खेल

कोलोन मुक्केबाज विश्व कप में भारत के प्रदर्शन को खेल मंत्री ने सराहा
20-Dec-2020 1:30 PM
कोलोन मुक्केबाज विश्व कप में भारत के प्रदर्शन को खेल मंत्री ने सराहा

नई दिल्ली, 20 दिसंबर| भारतीय मुक्केबाजों ने जर्मनी में आयोजित किए गए कोलोन विश्व कप में तीन स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। मुक्केबाजों के इस प्रदर्शन पर खेल मंत्री किरण रिजिजू ने खिलाड़ियों की सराहना की है। रिजिजू ने रविवार को अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर लिखा, "हमारे भारतीय पुरुष और महिलाओं ने कोलोन मुक्केबाजी विश्व कप में तीन स्वर्ण, दो रजत, चार कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। भारत ने मुक्केबाजी में शानदार सफलता हासिल की है। हमारे स्टार मुक्केबाजों को बधाई।"

पुरुष मुक्केबाज अमित पंघल (52 किलोग्राम भारवर्ग), महिला मुक्केबाज मनीषा मौन (57 किलोग्राम भारवर्ग), सिमरनजीत कौर (60 किलोग्राम भारवर्ग) ने स्वर्ण पदक जीते।

साक्षी चौधरी (57 किलोग्राम भारवर्ग), सतीश कुमार (91 किलोग्राम भारवर्ग से ज्यादा) ने रजत पदक जीते।

सोनिया लाठेर (57 किलोग्राम भारवर्ग), पूरा रानी (75 किलोग्राम भारवर्ग), गौरव सोलंकी (57 किलोग्राम भारवर्ग), मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किलोग्राम भारवर्ग) ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। (आईएएनएस)
 


अन्य पोस्ट