राजनांदगांव
7 लाख मुआवजा देने की सहमति बाद अनशन समाप्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 सितंबर। टेडेसरा औद्योगिक इलाके में संचालित एक स्टील प्लांट में रविवार दोपहर को एक श्रमिक की फैक्ट्री में काम करने के दौरान मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि श्रमिक की हार्टअटैक से मौत हुई है। जबकि परिजन प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उचित समय पर चिकित्सकीय व्यवस्था नहीं होने से मौत के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। इस मामले में श्रमिकों ने परिजनों के साथ फैक्ट्री के सामने प्रदर्शन किया। पुलिस की दखल के बाद प्रबंधन ने 7 लाख रुपए मुआवजा देने की सहमति जताई और 50 हजार रुपए दाह संस्कार हेतु नगद राशि प्रदान की।
मिली जानकारी के मुताबिक टेडेसरा स्थित आदर्श इस्पात फैक्ट्री में रविवार को ग्राम बिरेझर निवासी श्रमिक हीरूराम पटेल 65 वर्ष काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि श्रमिक की मौत हार्ट अटैक से हुई। जिस समय घटना घटी उस समय फैक्ट्री प्रबंधन ने कोई सहयोग नहीं किया। जिससे उसकी मौत हो गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में बड़ी संख्या में श्रमिक एकत्रित हो गए और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।
विरोध की जानकारी मिलते ही सोमनी पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर श्रमिकों को शांत कराया गया। प्रबंधन द्वारा 7 लाख रुपए देने का आश्वासन दिए जाने पर प्रदर्शन करने वाले शांत हुए। सूत्रों का कहना है कि रविवार को फैक्ट्री में काम कर रहे हीरूराम पटेल नियमित रूप से लेथ मशीन आपरेटिंग का काम करता था। यह घटना रविवार दोपहर 12 बजे की है। श्रमिक की मौत की सूचना के बाद श्रमिकों ने आक्रोश जताते मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग रखी।