राजनांदगांव
140 ट्रैवल ऑपरेटर्स तक पहुंची पर्यटन की नई पहचान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 सितंबर। छत्तीसगढ़ के जंगल, जलप्रपात, जनजातीय संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य अब दक्षिण भारत के विशाल पर्यटन बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाने की तैयारी में है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नीलू शर्मा की मौजूदगी में चेन्नई के प्रतिष्ठित होटल हिल्टन गिंडी में आयोजित छत्तीसगढ़ टूरिज्म रोड शो ने दक्षिण भारत के पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
रोड-शो में चेन्नई के 140 से अधिक प्रमुख ट्रैवल एजेंट और टूर ऑपरेटर्स शामिल हुए। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, प्राकृतिक धरोहर, जनजातीय संस्कृति और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं को तमिल एवं अंग्रेजी भाषा में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। आयोजन के माध्यम से पर्यटन व्यवसायियों के साथ सीधे संवाद और भविष्य की साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ केवल पर्यटन का नया विकल्प नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और रोमांच का ऐसा अनुभव है। जिसकी पहचान अब देश के हर बड़े पर्यटन बाजार तक पहुंचाई जा रही है। उनका कहना है कि पर्यटन मंडल का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करना है।
इस अवसर पर पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस भारतीदासन, प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, भारत सरकार पर्यटन मंत्रालय की सहायक निदेशक एस.पद्मावती, तमिलनाडु पर्यटन निदेशक डॉ. वीपी जयसीलन सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं फिक्की के प्रतिनिधि मौजूद रहे। चेन्नई के इस रोड-शो को छत्तीसगढ़ पर्यटन के लिए दक्षिण भारत में नए पर्यटकों, नई साझेदारियों और नए अवसरों का दरवाजा खोलने वाली बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है।