राजनांदगांव

डोंगरगढ़ के बाद खैरागढ़ में दर्जनभर भाजपा कार्यकर्ताओं ने छोड़ी पार्टी
18-Sep-2026 7:00 PM
डोंगरगढ़ के बाद खैरागढ़ में दर्जनभर भाजपा कार्यकर्ताओं ने छोड़ी पार्टी

खैरागढ़ के पांडादाह मंडल अध्यक्ष पर मनमानी का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 18 सितंबर। डोंगरगढ़ के बाद खैरागढ़ के पांडादाह मंडल के पदाधिकारियों ने भाजपा से इस्तीफा दिया है। राजधानी रायपुर में प्रदेश भाजपा महामंत्री नवीन मारकंडे को लिखित में सौंपे त्यागपत्र में कार्यकर्ताओं ने खैरागढ़ जिले के कई आला नेताओं और पांडादाह मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा के खिलाफ  मनमानी करने का आरोप लगाया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ऐसे दिन त्यागपत्र देने का फैसला किया, जब समूचे इलाके में प्रधानमंत्री के जन्मदिन मनाया जा रहा था। 

मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ जिले के पांडादाह मंडल के दर्जनभर कार्यकर्ताओं ने जिले के कई नेताओं और मंडल अध्यक्ष पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने व पूछपरख नहीं होने का आरोप लगाकर पार्टी से इस्तीफा दिया।

बताया जा रहा है कि मंडल कार्यकारिणी सदस्य गणेश पटेल (पूर्व सरपंच लछना पंचायत), संयोजक प्रमोद जंघेल, लछना बूथ अध्यक्ष ओमकार सिंह आतराम, गाड़ाघाट बूथ अध्यक्ष घनश्याम बघेल, गातापार बूथ अध्यक्ष तरेन्द्र, सूर्यकुमार झा, नरोत्तम गोंड तथा नवागांव बूथ अध्यक्ष गुप्तेश्वर यादव, सुखराम, भागवत और टेमरी बूथ अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने पार्टी से इस्तीफा दिया है।

बताया जा रहा है कि नाराज कार्यकर्ताओं ने खुलेतौर पर मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा पर अपमानित करने का आरोप लगाया है। मंडल में संचालित पार्टी गतिविधियों से कार्यकर्ताओं को जोडऩे के बजाय दूर रखने का प्रयास किया जाता रहा है। कई दफे पार्टी के प्रमुख नेताओं को मंडल अध्यक्ष की हरकत की जानकारी दी गई, लेकिन स्थिति और भी खराब होती चली गई। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को उपेक्षा का अहसास हुआ और उन्होंने सीधे प्रदेश महामंत्री को इस्तीफा सौंपकर भाजपा से अलग होने का निर्णय लिया।

इस संंबंध में इस्तीफा देने वाले प्रमुख कार्यकर्ता  गणेशराम पटेल ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि पिछले कई महीनों से जमीनी कार्यकर्ताओं को दरकिनार करने का प्रयास हो रहा था। पार्टी में अपमान सहकर कार्यकर्ता लंबे समय से कार्य कर रहे थे। सही वक्त पर कभी भी कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं मिला, इसलिए इस्तीफा देने का निर्णय लिया गया।

इस बीच खैरागढ़ में इस्तीफे की खबर से राजनीतिक तौर पर पार्टी को झटका लगा है। बताया जा रहा है कि जिन कार्यकर्ताओं ने पार्टी से अलग होने का निर्णय लिया, वह सालों से पार्टी का झंडा उठा रहे थे। गातापार क्षेत्र में उक्त इस्तीफा देने वाले नेताओं ने भाजपा को घर-घर पहचान दिलाई। जबकि सत्तारूढ़ होने के बाद पार्टी ने उक्त कार्यकर्ताओं से ही दूरी बना ली।

 नाराज कार्यकर्ताओं से विक्रांत करेंगे चर्चा

खैरागढ़ जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने वनांचल के पार्टी कार्यकर्ताओं के इस्तीफे की खबर मीडिया से मिलने की बात कहते कहा कि नाराज कार्यकर्ताओं से वह स्वयं चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं की समस्या को वह सुनेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मसले का हल निकाल लिया जाएगा। विक्रांत के मुताबिक इस्तीफा देने का निर्णय उचित नहीं है, आपसी चर्चा में नाराजगी को सुलझाने की कोशिश की जाएगी।


अन्य पोस्ट