खेल
नई दिल्ली, 5 जून । भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू हो रहे एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन का चुनाव किया है। उन्होंने अपनी टीम में ऋषभ पंत को जगह दी है। आकाश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में एकमात्र टेस्ट के लिए केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल को सलामी बल्लेबाज के तौर पर चुना है। आकाश ने कहा कि इस कॉम्बिनेशन से छेड़छाड़ करना बिल्कुल भी ठीक नहीं होगा। नंबर तीन की पोजीशन के लिए आकाश ने साई सुदर्शन के ऊपर दांव खेला था। पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि सुदर्शन को अधिक मौके मिलने चाहिए। आकाश के अनुसार, शुभमन गिल का नंबर चार पर ही खेलना चाहिए। उन्होंने खराब फॉर्म से जूझ रहे ऋषभ पंत को भी टीम में जगह दी है। आकाश ने पंत को पांचवें स्थान पर खिलाने की सलाह दी है। पूर्व क्रिकेटर ने ध्रुव जुरेल को भी इस टेस्ट मैच के लिए अंतिम ग्यारह में शामिल किया है। जुरेल की हालिया फॉर्म काफी शानदार रही है।
आईपीएल 2026 में भी उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए दमदार प्रदर्शन किया था। ऑलराउंडर के तौर पर आकाश चोपड़ा ने वॉशिंगटन सुंदर को चुना है। हालांकि, उन्होंने कहा कि जुरेल के स्थान पर नीतीश कुमार रेड्डी को भी आजमाया जा सकता है। आकाश ने प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज को तेज गेंदबाज के तौर पर अपनी टीम में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि अगर परिस्थितियां तेज गेंदबाजों के अनुकूल रहती है, तो गुरनूर बरार को डेब्यू कैप मिलनी चाहिए। हालांकि, अगर पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार रहती है, तो हर्ष दुबे या मानव सुथार में से किसी एक को मौका दिया जा सकता है। आकाश चोपड़ा द्वारा चुनी गई एकमात्र टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बरार/हर्ष दुबे। -(आईएएनएस)


