राजनांदगांव

शादी का झांसा-रेप, बंदी
24-Sep-2026 3:40 PM
शादी का झांसा-रेप, बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 24 सितंबर। शादी का प्रलोभन देकर अलग-अलग स्थानों पर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को डोंगरगढ़ पुलिस ने शिकायत के बाद गिरफ्तार किया।  बताया गया कि फेसबुक के माध्यम से आरोपी एवं पीडि़ता की पहचान हुई और आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखकर अलग-अलग स्थानों पर शारीरिक संबंध बनाया और शादी करने से मना करने पर पीडि़ता ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी रोशन सोमुनिया से वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से बातचीत हुई थी। आरोपी द्वारा फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई, जिसे प्रार्थिया द्वारा स्वीकार कर लिया गया। बातचीत के दौरान आरोपी ने प्रार्थिया से शादी का प्रस्ताव रखा, जिस पर प्रार्थिया ने भी सहमति दी। इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही। आरोपी द्वारा प्रार्थिया को मिलने के लिए डोंगरगढ़ बुलाया गया। 30 नवंबर 2025 को दोनों की मुलाकात हुई तथा रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल लॉज में रुके।

आरोपी द्वारा शादी करने का वादा किए जाने के कारण प्रार्थिया की सहमति से दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। 30 नवंबर एवं 01 दिसंबर को दोनों होटल लॉज में रुके तथा 01 दिसंबर की शाम दूसरे होटल चले गए। दोनों लगभग 3 दिनों तक साथ रहे। डोंगरगढ़ से वापस जाने के बाद भी दोनों के बीच बातचीत होती रही। आरोपी द्वारा प्रार्थिया के परिवार के सदस्यों से भी बातचीत की गई तथा शादी के लिए अपने परिवार को लेकर आने का भरोसा दिलाया गया।

इसके बाद 20 अप्रैल 2026 को आरोपी द्वारा फोन कर शादी करने से इंकार कर दिया गया तथा प्रार्थिया से कहा गया कि वह अपने परिवार की पसंद से शादी कर ले। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 365/2026, धारा 69 बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया।

प्रार्थिया की रिपोर्ट के बाद डोंगरगढ़ थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल के नेतृत्व में प्रकरण के विवेचक उनि गीतांजलि सिन्हा द्वारा आरोपी रोशन सोमुनिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।


अन्य पोस्ट