलनों को सम्मान और नैतिक समर्थन मिलेगा. और किन आंदोलनों को समय के साथ संदिग्ध, हास्यास्पद या ख़तरनाक मान लिया जाएगा.
इसी संदर्भ में एक और सवाल पूछा जा सकता है.
रंग दे बसंती और स्वदेस की छवियाँ और प्रतीक विरोध प्रदर्शनों की भाषा का हिस्सा इतनी आसानी से कैसे बन गए?
वहीं, हाल की फ़िल्म धुरंधर की दृश्य शैली ऐसा असर क्यों नहीं छोड़ पाई? यह तब है, जब धुरंधर व्यावसायिक रूप से उतनी ही या उससे भी ज़्यादा सफल रही.
सिर्फ़ लोकप्रियता इसके पीछे की वजह नहीं लगती. धुरंधर ने बॉक्स ऑफ़िस पर रिकॉर्ड कमाई की.
उसका शीर्षक गीत और दृश्य शैली भी काफ़ी चर्चा में रहे.
असल फ़र्क़ इन फ़िल्मों की कहानी कहने की दिशा में है.
रंग दे बसंती और स्वदेस को सरल शब्दों में नागरिक-केंद्रित फ़िल्में कहा जा सकता है. इनका नायक व्यवस्था के बाहर का एक आम नागरिक होता है.
वह व्यवस्था की कमियों से जूझता है. और उसे भीतर या बाहर से बेहतर बनाने की कोशिश करता है.
रंग दे बसंती के युवा भ्रष्ट व्यवस्था के ख़िलाफ़ विद्रोह करते हैं. वहीं, स्वदेस का मोहन भार्गव अमेरिका की अच्छी नौकरी छोड़कर अपने गाँव लौटता है.
वह अपने श्रम और प्रयास से गाँव की समस्याओं को दूर करने की कोशिश करता है. इन दोनों फ़िल्मों में नायक और सत्ता के बीच का रिश्ता सुधार की चाह रखने वाला है.
कई बार यह टकराव वाला भी हो जाता है. लेकिन यह रिश्ता हमेशा एक आम नागरिक की नज़र से दिखाया जाता है. यही वजह है कि इन फ़िल्मों की भाषा और प्रतीक आंदोलनों में आसानी से जगह बना लेते हैं.
आख़िर आंदोलन भी नागरिक और सत्ता के बीच तनाव का ही एक रूप होते हैं. ये फ़िल्में उसी तनाव को परदे पर दिखाती हैं.
धुरंधर इससे बिल्कुल अलग है. यह एक राज्य-केंद्रित कहानी है. इसका नायक हमज़ा भारतीय ख़ुफ़िया तंत्र का एक आधिकारिक प्रतिनिधि है. वह राज्य की ओर से काम करता है.
और राज्य के आदेश पर बाहरी दुश्मनों के ख़िलाफ़ गुप्त अभियान चलाता है.
यहाँ संघर्ष तो है. लेकिन यह नागरिक बनाम सत्ता का संघर्ष नहीं है. यह राज्य बनाम राज्य का संघर्ष है.
इस कहानी का नायक असहमति की आवाज़ नहीं है. वह सत्ता के ही एक औज़ार के रूप में सामने आता है. इसी वजह से ऐसी कहानी आंदोलनों की भाषा नहीं बन पाती.
आंदोलनों की बुनियादी संरचना नागरिक और सत्ता के बीच टकराव पर आधारित होती है. लेकिन धुरंधर में यह तत्व मौजूद ही नहीं है.
उलटे यहाँ राज्य की हिंसक कार्रवाइयों और गुप्त अभियानों का समर्थन दिखाई देता है. यही कारण है कि कई समीक्षक धुरंधर को राष्ट्रवादी प्रचार की शैली से जोड़कर देखते हैं.
और इसी वजह से उसकी दृश्य भाषा सड़कों पर होने वाली असहमति की अभिव्यक्ति का हिस्सा नहीं बन पाती.
क्योंकि यह भाषा सत्ता को चुनौती देने के लिए नहीं, बल्कि उसका समर्थन करने के लिए बनाई गई है.
इस अंतर का एक और पहलू भी है. वह है गीतों और दृश्य शैली की बनावट.
रंग दे बसंती और स्वदेस के गीत सामूहिक रूप से गाए जाने के लिए बने हैं.
उन्हें लोग मिलकर गा सकते हैं. उनकी धुनें अपेक्षाकृत सरल हैं. शब्द भी आसान हैं. और उनका भावनात्मक संदेश सामूहिक है.
इसी वजह से ये गीत रैलियों और विरोध प्रदर्शनों में आसानी से गूँजते हैं. इनकी रचना ही लोगों को साथ जोड़ने के लिए की गई है.
इसके उलट धुरंधर का संगीत और दृश्य संसार अलग तर्क पर आधारित है. उसका मक़सद नायक के साहस और पराक्रम को दिखाना है.
वह दर्शक को चकित करना चाहता है. उसका लक्ष्य सामूहिक भागीदारी नहीं है. धुरंधर दर्शक को एक निष्क्रिय दर्शक बनाकर रखता है.
वहीं, रंग दे बसंती और स्वदेस जैसी फ़िल्में दर्शक को कहानी का हिस्सा बनने का निमंत्रण देती हैं. आंदोलनों को ऐसी ही दृश्य भाषा की ज़रूरत होती है. ऐसी भाषा, जो लोगों को शामिल करे.
सिर्फ़ देखने भर पर मजबूर करने वाली भाषा आंदोलन के काम नहीं आती.
यही वजह है कि विरोध की व्याकरण धुरंधर से नहीं ली जाती. वह रंग दे बसंती और स्वदेस जैसी फ़िल्मों से आती है.
ऐसी फ़िल्मों से, जो नागरिक को केंद्र में रखती हैं. और लोगों को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करती हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित. (bbc.com/hindi)