खेल

भारत बनाम अफगानिस्तान: दूसरे वनडे में क्यों नहीं खेल रहे नीतीश कुमार रेड्डी? बीसीसीआई ने दिया अपडेट
17-Jun-2026 2:08 PM
भारत बनाम अफगानिस्तान: दूसरे वनडे में क्यों नहीं खेल रहे नीतीश कुमार रेड्डी? बीसीसीआई ने दिया अपडेट

नई दिल्ली, 17 जून । भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का दूसरा वनडे मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले भारतीय टीम को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया है। नीतीश कुमार रेड्डी इस मुकाबले में भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। नीतीश की फिटनेस को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बड़ा अपडेट दिया है। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि नीतीश के बाएं जांघ में चोट लगने की वजह से वह दूसरे वनडे में सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं हो सके। बोर्ड ने बताया कि बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनका ध्यान रख रही है। नीतीश का प्रदर्शन पहले वनडे मुकाबले में गेंद से शानदार रहा था। उन्होंने 2 अहम विकेट अपने नाम किए थे।

दूसरे वनडे मुकाबले के लिए भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। आईपीएल 2026 में दमदार प्रदर्शन के बूते भारतीय टीम में जगह बनाने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव अपना वनडे डेब्यू कर रहे हैं। इसके साथ ही कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल को भी टीम में जगह दी गई है। नीतीश कुमार रेड्डी की जगह पर यशस्वी को मौका दिया गया है, जबकि हर्ष दुबे के स्थान पर कुलदीप को प्लेइंग इलेवन में जगह मिली है। वहीं, प्रिंस यादव प्रसिद्ध कृष्णा के स्थान पर डेब्यू कर रहे हैं। पहले वनडे मुकाबले में भारतीय टीम का प्रदर्शन दमदार रहा था। बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की पूरी टीम 194 रन बनाकर ढेर हो गई थी। इसके बाद भारतीय टीम ने 24.5 ओवर में 195 रनों के लक्ष्य को 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 84 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वहीं, केएल राहुल और ईशान किशन ने भी बल्ले से अहम योगदान दिया था। गेंदबाजी में गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने तीन-तीन विकेट चटकाए थे। -- (आईएएनएस)


अन्य पोस्ट