राजनांदगांव
समय-सीमा में पूर्ण करने निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 सितंबर। महापौर मधुसूदन यादव ने सोमवार सुबह वार्ड नंबर 30 के कंचनबाग में चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लेकर गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश उप अभियंता तिलक राज को दिए।
वार्ड मेें निर्माण कार्य निरीक्षण के दौरान महापौर ने कंचनबाग रोड का सीमेंटीकरण कार्य का जायजा लेकर कार्य में गति लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हेवी गाड़ी चलने को ध्यान में रखकर रोड का निर्माण किया जाए, पानी तराई के लिए रेत का रोका लगावे तथा बोरा बिछावे। जिससे सीमेंट रोड मजबूती से बने। उन्होंने वार्डवासियों की मांग पर रोड को चौड़ा करने कहा।
इसी प्रकार अधोसंरचना एवं पर्यावरण उपकर निधि अंतर्गत 15 लाख की लागत से निर्माणाधीन अन्नपूर्णा सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर समय-सीमा में पूर्ण करने मेन पावर बढ़ाकर कार्य में और तेजी लाने कहा। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण अंतिम चरण में है, निकट भविष्य में इसका लोकार्पण करना है, ताकि इसका लाभ वार्डवासियों को मिल सके। इसे ध्यान में रखकर प्रतिदिन मानिटरिंग कर कार्य कराएं। निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद वि_ल पटेल, हरीश गांधी, अरूण शुक्ला सहित वार्डवासी उपस्थित थे ।