खेल

भारत-पाकिस्तान मैच को बड़ा बताना गलत: सौरव गांगुली
16-Feb-2026 1:00 PM
भारत-पाकिस्तान मैच को बड़ा बताना गलत: सौरव गांगुली

कोलकाता, 16 फरवरी । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान मैच को बड़ा बताना गलत है। पाकिस्तान की टीम भारत के सामने बेहद कमजोर है। पिछले कई वर्षों से मैच का परिणाम भारत के पक्ष में रहा है। आईएएनएस से खास बातचीत में सौरव गांगुली ने कहा, "भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच बहुत अंतर है। भारतीय टीम बहुत तगड़ी है।

बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण हर क्षेत्र में टीम इंडिया पाकिस्तान से बहुत मजबूत है। टीम का अनुशासन भी अच्छा है।" उन्होंने कहा, "भारत-पाकिस्तान के बीच मैच अब बड़ा मैच नहीं रहा। इसे बड़ा बताना अब सही नहीं है। जावेद मियांदाद, सईद अनवर, वसीम अकरम और इंजमाम उल हक के जमाने में पाकिस्तान टीम मजबूत थी और उस समय मैच टक्कर वाले होते थे। अब भारत-पाकिस्तान मैच में पहले वाली बात नहीं रही। मेरे हिसाब से मौजूदा समय में भारत-पाकिस्तान नहीं, बल्कि भारत-ऑस्ट्रेलिया, भारत-दक्षिण अफ्रीका और भारत-इंग्लैंड के मैच बड़े मैच हैं।" भारत-पाकिस्तान के टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में एक बार फिर से आमने-सामने होने की संभावना पर गांगुली ने कहा कि क्रिकेट में कुछ भी संभव है, लेकिन पाकिस्तान की मौजदूा स्थिति को देखते हुए उसका फाइनल में पहुंचना मुश्किल है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में गांगुली ने ईशान किशन और शिवम दुबे की बल्लेबाजी की तारीफ की।

गेंदबाजों की तारीफ करते हुए उन्होंने सभी के योगदान की तारीफ की। मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय टीम ने विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के 40 गेंदों पर बनाए गए विस्फोटक 77 रन, सूर्यकुमार यादव के 32, शिवम दुबे के 27, और तिलक वर्मा के 25 रन की मदद से 7 विकेट पर 175 रन बनाए थे। पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 पर सिमट गई। हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने 1-1 विकेट लिए। ईशान किशन प्लेयर ऑफ द मैच रहे। --(आईएएनएस)


अन्य पोस्ट