राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 सितंबर। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री-गृहमंत्री विजय शर्मा के खिलाफ कवर्धा के एक युवक द्वारा सोशल मीडिया ग्रुप में अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। युवक भाजपा का ही कार्यकर्ता है।
युवक ने गृहमंत्री शर्मा के शासकीय कार्यालय और अन्य राजनेताओं तथा अफसरों से जुड़े सोशल मीडिया ग्रुप में अपशब्दों का इस्तेमाल किया है। वहीं फेसबुक में भी श्री शर्मा के फोटो को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की है। जैसे ही युवक ने ग्रुप में अश्लील टिप्पणी की, उसको लेकर बवाल खड़ा हो गया। आरोपी युवक कवर्धा के बड़े घोघरे का रहने वाला है। उसका नाम वरूण राजपूत बताया गया है। इस संबंध में राजनांदगांव रेंज आईजी अजय यादव ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के मामले में युवक के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक कवर्धा के बड़े घोघरे का रहने वाला युवक वरूण राजपूत ने गृहमंत्री के वाट्सअप ग्रुप और फेसबुक में अश्लील टिप्पणी पोस्ट की। इस ग्रुप में राजधानी रायपुर के गृहमंत्री के विभागीय अफसरों के अलावा कवर्धा के भाजपा नेता जुड़े हुए हैं। गृहमंत्री के खिलाफ गाली-गलौज जैसे अपशब्दों का इस्तेमाल करने के मामले से हडक़ंप मच गया। बताया जा रहा है कि कवर्धा भाजपा के ग्रुप में टिप्पणी को लेकर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग सीधे युवक के विरूद्ध मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। जबकि कई नेताओं ने पूरे मामले में टिप्पणी करना भी उचित नहीं समझा है।