खेल
खेल से युवाओं का सर्वांगीण विकास संभव-मोनू बहादुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 18 जनवरी। संस्कारधानी तीरंदाजी संघ ने स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवा दिवस के उपलक्ष्य में तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में मिनी, सबजूनियर और जूनियर वर्ग के खिलाडिय़ों ने हिस्सा लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह ने खिलाडिय़ों की प्रतिभा की सराहना करते युवा दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद की स्मृति में यह आयोजन तीरंदाजी संघ द्वारा किया गया है, जो युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। यहां जो टैलेंट देखने को मिला है, वह वाकई काबिल ए तारीफ है। कोचों की मेहनत से खिलाड़ी निश्चित रूप से राजनांदगांव का नाम बेहतर स्थान पर ले जाएंगे।
विशिष्ट अतिथि भाजयुमो उत्तर मंडल अध्यक्ष सुमीत भाटिया ने कहा कि असुविधाओं के बावजूद इतना अच्छा प्रदर्शन काबिले तारीफ है। प्रखर श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाडिय़ों के आत्मविश्वास और कौशल को बढ़ाने में सहायक होती है। प्रतियोगिता के विजेता मिनी वर्ग में हरषु नेताम प्रथम और वेदिका नेताम द्वितीय स्थान पर रहे। सब-जूनियर वर्ग में टिकेश्वर ने प्रथम और यशराज ने द्वितीय स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में अलका ने प्रथम और अर्जुन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समारोह में विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गेमु कुंजामख् डा. नीता नायर, अरूण चौधरी, सज्जन सिंह ठाकुर, राहुल साहू, कुशल रजक, अमित यादव, भूपेन्द्र सिन्हा, अंजली यादव और बड़ी संख्या में खिलाड़ी व पालकगण उपस्थित थे।


