सामान्य ज्ञान

अकबर का कि़ला अजमेर
22-Jan-2021 12:35 PM
अकबर का कि़ला अजमेर

अकबर का कि़ला राजस्थान के अजमेर शहर के पर्यटन स्थलों में से यह एक है।  अकबर का कि़ला एक  राजकीय संग्रहालय भी है।  यहां प्राचीन मूर्तियां, सिक्के, पेंटिंग्स, कवच आदि रखे हुए हैं।
अंग्रेज़ों ने यहीं से जनवरी 1616 में मुग़ल बादशाह जहांगीर से भारत में व्यापार करने की इजाज़त मांगी थी।  अकबर प्रति वर्ष ख्वाजा साहब के दर्शन करने तथा राजपूताना के युद्धों में भाग लेने के लिये यहाँ आया करता था।
अकबर ने अपने ठहरने के लिये 1570 ईस्वी में एक कि़ले का निर्माण करवाया, जो अकबर के कि़ले के नाम से जाना जाता है। बादशाह जहांगीर भी यहाँ लोगों को झरोखा दर्शन देता था।
10 जनवरी 1616 ईस्वी को इंग्लैण्ड के सम्राट जेम्स प्रथम का राजदूत सर टॉमस रॉ अकबर के कि़ले में यहीं जहांगीर से मिला था।  हल्दी घाटी के युद्ध को अंतिम रूप इसी कि़ले में दिया गया था। 1818 में इस कि़ले पर अंग्रेज़ों ने अधिकार कर लिया था।  अंग्रेज़ों ने इसका उपयोग राजपूताना शस्त्रगार के रूप में किया और वे इसे  मेग्जीन  के नाम से पुकारते थे।
 


अन्य पोस्ट