खेल

विराट कोहली के टकराने पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी सैम कोंस्टास क्या बोले?
27-Dec-2024 9:45 AM
विराट कोहली के टकराने पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी सैम कोंस्टास क्या बोले?

मेलबर्न टेस्ट के पहले दिन विराट कोहली से हुई टक्कर के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी सैम कोंस्टास ने कहा कि मैदान पर ऐसा होता रहता है.

हालांकि,विराट कोहली के सैम कोंस्टास से टकराने पर आईसीसी ने एक्शन लिया है. आईसीसी ने इसे अपने कोड ऑफ़ कंडक्ट के लेवल 1 का उल्लंघन मानते हुए विराट कोहली पर जुर्माना लगाया है.

कोहली को मैच फ़ीस का 20 फ़ीसदी हिस्सा जुर्माना देना होगा. साथ ही उनके मेरिट अंकों में से एक अंक की भी कटौती की गई है.

बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफ़ी का चौथा टेस्ट गुरुवार से मेलबर्न में शुरू हुआ.

इस दौरान ऑस्ट्रेलिया की ओर से सैम कोंस्टास और उस्मान ख़्वाजा ने ओपनिंग की. कोंस्टास इस मैच से डेब्यू भी कर रहे हैं.

मैच में दसवें ओवर के बाद कोंस्टास अपने साथी खिलाड़ी उस्मान ख़्वाजा की ओर बढ़े.

भारत-ऑस्ट्रेलिया
इस बीच कोहली भी गेंद उठाकर उस दिशा में आगे बढ़े, जिस ओर कोंस्टास आ रहे थे.

तभी कोहली का कंधा कोंस्टास से टकराया. मैदान पर कोंस्टास इससे काफ़ी नाराज़ दिखे और उन्होंने कोहली से कुछ बोला. जवाब में कोहली भी बोले. बाद में अंपायर को खिलाड़ियों के बीच आना पड़ा.

लेकिन जब सैम कोंस्टास से इस पूरे वाकये पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हम दोनों भावनाओं में बह गए थे. मैं अपने दस्तानों को ठीक कर रहा था. मुझे लगता है कि वह (विराट कोहली) मुझसे अनजाने में टकरा गए. खेल में ऐसा होता रहता है." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट