ताजा खबर

खनन का पानी गांव-खेतों में पहुंचाने के लिए एसईसीएल को मिला राष्ट्रीय अवार्ड
25-Mar-2026 12:33 PM
खनन का पानी गांव-खेतों में पहुंचाने के लिए एसईसीएल को मिला राष्ट्रीय अवार्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 25 मार्च। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड को जल संरक्षण और बेहतर जल प्रबंधन के लिए देश स्तर पर अवार्ड मिला है। वाटर डाइजेस्ट अवार्ड 2026 समारोह में एसईसीएल को इंटिग्रेटेड इंडस्ट्रियल वाटर मैनेजमेंट एंड स्टूअर्डशिप अवॉर्ड से नवाजा गया।

यह अवॉर्ड 23 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने प्रदान किया।
एसईसीएल की ओर से यह सम्मान सीएमडी हरीश दुहन और डायरेक्टर (टेक्निकल) रमेश चंद्र महापात्र ने ग्रहण किया।

यह सम्मान एसईसीएल को उसके माइन वाटर यूटिलाइजेशन पहल के लिए मिला है। इस पहल के तहत खदानों से निकलने वाले पानी को बेकार बहाने के बजाय गांवों तक पहुंचाया जा रहा है। इससे आसपास के इलाकों में पानी की कमी दूर हो रही है, किसानों को सिंचाई के लिए नियमित पानी मिल रहा है और खेती अब साल में एक से अधिक बार ली जा रही है।

अवार्ड को लेकर सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि पानी बचाना हमारी प्राथमिकता है। हम जिम्मेदार और टिकाऊ खनन के लिए प्रतिबद्ध हैं। खदान के पानी का सही उपयोग करके हम न सिर्फ संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर रहे हैं, बल्कि आसपास के लोगों, खासतौर पर किसानों की जिंदगी भी बेहतर बना रहे हैं।

इस पहल से आसपास के ग्रामीण इलाकों में पानी की उपलब्धता बढ़ी है। पहले जहां खेती बारिश पर निर्भर थी, अब वहां सिंचाई के भरोसे किसान ज्यादा फसल ले पा रहे हैं। इससे उनकी आमदनी और जीवन स्तर दोनों में सुधार आया है।


अन्य पोस्ट