खेल

खतरनाक गर्मी के साए में खेले जाएंगे फीफा विश्व कप के कई मैच: यूएन
08-Jun-2026 7:33 PM
खतरनाक गर्मी के साए में खेले जाएंगे फीफा विश्व कप के कई मैच: यूएन

11 जून से शुरू होने जा रहे '2026 फीफा वर्ल्ड कप' पर जलवायु परिवर्तन की गंभीर मार पड़ने वाली है. संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने सोमवार को चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इस बार टूर्नामेंट के दौरान अत्यधिक और जानलेवा गर्मी एक बड़ा और निर्णायक फैक्टर साबित होगी. जर्मनी के बॉन शहर में शुरू हुए 10 दिवसीय जलवायु सम्मेलन के दौरान सचिवालय ने साफ किया कि बढ़ते वैश्विक तापमान का सीधा असर खेल के मैदान, स्टैंड्स में बैठे दर्शकों और सभी मेजबान शहरों में साफ तौर पर देखा जाएगा.

रिपोर्ट के मुताबिक, इस वर्ल्ड कप के दौरान लगभग हर चार में से एक मैच (करीब 25 प्रतिशत मुकाबले) बेहद खतरनाक और भीषण गर्मी के बीच खेले जाने की आशंका है. हालांकि, मैदान पर खेलने वाले खिलाड़ियों को खेल के दौरान तुरंत सघन चिकित्सा देखभाल और अन्य जरूरी सुविधाएं मिल जाएंगी, लेकिन स्टेडियम में मैच देखने पहुंचने वाले लाखों प्रशंसकों को इस झुलसा देने वाली गर्मी से खुद ही निपटना होगा, जिसके लिए कोई विशेष इंतजाम नहीं हैं.

यूएन जलवायु एजेंसी ने सबसे ज्यादा चिंता स्टेडियम के बाहरी माहौल को लेकर जताई है, जहां खतरा सबसे अधिक हो सकता है. मैच से पहले और बाद में फैन जोन, टिकटों की लंबी कतारों, ट्रांसपोर्ट रूटों, कार पार्किंग और खुले आसमान के नीचे होने वाले जश्न के दौरान लोग घंटों तक खतरनाक लू और गर्मी की चपेट में रहेंगे. (dw.com/hi)

 

 


अन्य पोस्ट