खेल

ओलंपियाड में स्वर्ण जीतने वाली शतरंज टीम को मिलना चाहिए पुरस्कार : शतरंज खिलाड़ी फोरम
14-Sep-2020 5:12 PM
ओलंपियाड में स्वर्ण जीतने वाली शतरंज टीम को मिलना चाहिए पुरस्कार : शतरंज खिलाड़ी फोरम

चेन्नई, 14 सितंबर (आईएएनएस)। शतरंज खिलाड़ी फोरम ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि वह हाल ही में ओलम्पियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय शतरंज टीम को सम्मानित करें। फोरम ने शनिवार को क्रेंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू को पत्र लिख कहा है कि शतरंज खिलाडिय़ों की उपलब्धियों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने लिखा है कि भारतीय शतरंज टीम के खिलाडिय़ों को सम्मान मिलना चाहिए।

पत्र में लिखा है, भारत ने ऑनलाइन शतरंज ओलंपियाड में शीर्ष स्थान हासिल किया जो खेल के इतिहास में अभी तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए उन्हें सम्मानित किया जाना चाहिए।

फोरम ने लिखा, भारतीय पुरुष टीम ने 2014 में इस टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीता था और मौजूदा उपलब्धि उससे ज्यादा बड़ी है।

पत्र में लिखा है, इस मौके पर हम आपका ध्यान वर्षों से हो रही शतरंज खिलाडिय़ों की सफलता की अनदेखी पर ले जाना चाहते हैं। यहां तक कि हाल के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों में भी, शतरंज को नजरअंदाज किया गया। फोरम ने कहा कि शतरंज जैसा बौद्धिक खेल भारत की सबसे बड़ी विरासत है।


अन्य पोस्ट