खेल

जून 2029 तक ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की कोच बनी रहेंगी शेली निट्स्के
25-May-2026 12:33 PM
जून 2029 तक ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की कोच बनी रहेंगी शेली निट्स्के

 मेलबर्न, 25 मई । क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने विमेंस टी20 विश्व कप 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया की हेड कोच शेली निट्स्के के कॉन्ट्रैक्ट को तीन साल के लिए बढ़ा दिया है। शेली अब जून 2029 तक टीम की हेड कोच बनी रहेंगी। ऑस्ट्रेलिया की पूर्व ऑलराउंडर ने 2022 में मैथ्यू मॉट के जाने के बाद से हेड कोच का पद संभाला था। शेली का शुरुआती कॉन्ट्रैक्ट चार साल का था। अपनी कार्यकाल में शेली निट्स्के ने टीम को कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल दिलाया, जबकि साउथ अफ्रीका में एक और विमेंस टी20 वर्ल्ड कप टाइटल जिताने में मदद की। निट्स्के अगले तीन वर्षों में चार बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की जिम्मेदारी संभालेंगी। इसमें 2026 और 2028 के टी20 वर्ल्ड कप, 2027 की पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी, और 2028 में लॉस एंजिल्स ओलंपिक शामिल हैं।

अगले तीन वर्षों में ऑस्ट्रेलियाई टीम 2027 के बीच में एशेज के लिए इंग्लैंड जाएगी, और 2029 की शुरुआत में अपने सबसे कड़े विरोधियों की मेजबानी करेगा, जबकि वे 2027 में साउथ अफ्रीका और भारत के दौरे पर भी जाएगी। 'क्रिकेट.कॉम.एयू' द्वारा कोट किए गए एक बयान में निट्स्के ने कहा, "इस टीम को कोचिंग देना और खिलाड़ियों और स्टाफ के इतने शानदार ग्रुप के साथ काम करना मेरे लिए खुशी की बात है। हमने साथ मिलकर बहुत कुछ हासिल किया है, लेकिन यह ग्रुप आने वाले सालों में क्या हासिल कर सकता है, इसे लेकर भी बहुत मोटिवेशन है। आगे कुछ बड़े इवेंट्स और रोमांचक चैलेंज आने वाले हैं और मैं टीम को अगले फेज में गाइड करने में मदद करने के लिए उत्सुक हूं।" निट्स्के की देखरेख में, ऑस्ट्रेलिया ने पिछले साल जनवरी में मल्टी-फॉर्मेट एशेज सीरीज में इंग्लैंड को 7-0 से हराया था और टीम दोनों व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में नंबर एक की रैंकिंग को कायम रखने में सफल रही थी।सीए के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा, "मुझे खुशी है कि शेली अगले तीन वर्षों तक ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभालेंगी। शेली ने कुछ शानदार उपलब्धियां को देखा है और यह पक्का करने में मदद की है कि कोच के तौर पर उनके पूरे समय में टीम की नंबर एक वर्ल्ड रैंकिंग बनी रहे।" -(आईएएनएस)


अन्य पोस्ट