खेल

रांची, 14 फरवरी | पैदल चाल एथलीट गुरप्रीत सिंह और उत्तराखंड के मनीष सिंह रावत ने रांची में आयोजित आठवीं राष्ट्रीय पैदल चाल चैंपियनशिप में क्रमश: पुरुषों की 50 किमी और 35 किमी इवेंट में रविवार को स्वर्ण पदक हासिल किया। गुरप्रीत ने तीन घंटे 59 मिनट और 42 सेकेंड में रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। गुरप्रीत टोक्यो ओलंपिक के लिए तय किए गए क्वालीफाइंग समय तीन घंटे 50 मिनट को हासिल करने में सफल नहीं हुए।
रावत ने दो घंटे 49 मिनट और 12 सेकेंड में रेस पूरी कर स्वर्ण जीता। हालांकि वह 2022 ओरेगोन विश्व एथलेटिक्स चैंपयिनशिप के लिए क्वालीफाइंग समय दो घंटे 33 मिनट को पूरा करने में विफल रहे।
इस बीच कोई प्रतियोगी नहीं होने के कारण महिला 35 किमी इवेंट को रद्द करना पड़ा।
इससे पहले शनिवार को हरियाणा के अंतर्राष्ट्रीय एथलीट संदीप कुमार और राहुल कुमार ने पुरुष वर्ग तथा महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश की प्रियंका गोस्वामी ने 20 किमी इवेंट में 2021 टोक्यो ओलंपिक खेलों का कोटा हासिल किया था।
संदीप, राहुल और प्रियंका ने अगले साल 15 से 24 जुलाई तक होने वाले विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। (आईएएनएस)