खेल

मैदान पर फिर गरजेगा रैना और धवन का बल्ला, लीजेंड 90 लीग से करेंगे वापसी
06-Feb-2025 3:18 PM
मैदान पर फिर गरजेगा रैना और धवन का बल्ला, लीजेंड 90 लीग से करेंगे वापसी

रायपुर, 6 फरवरी। लीग के बारे में बोलते हुए लीजेंड 90 लीग के निदेशक शिवेन शर्मा ने बताया कि गुरुवार से रायपुर में शुरू हो रही लीजेंड 90 लीग का मंच पूरी तरह से धमाल मचाने को तैयार है। अंतरराष्ट्रीय सितारों ने सजी इस लीग में सुरेश रैना, शिखर धवन, रॉस टेलर, इमरान ताहिर, शाकिब अल हसन जैसे कई दिग्गज खिलाड़ी 90 गेंदों के इस फटाफट प्रारूप में एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे।

श्री शर्मा ने बताया कि 6 फरवरी से शुरू हो रही लीजेंड 90 लीग के उद्घाटन समारोह के बाद शाम 7 बजे से छत्तीसगढ़ वारियर्स और दिल्ली रॉयल्स के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले में पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और बाएं हाथ के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज सुरेश रैना एक दूसरे को टक्कर देते नजर आएंगे।

श्री शर्मा ने बताया कि उद्घाटन समारोह के चलते पहले दिन एक ही मैच खेला जायेगा, जिसके बाद दूसरे दिन 7 फरवरी से रोजाना 2 मुकाबले खेले जाएंगे। इस दिन पहला मुकाबला दोपहर 3 बजे से राजस्थान किंग्स और दुबई जाइंट्स के बीच तो दूसरा मैच शाम 7 बजे से गुजरात सैंप आर्मी और बिग बॉयस के बीच खेला जायेगा। 

श्री शर्मा ने बताया कि 90 गेंदों के इस ताबड़तोड़ प्रारूप को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि दिल्ली रॉयल्स, राजस्थान किंग्स, छत्तीसगढ़ वारियर्स, दुबई जायंट्स, बिग बॉयज़ और गुजरात सैम्प आर्मी और पंजाबी शेर की आपसी टक्कर दर्शकों के वीकेंड को धमाकेदार बनाने वाली है।

श्री शर्मा ने बताया कि लीजेंड 90 लीग को लेकर खिलाडिय़ों और प्रशंसकों का उत्साह देखने लायक है। हम इस लीग के जरिए क्रिकेट के कुछ ऐसे धुरंधरों को वापस ला रहे हैं, जिनकी पूरी दुनिया में दीवानगी रही है। हमें पूरी उम्मीद है कि अभी तक हमें जिस तरह से लोगों का समर्थन प्राप्त हुआ है, वह आगे भी बना रहेगा और यह लीग क्रिकेट जगत में एक नया अध्याय लिखेगी। बात प्रमुख खिलाडिय़ों की, की जाए तो छत्तीसगढ़ वॉरियर्स के पास मार्टिन गुप्टिल, सुरेश रैना और अंबाती रायडू जैसे ताबड़तोड़ खिलाड़ी हैं।


अन्य पोस्ट