खेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 19 फरवरी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आगामी वित्तीय वर्ष से बिलासपुर में भारत सरकार की खेलो इंडिया योजनान्तर्ग खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सिलेंस प्रारंभ किया जा रहा है। यह सेंटर एक आवासीय खेल अकादमी होगी जिसमें हॉकी, एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी के बालक बालिकाओं को खेल का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही रायपुर में भी खेल विभाग द्वारा राज्य स्तरीय खेल अकादमी प्रारंभ कीजा रही है। जिसमें हॉकी, एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी का खेल प्रशिक्षण दिया जाएगा। रायपुर एवं बिलासपुर की खेल अकादमी में जिन बालक-बालिकाओं को प्रवेश मिलेगा उन्हें आवास, भोजन, शैक्षणिक व्यय, खेल परिधान, दुर्घटना बीमा, खेल प्रशिक्षण की सुविधाएं, शासन द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
रायपुर एवं बिलासपुर की अकादमी में प्रवेश हेतु 9 से 17 वर्ष तक आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं जो हॉकी, एथलेटिक्स, तीरंदाजी में रूचि रखते है वे चयन प्रक्रिया में सम्मिालित हो सकते है। जिला स्तरीय चयन ट्रायल 24 फरवरी को प्रात:9 बजे से इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम में आयोजित है। जिसमें उचाई, वजन, बर्टिकल जम्प, बाल थ्रो, शटल रन, 800 मीटर दौड़ के बैट्री टेस्ट के साथ स्कील टेस्ट के आधार पर परिक्षण कर खिलाडिय़ों का चयन किया जाएगा। जिला स्तरीय चयन ट्रायल में चयनित बालक-बालिका खिलाडिय़ों को राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में सम्मिलित कराया जाएगा। जिसमें जिले से भाग लेने वाले खिलाडिय़ों की अधिकतम संख्या हॉकी में 10 बालक 10 बालिका, एथलेटिक्स में 12 बालक 12 बालिका, तीरंदाजी में 6 बालक 6 बालिका होगी। आदिम जाति कल्याण विभाग एवं जिला शिक्षा अधिकारी को उनके अधिनस्थ शिक्षण संस्थाओ, छात्रावास के ऐसे इच्छुक बालक, बालिका खिलाड़ी जिनकी आयु 9 से 17 वर्ष तक है उन्हे चयन ट्रायल में उपस्थित कराने हेतुु एवं कम से कम 10-10 छात्र-छात्राओं को 24 फरवरी को प्रात: 9 बजे इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम परिसर जगदलपुर में उपस्थित कराने हेतु कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया है।