राजनांदगांव

ममता नगर क्षेत्र में गंदा पेयजल की समस्या दूर करने की मांग
07-Sep-2026 7:57 PM
ममता नगर क्षेत्र में गंदा पेयजल की समस्या दूर करने की मांग

राजनांदगांव, 7 सितंबर। ममता नगर क्षेत्र में कम फोर्स एवं गंदे पानी की समस्या दूर करने तथा सप्लाई की समयावधि बढ़ाने तथा तकनीकी जांच की मांग को लेकर वार्ड पार्षद ने सोमवार को नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा।

वार्ड नं. 18 की पार्षद संगीता देवांगन ने सोमवार को नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते कहा कि ममता नगर गली नं. 6, एकता चौक क्षेत्र में नगर निगम द्वारा की जा रही पेयजल आपूर्ति में काफी समय से कम फोर्स/प्रेशर की समस्या बनी हुई है। कम दबाव के कारण कई घरों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। साथ ही कई बार नलों से गंदा एवं दूषित पानी आने की शिकायत भी क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही है। इस समस्या के कारण नागरिकों को पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर गंदे पानी की आपूर्ति में लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका बनी हुई है।

पार्षद श्रीमती देवांगन ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल आपूति का फोर्स/प्रेशर बढ़ाया जाए। साथ ही पानी सप्लाई की समयावधि बढ़ाई जाए, ताकि सभी घरों तक पर्याप्त पानी पहुंच सके। गंदे पानी आने के कारणों तथा पानी की गुणवत्ता की जांच की जाए। इसके अलावा पाईप लाइन, वाल्ब, लीकेज एवं कनेक्शन की तकनीकी जांच की भी मांग रखी। ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, अर्चना देवांगन, महेश्वरी साहू, हेमलता देवांगन, देवेन्द्र कुमार समेत अन्य लोग शामिल थे।


अन्य पोस्ट