ताजा खबर

हाथी को ट्रैक्टर से परेशान करने के मामले में तीन गिरफ्तार, जेल भेजे गए
25-Nov-2026 9:34 PM
हाथी को ट्रैक्टर से परेशान करने के मामले में तीन गिरफ्तार, जेल भेजे गए

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोरबा, 25 नवंबर।
वनमंडल कोरबा के वन परिक्षेत्र कुदमुरा अंतर्गत ग्राम जिलगा में ट्रैक्टर से हाथी को परेशान करने के मामले में वन विभाग ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर को गांव की एक बाड़ी में कपड़े से ढककर छिपा दिया था। वन विभाग की टीम ने तलाशी के दौरान ट्रैक्टर बरामद कर जब्त कर लिया।

वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीम घटना के बाद से ही आरोपियों की तलाश कर रही थी। 24 नवंबर को उपवनमंडल अधिकारी कोरबा तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी कुदमुरा एवं पसरखेत की मौजूदगी में वन अमले ने ग्राम जिलगा में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर बरामद हुआ। जांच में यह भी पता चला कि ट्रैक्टर चालक दिग्विजय के पास वाहन चलाने का लाइसेंस नहीं था।

विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर 25 नवंबर को दिग्विजय (25), सुकनंदन (36) और सब्बीर खान (35), तीनों निवासी ग्राम जिलगा को गिरफ्तार किया गया। वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल दाखिल करा दिया। वन विभाग ने लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनका पीछा करने या वाहनों से नजदीक जाने से बचने की अपील की है।


अन्य पोस्ट