राजनांदगांव

कैंसर पीडि़त सफाई कर्मी वेतन के लिए आयुक्त से लगाई गुहार
23-Sep-2026 4:19 PM
कैंसर पीडि़त सफाई कर्मी वेतन के लिए आयुक्त से लगाई गुहार

7 माह से 65 से ज्यादा कर्मियों को वेतन के पड़े लाले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 23 सितंबर। राजनांदगांव नगर निगम में कैंसर पीडि़त सफाईकर्मी ने वेतन के लिए नगर निगम आयुक्त से गुहार लगाई है। वेतन की कमी के चलते एक ओर जहां कर्मी को घरेलू जरूरतों के लिए पाई-पाई के लिए मोहताज होना पड़ रहा है। वहीं कैंसर उपचार के लिए भी पैसों की तंगी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 7 माह से सफाईकर्मियों का वेतन अटका पड़ा है। 

मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को नगर निगम आयुक्त के समक्ष कैंसर पीडि़त सफाई कर्मी बंटी नायक ने अपनी हालत को लेकर लंबित तनख्वाह को जारी करने की मांग की। बंटी नायक के मुताबिक वह कैंसर जैसी एक गंभीर बीमारी से जूझ रहा है।

वेतन नहीं मिलने से घर-परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। कैंसर के उपचार के लिए वह आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। आयुक्त को दिए लिखित आवेदन में कैंसर पीडि़त कर्मी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उसके साथ यदि कुछ भी होता है, तो सीधे तौर पर आयुक्त जिम्मेदार होंगे।

इधर नगर निगम में कार्यरत 65 से ज्यादा कर्मचारियों को 7 माह से वेतन नहीं दिया गया है। पारिश्रमिक नहीं मिलने की वजह से सफाईकर्मियों को आर्थिक मुश्किलों से गुजरना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों की ईपीएफ  में भी रकम जमा नहीं हो रही है।

ऐसे में कर्मचारियों को अपने भविष्य की चिंता सता रही है। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों में वेतन लंबित होने को लेकर काफी नाराजगी है। ऐसे में सफाईकर्मी ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है।


अन्य पोस्ट