खेल

टोक्यो ओलंपिक में हॉकी टीम के हिस्सा रहे रुपिंदर पाल सिंह ने की रिटायर होने की घोषणा
30-Sep-2021 4:57 PM
टोक्यो ओलंपिक में हॉकी टीम के हिस्सा रहे रुपिंदर पाल सिंह ने की रिटायर होने की घोषणा

 

भारतीय हॉकी के तेज़तर्रार ड्रेग-फ़्लिकर एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम के अहम सदस्य रहे रुपिंदर पाल सिंह ने हॉकी से रिटायर होने की घोषणा की है.

भारत के लिए बीते 13 साल में 223 मैच खेलने वाले रुपिंदर पाल सिंह ने ये एलान ट्वीटर के ज़रिए किया.

रुपिंदर ने अपने ट्वीट में लिखा, “ मैं भारतीय हॉकी टीम से रिटायर होने के फ़ैसले के बारे में बताना चाहता हूं. बीते कुछ महीने, मेरे जीवन के सबसे बेहतरीन पल रहे हैं. टोक्यो में अपनी टीम के खिलाड़ियों के साथ पोडियम पर खड़ा होना एक ऐसा यादग़ार लम्हा है जिसे भुलाया नहीं जा सकता.”

उन्होंने लिखा, "मेरे ख़्याल से अब मुझे किसी युवा खिलाड़ी को भारत के लिए खेलने का अवसर देना चाहिए."

उन्होंने अपने संदेश में एशियाई खेलों को गोल्ड मेडल और टोक्यो ओलंपिक की ऐतिहासिक जीत को अपने करियर की हाइलाइट बताया.

उन्होंने कहा कि उनका सबसे बड़ा सपना ओलंपिक पदक जीतना था. ये सपना पूरा होने पर वे ख़ुश और संतुष्ट हैं.

तीस वर्षीय रुपिंदर को भारत का शुमार देश के सबसे बेहतरीन ड्रेग फ़्लिकर्स में होता है. वे टोक्यो में 41 साल बाद कोई मेडल जीतने वाली भारतीय हॉकी के अहम सदस्य थे. (bbc.com)


अन्य पोस्ट