राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 सितंबर। राजनांदगांव जिला अस्पताल में 27 वर्षीय गर्भवती महिला की प्रसव के दौरान मौत हो गई। घटना 1-2 सितंबर की बताई गई है। महिला के परिजनों ने अस्पताल में उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए खैरागढ़ और राजनांदगांव के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
खैरागढ़ जिले के ग्राम जालबांधा निवासी रामबिलास सिन्हा ने अपनी बहू माधुरी सिन्हा की मौत के मामले में शिकायत की है। शिकायत के अनुसार, माधुरी को प्रसव की तारीख करीब आने के कारण 31 अगस्त को राजनांदगांव जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि भर्ती के समय उसकी स्थिति सामान्य थी।
परिजनों के मुताबिक, सोनोग्राफी के बाद अस्पताल की नर्सों ने बताया कि गर्भ में बच्चा उल्टी स्थिति में है और गर्भ में गंदा पानी जाने की जानकारी मिली है। इसके बाद करीब दोपहर 1 बजे माधुरी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई।
रामबिलास सिन्हा के अनुसार, प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद परिजनों ने अस्पताल में मौजूद नर्सों से डॉक्टर को बुलाने और आवश्यक होने पर ऑपरेशन कराने का अनुरोध किया। उनका आरोप है कि काफी समय तक कोई चिकित्सक मौके पर नहीं पहुंचा। शाम करीब 5 बजे अस्पताल का स्टाफ माधुरी को बेहोशी की हालत में ऑपरेशन थिएटर ले गया। लगभग आधे घंटे बाद स्टाफ ने परिजनों को जच्चा और बच्चा दोनों की मौत होने की जानकारी दी।
पोस्टमार्टम नहीं होने का भी आरोप
परिजनों ने मौत के कारणों की जानकारी के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। उनका आरोप है कि अस्पताल में मौजूद लोगों ने उन्हें पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को लेकर हतोत्साहित किया और रात में ही शव को जालबांधा ले जाने के लिए शव वाहन बुलाया गया। परिजनों के रात में शव ले जाने से इनकार करने के बाद सुबह शव को जालबांधा भेजा गया। पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।
परिजनों ने पूरे मामले की जांच कराने और जांच में उपचार में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जिला पंचायत सदस्य ने भी जांच की मांग की
मामले की जानकारी सामने आने के बाद खैरागढ़ जिला पंचायत सदस्य शताक्षी सिंह ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर घटना की जांच की मांग की है। उन्होंने जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई तथा मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
परिजन बोले- डॉक्टर को बुलाने का अनुरोध किया था
मृतका के परिजन राही सिन्हा ने कहा कि परिवार माधुरी को प्रसव के लिए जिला अस्पताल लेकर गया था। उनके अनुसार, जांच और सोनोग्राफी के बाद स्थिति सामान्य बताई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रसव के दौरान परिवार की ओर से डॉक्टर को बुलाने और जरूरत पडऩे पर ऑपरेशन कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन समय पर चिकित्सकीय सहायता नहीं मिली।
राही सिन्हा के अनुसार, अस्पताल में मौजूद नर्सों से बार-बार डॉक्टर को बुलाने का अनुरोध किया गया। उनका आरोप है कि उन्हें बताया जाता रहा कि डॉक्टर अभी आएंगे। बाद में माधुरी को ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया और कुछ देर बाद जच्चा-बच्चा की मौत की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकीय व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।