राजनांदगांव
मंदिर में पूजा-अर्चना कर वार्डवासियों को बांटा डस्टबीन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 सितंबर। शहर के वार्ड क्रमांक 16 तुलसीपुर में बीते दिनों डस्टबिन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर मधुसूदन शामिल हुए। उन्होंने आयोजन में शामिल होने से पूर्व तुलसीपुर स्थित शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया एवं शहरवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की।
इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र वर्मा, पार्षद पार्षद शैंकी बग्गा सहित वार्डवासी मंदिर में उपस्थित रहे। मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात महापौर एवं निगम अध्यक्ष की उपस्थिति में तुलसीपुर वार्ड के रहवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते डस्टबीन का वितरण किया गया। इस आयोजन में भाजपा उत्तर मंडल अध्यक्ष सुमीत भाटिया, महामंत्री चंद्रभान जंघेल, महामंत्री विनोद भारती, एल्डरमैन हर्ष रामटेके, मीडिया प्रभारी कबीर साहू सहित अन्य वार्डवासीगण उपस्थित रहे।
महापौर श्री यादव ने वार्डवासियों से अपील करते कहा कि घरों से निकलने वाले कचरे को डस्टबिन में सुरक्षित रखें और प्रतिदिन सुबह कचरा संग्रहण करने आने वाले सफाईकर्मियों को ही सौंपे। साथ ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में निगम का सहयोग करने एवं अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया।
महापौर ने वार्डवासियों की समस्या निवारण के दौरान कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से ही हमारा राजनांदगांव शहर स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बन सकता है। महापौर ने आव्हान करते कहा कि आइए हम सभी मिलकर स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं और स्वच्छ राजनांदगांव, सुंदर राजनांदगांव के संकल्प को साकार करें।