राजनांदगांव

पोला पर्व पर घरों में बिखरी खुशियां
10-Sep-2026 3:26 PM
पोला पर्व पर घरों में बिखरी खुशियां

 जिलेभर में हर्षोल्लास से मना पर्व

छत्तीसगढ़ संवाददाता

राजनांदगांव, 10 सितंबर। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पर्व पोला को जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर घरों में मिट्टी से बने बैल व अन्य खिलौनों की पूजा-अर्चना की गई। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों में बैल दौड़ सहित अन्य कार्यक्रम दोपहर बाद आयोजित होगा।

पोला पर्व को लेकर जिलेभर में हर्षोल्लास का माहौल रहा। घरों में मिट्टी के बने बैल एवं अन्य खिलौनों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मंगल कामना की गई। इसके बाद बच्चों ने खिलौनों को खेलकर आनंद उठाया। वहीं पर्व के मौके पर बने पारंपरिक पकवान का भी लोगों ने लुत्फ उठाया। इधर पर्व के उपलक्ष्य में शहर के गंज लाइन एवं चिखली व लखोली में बैल दौड़ का आयोजन भी दोपहर बाद किया जाएगा। शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से लोग अपने-अपने बैलों को लेकर स्पर्धा में शामिल होने पहुंचेंगे। 

पोला पर्व को लेकर बुधवार को मिट्टी से बने बैल, जाता-पोला की खरीदी करने लोगों की भीड़ उमड़ी रही। वहीं आज पोला पर्व पर भी सुबह से बाजार क्षेत्र में पूजन सामग्रियों की खरीदी के लिए लोगों की चहल-पहल भी नजर आई। आज पोला पर्व के अवसर पर  मिट्टी से निर्मित बैलों की साज-सजावट कर घर-घर  पूजा की गई। पोला पर्व को लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल रहा। पर्व के अवसर पर घर-घर स्वादिष्ट पकवान भी बनाए गए। जिसका लोगों ने स्वाद भी लिया। शहर सहित ग्रामीण इलाकों में पर्व के दौरान बैल दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें किसान अपने बैलों के साथ हिस्सा लेंगे।

 बाजार में बढ़ी हलचल

पोला पर्व के साथ ही त्यौहारों की सिलसिलेवार श्रृंखला शुरू हो जाएगी। त्यौहारों की श्रृंखला के चलते बाजार में हलचल बढ़ गई है। सितंबर के दूसरे पखवाड़े में गणेश चतुर्थी से पूर्व परंपरागत पोला और तीज पर्व मनाए जाएंगे।  पोला पर्व की अपनी एक खासियत है। ठेठरी-खुरमी के स्वादिष्ट व्यंजनों वाले इस त्यौहार का लोगों को इंतजार रहता है। बैल-नंदी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कई कार्यक्रमों के जरिये लोग रोमांचित होते हैं। जिसमें बैल दौड़ के अलावा अन्य आयोजन शामिल है। इस बीच बाजार में पोला पर्व के लिए मिट्टी से बने बैल, जाता-पोला व अन्य खिलौनों की खरीदी सुबह से ही शुरू हो गई है। पर्व को लेकर बाजार में भी चहल-पहल में तेजी आ गई है।  भाद्र माह के अमावस्या को मनाए जाने वाला यह पर्व कई स्थानों पर पारंपरिक खेल और सांस्कृतिक आयोजन भी किए जा रहे हैं। विशेषकर बैल दौड़ का भी आयोजन किया जाता है। जिसमें किसान अपने बैलों को सजाकर स्पर्धा में हिस्सा लेते हैं। शहर के चिखली और गंज चौक में भव्य रूप से बैल दौड़ का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर मेला सा माहौल भी निर्मित रहता है। घरों में पारंपरिक पकवान इत्यादि भी बनाकर पर्व का आनंद उठाया जाएगा।


अन्य पोस्ट