खेल
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अज़हरुद्दीन और सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की सेहत से जुड़ी ख़बरों पर प्रतिक्रिया दी है.
अज़हरुद्दीन ने एक्स पर लिखा, “इमरान भाई के बारे में खबर सुनकर गहरा दुख हुआ. क्रिकेट ने हमें कई यादगार पल दिए हैं. एक साथी खिलाड़ी के रूप में, जिसने उनके साथ मंच साझा किया है और उनसे बहुत कुछ सीखा है, मैं विनम्र निवेदन करता हूं कि उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए. उनके अच्छे स्वास्थ्य और उनके परिवार को शक्ति मिले, इसके लिए प्रार्थना करता हूं.”
भारतीय क्रिकेट टीम के एक और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी इमरान ख़ान की सेहत को लेकर चिंता ज़ाहिर की है.
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि उनकी (इमरान ख़ान) सेहत ठीक हो जाए और उन्हें सही इलाज मिले, क्योंकि वह क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रधानमंत्री के तौर पर पाकिस्तान को दुनिया के नक़्शे पर लाए हैं."
पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान वहां की अडियाला जेल में बंद हैं. उनके ख़राब स्वास्थ्य की ख़बरें बाहर आ रही हैं. इसके बाद कई देशों के पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने पाकिस्तान की सरकार को पत्र लिखकर मांग की है कि इमरान के साथ अच्छा व्यवहार हो और उनका बेहतर तरीक़े से इलाज कराया जाए.
पत्र लिखने वालों में भारत के दिग्गज क्रिकेटर रहे सुनील गावस्कर और कपिल देव भी शामिल हैं. (bbc.com/hindi)


